दरअसल, अब तक इस बैठक के लिए जगह को फाइनल नहीं किया गया है. हालांकि, वाइट हाउस की नजर बुडापेस्ट है. बुडापेस्ट हंगरी की राजधानी है. ट्रंप प्रशासन के एक अधिकारी की मानें तो वाइट हाउस हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में अमेरिका, रूस और यूक्रेन के राष्ट्रपतियों के बीच एक संभावित त्रिपक्षीय बैठक की योजना बना रहा है. अमेरिकी सीक्रेट सर्विस प्रधानमंत्री विक्टर ओरबान के नेतृत्व में मध्य यूरोपीय देश में शिखर सम्मेलन की तैयारी कर रही है, जो अमेरिकी राष्ट्रपति के पहले कार्यकाल से ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी रहे हैं.
वाइट हाउस के सामने जब बुडापेस्ट को लेकर सवाल आया तो वाइट हाउस न तो हामी भर सका और न इनकार. व्हाइट हाउस मीडिया ब्रीफिंग के दौरान मंगलवार को बुमडापेस्ट के बारे में पूछे जाने पर व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि मैं न तो स्थानों की पुष्टि या खंडन नहीं करूंगी. बहरहाल, सीक्रेट सर्विस विकल्प के तौर पर कई अन्य जगहों को भी देख रहा है. मगर प्रायोरिटी में वाइट हाउस के लिए पहली पसंद बुडापेस्ट ही माना जा रहा है. सूत्रों का कहना है कि स्विट्जरलैंड का जेनेवा और वेटिकन सिटी भी संभावित स्थानों में शामिल हैं. स्विट्जरलैंड ने पुतिन को वारंट से छूट देने का वादा किया है, जबकि फ्रांसीसी राष्ट्रपति भी जेनेवा के पक्ष में हैं. हालांकि, पुतिन ने ट्रंप से मॉस्को का सुझाव दिया था.
बैठक के लिए रेस में सबसे पहला नाम बुडापेस्ट का ही है. बुडापेस्ट, जेनेवा और वेटिकन सिटी इसलिए विकल्पों में हैं, क्योंकि ये तटस्थ और कूटनीतिक रूप से अहम हैं. बुडापेस्ट का चयन इसलिए चर्चा में है क्योंकि हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ऑर्बन ने रूस और यूक्रेन के बीच मध्यस्थता की भूमिका निभाने की इच्छा जताई है. हंगरी का रूस के साथ तटस्थ रुख इसे एक संभावित मेजबान बनाता है. हालांकि, यूक्रेन बुडापेस्ट के लिए मान जाएगा, ऐसा कहना मुश्किल है. हंगरी यूक्रेन के लिए एक असहज विकल्प होगा क्योंकि यह 1994 के बुडापेस्ट ज्ञापन की याद दिलाता है. इसके दौरान अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम और रूस ने यूक्रेन के परमाणु हथियार त्यागने के बदले उसकी स्वतंत्रता, संप्रभुता और उसकी सीमाओं के प्रति सम्मान बनाए रखने का वादा किया था.पुतिन द्वारा 2014 में यूक्रेन पर किए गए हमले ने इस समझौते को निरर्थक साबित कर दिया, जब किसी भी हस्ताक्षरकर्ता ने हमलों का मुकाबला करने के लिए सैन्य बल उपलब्ध नहीं कराया.
बहरहाल, ट्रंप, पुतिन और जेलेंस्की के बीच बैठक कहां और कब होगी, इसकी अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. शांति वार्ता पर होने वाला यह शिखर सम्मेलन अपने आप में अनिश्चित है. जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ ने सोमवार को व्हाइट हाउस में यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की के साथ यूरोपीय नेताओं की बैठक के बाद कहा कि पुतिन और ज़ेलेंस्की के बीच अगली बातचीत कुछ हफ़्तों में हो सकती है. इसके बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया पर घोषणा की कि वह दोनों नेताओं के साथ त्रिपक्षीय बैठक में शामिल होंगे. यह पिछले हफ़्ते अलास्का में ट्रंप के पुतिन के मिलने के बाद गति पकड़ने वाली शांति वार्ता के अंतिम चरण के रूप में होगी.
वाइट हाउस के मुताबिक, पुतिन अब जेलेंस्की से मिलने को तैयार हो चुके हैं. जेलेंस्की ने भी हठ छोड़ दी है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुतिन और जेलेंक्सी के साथ बैठक करने को हामी भर दी है. बताया जा रहा है कि पहले पुतिन और ज़ेलेंस्की के साथ द्विपक्षीय बैठक होगी. इसके बाद ट्रंप के साथ एक त्रिपक्षीय बैठक हो सकती है. बहरहाल, यह देखने वाली बात होगी कि आखिर तीन देशों के राष्ट्राध्यक्ष कब और कहां एक साथ मिलते हैं. और जब मुलाकात होगी तो क्या सच में रूस-यूक्रेन युद्ध का अंत हो जाएगा?
बुडापेस्ट हंगरी की राजधानी है. यह अपनी शानदार वास्तुकला मसलन संसद भवन और बुडा कैसल के लिए फेमस है. यहां एक फेमस नदी है. नाम है डेन्यूब नदी. डेन्यूब नदी ही इसे दो भागों यानी बुडा और पेस्ट में बाँटती है. यह इसे ‘डेन्यूब की रानी’ बनाती है. यहां के थर्मल स्नान और और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत टूरिस्टों को आकर्षित करते हैं. कला, संगीत और गैस्ट्रोनॉमी का केंद्र होने के साथ-साथ इसका तटस्थ कूटनीतिक इतिहास इसे अंतरराष्ट्रीय वार्ताओं के लिए आदर्श बनाता है.





