Last Updated:
एक तरफ अमेरिका से बढ़ती दूरियां, दूसरी तरफ रूस-चीन का नया गठजोड़. इन हालात में भारत ने जापान जैसे भरोसेमंद दोस्त के साथ मिलकर दिखा दिया कि वह किसी ब्लॉक का पिछलग्गू नहीं बनेगा. एनर्जी सिक्योरिटी और टेक्नोलॉजी …और पढ़ें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा (Photo-PTI)पिछले एक दशक से भारत ने अमेरिका के साथ गहरी सामरिक साझेदारी की थी. डिफेंस एग्रीमेंट्स, 2+2 डायलॉग, क्वाड और इंडो-पैसिफिक स्ट्रेटेजी, ये सब वॉशिंगटन और दिल्ली के बीच भरोसे का माहौल बनाने के प्रतीक थे. मगर हाल के दिनों में कई मसलों पर रिश्तों में खिंचाव साफ दिख रहा है. ट्रंप के टैरिफ ने सारा गेम पलट दिया है. इसके बाद भारत ने अपनी रणनीति बदलनी शुरू कर दी है. भारत अब पड़ोसियों और भरोसेमंद दोस्तों से नजदीकी बढ़ा रहा है. एनर्जी सिक्योरिटी और टेक्नोलॉजी ट्रांजिशन जैसे अहम मामलों में अमेरिका पर निर्भर रहने की बजाय भरोसेमंद दोस्तों यानी जापान, रूस और यूरोपिय देशों से सीधा सहयोग बढ़ा रहा है.
पीएम मोदी 30 अगस्त को जापान जाने वाले हैं, जहां उनकी जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा से मुलाकात होने वाली है. कहा जा रहा है कि इस दौरान जापान की ओर से भारत में करीब 5.95 लाख करोड़ रुपये के इन्वेस्टमेंट की घोषणा की जा सकती है, जो अगले एक दशक में किया जा सकता है. यह दोनों देशों के बेहतर होते रिश्तों का एक सबूत है.
जापान क्यों अहम?
- भारत के लिए जापान सिर्फ टेक्नोलॉजी का सोर्स नहीं है, बल्कि यह साझेदारी राजनीतिक संदेश भी देती है.
- चीन की बढ़ती आक्रामकता के बीच जापान वही देश है जो भारत के साथ मिलकर इंडो-पैसिफिक में बैलेंस बना सकता है.
- कार्बन कैप्चर से लेकर क्लीन हाइड्रोजन तक, जापान इस समय दुनिया की अग्रणी टेक्नोलॉजी लेकर चल रहा है.
- जापान लंबे समय से भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट में सबसे बड़ा इन्वेस्टर है. दिल्ली मेट्रो, मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन ये सिर्फ दो उदाहरण हैं.
- अमेरिका की तरह अचानक पाबंदियां लगाने या शर्तें थोपने की आदत जापान में नहीं है. यही वजह है कि भारत-जापान डील्स अपेक्षाकृत स्थिर रहती हैं.
मंत्रीस्तरीय बैठक में भारत और जापान ने मिलकर कुछ ठोस क्षेत्रों की पहचान की है. कार्बन कैप्चर, यूटिलाइजेशन एंड स्टोरेज, ग्रीन केमिकल्स और बायोफ्यूल्स, क्लीन हाइड्रोजन और अमोनिया प्रोजेक्ट्स, रिन्यूएबल एनर्जी का विस्तार और एनर्जी एफिशिएंसी प्रोग्राम्स पर मिलकर काम करेंगे.





