ओंटारियो: कनाडा के नियाग्रा फॉल्स में स्थित मरीनेलैंड (Marineland) ने एक खौफनाक चेतावनी दी है. अगर सरकार ने तुरंत आर्थिक मदद नहीं दी, तो वे अपनी 30 बेलुगा व्हेल्स को मार देंगे. ये धमकी ऐसे वक्त आई है जब कनाडा की फिशरीज़ मिनिस्टर ने इन व्हेल्स को चीन भेजने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था. मरीनेलैंड, जो कभी परिवारों और टूरिस्ट्स से भरा रहता था, अब कर्ज में डूबा है और बंद होने के कगार पर है. वहां की 19 बेलुगा व्हेल्स और एक ऑर्का पहले ही मर चुकी हैं. अब बाकी व्हेल्स का भविष्य इस बात पर निर्भर है कि सरकार कदम उठाती है या नहीं. एनिमल एक्टिविस्ट्स इसे ‘नैतिक ब्लैकमेल’ बता रहे हैं और सरकार से मांग कर रहे हैं कि इन व्हेल्स को किसी समुद्री अभयारण्य में ट्रांसफर किया जाए.
मरीनेलैंड कनाडा का एक विशाल अम्यूज़मेंट पार्क है, जो लगभग 1,000 एकड़ में फैला है. लेकिन पिछले कुछ सालों में उस पर जानवरों के साथ क्रूरता के कई आरोप लगे. अब जब पार्क दिवालिया होने की कगार पर है, तो उसने सरकार को चेतावनी दी है कि अगर 7 अक्टूबर तक मदद नहीं मिली, तो वह अपनी बेलुगा व्हेल्स को यूथनाइज (मार देगा).
अपने 3 अक्टूबर के लेटर में मरीनेलैंड ने लिखा, ‘हम गंभीर वित्तीय संकट में हैं. हमारे पास व्हेल्स की देखभाल के लिए संसाधन नहीं बचे. अगर सरकार ने फंडिंग या चीन भेजने की अनुमति नहीं दी, तो हमें मजबूरन व्हेल्स को मारना पड़ेगा.’
कनाडाई मंत्री ने कहा, ‘मैं क्रूरता को मंजूरी नहीं दे सकती’
दरअसल, मरीनेलैंड ने पहले इन व्हेल्स को चीन के Chimelong Ocean Kingdom भेजने की कोशिश की थी, ताकि उन्हें बेचकर पैसे मिल सकें. लेकिन फिशरीज़ मिनिस्टर जोआन थॉम्पसन ने परमिट देने से साफ इनकार कर दिया. उन्होंने कहा, ‘मैं ऐसे एक्सपोर्ट को मंजूरी नहीं दे सकती जो इन बेलुगाज की कैद को जारी रखे.’ थॉम्पसन ने साफ किया कि सरकार किसी भी कीमत पर ‘मनोरंजन के लिए पशुओं की जिंदगी का सौदा’ मंजूर नहीं करेगी.
एक्टिविस्ट बोले, ‘ये मदद नहीं, ब्लैकमेल है’
एनिमल जस्टिस की डायरेक्टर कैमिल लैबचक ने मरीनेलैंड को खुलकर लताड़ा. उन्होंने कहा, ‘मरीनेलैंड ने दशकों तक इन जानवरों से पैसा कमाया, और अब जब जिम्मेदारी का वक्त आया, तो धमकी दे रहा है. ये ब्लैकमेल है, संवेदना नहीं.’ उन्होंने आगे कहा कि सरकार को पार्क से व्हेल्स को जब्त कर लेना चाहिए, क्योंकि ओंटारियो के कानून के तहत प्रांतीय सरकार जानवरों की सुरक्षा के लिए ऐसा कदम उठा सकती है.
पांच साल का भयावह रिकॉर्ड
2019 से अब तक 20 समुद्री जीव (19 बेलुगा और एक ऑर्का) पार्क में मर चुके हैं. एक रिपोर्ट के मुताबिक, कई टैंकों की हालत बेहद खराब है. व्हेल्स को लंबे समय तक तंग टैंकों में बंद रखा गया, जिससे उनकी मौतें बढ़ीं. कनाडा सरकार पहले ही ‘कैद में रखे समुद्री स्तनधारियों’ पर प्रतिबंध लगाने का कानून पारित कर चुकी है. लेकिन मरीनेलैंड का मामला इस कानून की असल कमजोरी दिखा रहा है.
‘सरकार कदम उठाए, नहीं तो हत्या होगी’
ओंटारियो के प्रीमियर डग फोर्ड ने कहा कि राज्य सरकार हर संभव मदद करेगी ताकि व्हेल्स को ‘बेहतर जीवन’ मिल सके. फोर्ड ने कहा, ‘पार्क की हालत बहुत खराब है. अगर जरूरत पड़ी तो हम इन व्हेल्स को खुद अपने संरक्षण में ले लेंगे.’ हालांकि, सरकार पर अब भारी दबाव है. अगर वह पैसा देती है, तो इसका मतलब होगा कि पशु दुर्व्यवहार करने वाली कंपनी को इनाम देना. और अगर नहीं देती, तो मरीनेलैंड अपनी धमकी पर उतर सकता है.





