Last Updated:
The Kerala Story 2 Trailer Out: विपुल अमृतलाल शाह और उनके बैनर ‘सनशाइन पिक्चर्स’ के सपोर्ट से बनी ‘द केरल स्टोरी 2- गोज बियॉन्ड’ का दमदार ट्रेलर आखिरकार सामने आ गया है. 2022 की फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ का यह अगला पार्ट एक ऐसी कहानी का वादा करता है जो पहले से कहीं ज्यादा डार्क और बड़ी है, जो कई राज्यों और निजी त्रासदियों को समेटे हुए है.

3 मिनट 7 सेकेंड वाला ये ट्रेलर धर्म परिवर्तन के आरोपों की कहानी को बयां कर रहा है.
नई दिल्ली. ‘द केरल स्टोरी 2- गोज बियॉन्ड’ का मोस्टअवेटेड ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है, जिसने आते ही बहस छेड़ दी है. विपुल अमृतलाल शाह के प्रोडक्शन में बनी यह फिल्म 2022 की चर्चित फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ का सीक्वल है और इस बार कहानी को और व्यापक व अधिक गंभीर आयामों में पेश किया गया है. ट्रेलर में राजस्थान, मध्य प्रदेश और केरल जैसे राज्यों की पृष्ठभूमि में धर्म परिवर्तन और रिश्तों के नाम पर कथित साजिश की परतें दिखाई गई हैं.
निर्देशक कामाख्या नारायण सिं ने इसे तीन युवतियों की दर्दनाक यात्रा के जरिए प्रस्तुत किया है, जहां प्यार, आस्था और पहचान के बीच टकराव नजर आता है. फिल्म 27 फरवरी को रिलीज होने वाली है.
कैसा है ट्रेलर
ट्रेलर की शुरुआत एक रोंगटे खड़े कर देने वाली चेतावनी से होती है, जिसमें कहा गया है ‘अगले 25 सालों में भारत एक इस्लामिक स्टेट में बदल सकता है.’ इसके तुरंत बाद कहानी राजस्थान की तरफ मुड़ती है, जहां एक परेशान हिंदू परिवार पुलिस स्टेशन में पोक्सो (POCSO) शिकायत दर्ज कराने पहुंचता है. उनका आरोप है कि उनकी 16 साल की बेटी का जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया है. उन माता-पिता का दर्द और बेबसी आगे आने वाली कहानी का माहौल सेट कर देती है. वहां से कहानी मध्य प्रदेश पहुंचती है, जहां कथित तौर पर एक हिंदू युवती को धोखे से शादी के जाल में फंसाया जाता है और फिर उसे धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया जाता है. उसकी खामोश तकलीफ और अकेलापन, धोखे और टूटे हुए भरोसे की एक डरावनी तस्वीर पेश करते हैं. फिल्म की कहानी का तीसरा हिस्सा हमें वापस केरल ले जाता है. यहां एक मुस्लिम लड़का अपनी हिंदू गर्लफ्रेंड के सामने लिव-इन रिलेशनशिप का प्रस्ताव रखता है. जब वह लड़की साफ तौर पर कह देती है कि वह अपना धर्म नहीं बदलेगी, तो हालात बिगड़ने लगते हैं. ट्रेलर में तीखी बहस और टकराव के सीन दिखाए गए हैं, जहां उस पर अपने विश्वास को छोड़ने का दबाव बनाया जाता है, जो पहचान, आस्था और निजी आजादी के बीच की जंग को दर्शाता है.
तीन हिंदू लड़कियों की झकझोर देने वाली कहानी
कामाख्या नारायण सिंह के डायरेक्शन में बनी यह फिल्म तीन हिंदू लड़कियों उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया और ऐश्वर्या ओझा की झकझोर देने वाली कहानी को सामने लाती है. उनकी जिंदगी तब एक खौफनाक मोड़ लेती है जब उन्हें तीन मुस्लिम लड़कों से प्यार हो जाता है और धीरे-धीरे उन रिश्तों के पीछे छिपा धर्म परिवर्तन का एक सोचा-समझा एजेंडा सामने आता है.
27 फरवरी को रिलीज होगी फिल्म
‘द केरल स्टोरी’ के जबरदस्त इम्पैक्ट के बाद, जिसने अपनी बोल्ड कहानी से पूरे देश को हिला दिया था, चुप्पी और इनकार की सीमाओं को तोड़ते हुए यह सीक्वल और भी आगे जाने का वादा करता है. कामाख्या नारायण सिंह द्वारा निर्देशित ‘द केरल स्टोरी 2 – गोज बियॉन्ड’ के प्रोड्यूसर विपुल अमृतलाल शाह हैं और को-प्रोड्यूसर आशिन ए. शाह हैं. यह फिल्म 27 फरवरी, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.
About the Author
शिखा पाण्डेय News18 Digital के साथ दिसंबर 2019 से जुड़ी हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. News18 Digital से पहले वह Zee News Digital, Samachar Plus, Virat Vaibhav जैसे प्रतिष्ठ…और पढ़ें
Noida,Gautam Buddha Nagar,Uttar Pradesh
February 17, 2026, 13:41 IST





