Agency:एजेंसियां
Last Updated:
Oldest Human Skelton: जॉर्जिया के ओरोजमानी से 18 लाख साल पुराना इंसानी जबड़ा मिला है. वैज्ञानिक मानते हैं कि यह अफ्रीका के बाहर इंसानों के सबसे पुराने सबूत हैं.
18 लाख साल पुराना इंसानी जबड़ा मिलाजॉर्जिया के ओरोजमानी इलाके में आर्कियोलॉजिस्ट ने एक बड़ी खोज की है. यहां खुदाई के दौरान उन्हें इंसानों का 18 लाख साल पुराना जबड़ा मिला है. माना जा रहा है कि यह शुरुआती इंसानी प्रजाति होमो इरेक्टस का हिस्सा है. वैज्ञानिकों का कहना है कि यह खोज अफ्रीका के बाहर इंसानों के शुरुआती जीवन को समझने की दिशा में बेहद अहम है.
ओरोजमानी का यह खुदाई स्थल साइज में बहुत छोटा है– यानी दो कार पार्क करने जितनी जगह. लेकिन इतिहास को जानने के लिहाज से इसकी अहमियत बहुत बड़ी है. यहां से अब तक अफ्रीका के बाहर इंसानों के सबसे पुराने अवशेष मिले हैं. शोधकर्ताओं का कहना है कि यह जगह बताएगी कि कैसे इंसान पहली बार यूरोप और एशिया में जाकर बसे थे.
वैज्ञानिकों की राय
इलिया स्टेट यूनिवर्सिटी, त्बिलिसी में स्टोन एज पुरातत्व के प्रोफेसर जियोर्गी बिड्ज़िनाशविली कहते हैं– ‘ओरोजमानी से मिले शुरुआती इंसानी और जानवरों के जीवाश्म हमें यह समझने में मदद करेंगे कि यूरेशिया में इंसानों के पहले उपनिवेश किस तरह बने और उनकी जीवनशैली कैसी थी. हमें लगता है कि यह जगह इंसानियत के बारे में बड़ी जानकारी दे सकती है.”
इस जगह के आसपास पहले भी इंसानी अवशेष मिले हैं. 2022 में यहां से शुरुआती इंसान का एक दांत मिला था. पास ही के डमनीसी गांव से पहले ही 18 लाख साल पुरानी इंसानी खोपड़ियां मिल चुकी हैं. यानी यह इलाका इंसानी इतिहास को समझने की एक बड़ी खिड़की है.
सिर्फ इंसान नहीं, जानवर भी
इस बार जबड़े की हड्डी के साथ-साथ पुरातत्वविदों को कई जानवरों के जीवाश्म भी मिले हैं. इनमें सैबर-टूथ टाइगर, हाथी, भेड़िया, हिरण और जिराफ़ शामिल हैं. इसके अलावा पत्थर से बने औज़ार भी यहां से मिले हैं. इन खोजों से यह समझने में मदद मिल सकती है कि शुरुआती इंसान क्या खाते थे, कैसे शिकार करते थे और उस समय का मौसम कैसा था.
ओरोजमानी की खुदाई में हर साल कुछ नया निकलता है. यहां शामिल एक अमेरिकी शोधार्थी माइल्स अलेक्ज़ांद्रे बताते हैं– ‘मैंने खुदाई के दूसरे दिन ही एक छोटी-सी टखने की हड्डी खोज ली थी. यहां ज़मीन में पांच सेंटीमीटर नीचे खोदो तो भी कुछ न कुछ मिलने का अच्छा मौका रहता है.‘
इंसानी इतिहास की बड़ी चाबी
इस पूरी खोज से यह उम्मीद जगी है कि अफ्रीका छोड़कर बाहर निकले इंसानों की कहानी और साफ हो पाएगी. वे कैसे रहते थे, किस माहौल में जीते थे और कैसे नई जगहों पर बसते गए– इस सबका जवाब ओरोज़मानी जैसी जगहें धीरे-धीरे दे रही हैं.
New Delhi,Delhi
August 27, 2025, 21:01 IST





