Last Updated:
सोमालिया के अदन अद्दे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़े एक विमान का बीच हवा में इंजन जवाब दे गया. पायलट इमरजेंसी लैंडिंग करने चला तो सबकुछ कंट्रोल के बाहर हो गया. प्लेन में 50 से ज्यादा यात्रियों की जान खतरे में देखकर पायलट ने बड़ा फैसला लिया और विमान हिंद महासागर की तरफ मोड़ दिया, जिसकी वजह से ऐसा चमत्कार हुआ जिस पर कोई यकीन नहीं कर पा रहा है.

सोमालिया में प्लेन क्रैश (फोटो क्रेडिट- @westtoeastt/X)
मोगादिशू : सोमालिया की राजधानी मोगादिशु के अदन अद्दे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से खौफनाक घटना सामने आई है. जहां 50 यात्रियों से भरा एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. स्टार स्काई एयरलाइंस का एक विमान ने जैसे ही एयरपोर्ट से उड़ान भरी उसमें अचानक तकनीकी खराबी आ गई. इंजन और पंखे दोनों ने साथ छोड़ दिया और विमान सीधा नीचे गिरा. ये विमान हिंद महासागर में क्रैश हुआ. इस हादसे में पायलट ने ऐसी हीरोगीरी दिखाते हुए बड़ा रिस्क लिया. उसकी सूझबूझ की वजह से ऐसा चमत्कार हुआ, जिस पर लोग यकीन ही नहीं कर पा रहे हैं. समुंदर में फ्लाइट क्रैश होने के बाद भी किसी की जान नहीं गई.
हवा में जवाब दे गया इंजन
ये हादसा मंगलवार की दोपहर हुआ है, जब स्टार स्काई एयरलाइंस के एक विमान ने अदन अद्दे एयरपोर्ट से गुरिएल क्षेत्र के लिए उड़ान भरी थी. अभी विमान पूरी तरह से ऊंचाई पर पहुंचा भी नहीं था कि इंजन ने जवाब दे दिया. पायलट ने महसूस किया कि विमान का नियंत्रण खो रहा है. उस समय विमान में 50 लोग सवार थे. पायलट ने तुरंत एयरपोर्ट पर लौटने का फैसला किया, लेकिन रनवे तक पहुंचने से पहले ही विमान डगमगा गया.
जब पायलट को लगा कि रनवे तक पहुंचना नामुमकिन है, तो उसने विमान को हवाई अड्डे से सटे हिंद महासागर के तट की ओर मोड़ दिया. लैंडिंग इतनी भीषण थी कि विमान के पंख टूटकर अलग हो गए. विमान रनवे से पूरी तरह भटककर तट पर जा गिरा.
क्रैश हुआ प्लेन फिर चमत्कार
हिंद महासागर की लहरों के पास हुए इस भयानक क्रैश ने एक पल के लिए सबकी सांसें रोक दी थीं, क्योंकि विमान के पंख बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और इंजन ने साथ छोड़ दिया. हालांकि, कुदरत का करिश्मा और पायलट की जांबाजी ही थी कि इस बड़े हादसे में किसी की जान नहीं गई.
हादसे की खबर मिलते ही एयरपोर्ट अथॉरिटी और इमरजेंसी रिस्पांस टीमें मौके पर दौड़ पड़ीं. सोमाली नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के निदेशक अहमद मुअल्लिम हसन ने पुष्टि की कि विमान में सवार सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है. किसी के भी हताहत होने की खबर नहीं है, जो अपने आप में एक चमत्कार से कम नहीं है.
About the Author

उत्कर्षा श्रीवास्तव: डिजिटल जर्नलिस्ट हैं और जियो-पॉलिटिक्स टॉपिक्स पर लिखती हैं, वो वर्तमान में News18 Hindi के World सेक्शन में कार्यरत हैं.
10+ वर्षों का अनुभव: उत्कर्षा श्रीवास्तव को डिजिटल मीडिया में दस…और पढ़ें
February 10, 2026, 19:15 IST





