Last Updated:
Canada Gangwar: कनाडा के बर्नाबी में 28 साल के दिलराज सिंह गिल की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस को घटनास्थल के पास एक जलती हुई कार भी मिली है. शुरुआती जांच में इसे गैंगवॉर से जुड़ी टारगेट किलिंग माना जा रहा है. नवप्रीत धालीवाल मर्डर से इसके कनेक्शन की भी जांच हो रही है.
कनाडा में भारतीय मूल के दिलराज सिंह गिल की गोली मारकर हत्या.Dilraj Singh Gill Murder: कनाडा में गैंगवार जारी है. यहां लगातार भारतीय मूल के लोगों पर हमला हो रहा है. ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत से एक बार फिर इंडो-कनाडाई समुदाय को दहला देने वाली खबर सामने आई है. बर्नाबी (Burnaby) में 28 साल के भारतीय मूल के युवक दिलराज सिंह गिल की गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह हत्या कनाडा में चल रहे खूनी गैंगवॉर की एक और कड़ी मानी जा रही है. जिस अंदाज में दिलराज को निशाना बनाया गया और घटनास्थल के पास से एक जलती हुई कार बरामद हुई, उसने इस हत्याकांड को और रहस्यमय बना दिया है.
पुलिस की शुरुआती जांच भी इसी ओर इशारा कर रही है कि यह कोई रैंडम क्राइम नहीं है बल्कि एक सुनियोजित टारगेट किलिंग है. दिलराज सिंह गिल वैंकूवर में रहता था और वह पहले से ही कनाडा पुलिस के रडार पर था. जांच एजेंसियों को शक है कि इस हत्या का सीधा कनेक्शन ब्रिटिश कोलंबिया में सक्रिय गैंग्स के बीच चल रही दुश्मनी से हो सकता है. खासतौर पर इसलिए, क्योंकि कुछ ही दिन पहले नवप्रीत धालीवाल नाम के युवक की हत्या हुई थी, जो एक प्रतिद्वंद्वी गैंग से जुड़ा बताया जाता है. इसी कड़ी में दिलराज की हत्या ने गैंगवॉर को और खतरनाक मोड़ दे दिया है.
दिनदहाड़े गोलियां, मौके पर मौत
22 जनवरी को बर्नाबी में गोलियां चलने की सूचना पर RCMP की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस को वहां एक युवक गंभीर हालत में मिला. तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. बाद में उसकी पहचान दिलराज सिंह गिल के रूप में हुई. हत्या स्थल से कुछ ही दूरी पर पुलिस को एक जलती हुई कार मिली. जांच एजेंसियों का मानना है कि यह कार इसी मर्डर में इस्तेमाल हुई हो सकती है. बर्नाबी में गैंग हत्याओं के बाद गाड़ी जलाना एक आम पैटर्न माना जाता है.
टारगेट किलिंग के संकेत
IHIT के मुताबिक शुरुआती सबूत बताते हैं कि दिलराज को जानबूझकर निशाना बनाया गया. पुलिस का कहना है कि इस शूटिंग का सीधा संबंध BC गैंग कॉन्फ्लिक्ट से हो सकता है. हालांकि अभी किसी गैंग ने जिम्मेदारी नहीं ली है.
- पुलिस के रडार पर था दिलराज: दिलराज सिंह गिल पहले भी ड्रग्स और अन्य मामलों में दोषी ठहराया जा चुका था और वह कानून प्रवर्तन एजेंसियों को पहले से ज्ञात था.
- नवप्रीत धालीवाल मर्डर से कनेक्शन: मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दिलराज की हत्या का लिंक 9 जनवरी को मारे गए नवप्रीत धालीवाल से जोड़ा जा रहा है, जो प्रतिद्वंद्वी गैंग से जुड़ा था.
- इलाके में दहशत का माहौल: सार्वजनिक जगह पर हुई इस गोलीबारी से स्थानीय लोगों में डर है और पुलिस ने गवाहों से आगे आने की अपील की है.
खूनी राज से उठेगा पर्दा?
फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है. यह साफ नहीं है कि हत्या के पीछे कौन सा गैंग है, लेकिन माना जा रहा है कि जली हुई कार और CCTV फुटेज इस केस में अहम सबूत साबित हो सकते हैं.
About the Author

सुमित कुमार News18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वे पिछले 3 साल से यहां सेंट्रल डेस्क टीम से जुड़े हुए हैं. उनके पास जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री है. News18 हिंदी में काम करने से पहले, उन्ह…और पढ़ें
January 25, 2026, 09:27 IST





