Last Updated:
19 साल पहले एक फिल्म बड़ी लागत में बनकर तैयार हुई. विदेश में 90 दिनों तक शूटिंग चली थी. हालांकि, रिलीज के बाद मूवी कमाई में कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई, मगर 15 अवॉर्ड जीत लिए थे.

नई दिल्ली. कई बार फिल्में ऑडियंस से कनेक्ट नहीं कर पाती हैं, जिसका खामियाजा बॉक्स ऑफिस पर मेकर्स को ही नहीं, बल्कि हीरो-हीरोइन को भी भुगतना पड़ता है. ऐसा ही कुछ साल 2006 में एक फिल्म के साथ हुआ. हम जिस मूवी की बात कर रहे हैं, उसका नाम है ‘कभी अलविदा ना कहना’.

‘कभी अलविदा ना कहना’ साल 2006 में रिलीज हुई रोमांटिक ड्रामा फिल्म थी. इसमें शाहरुख खान, रानी मुखर्जी, अभिषेक बच्चन और प्रीति जिंटा जैसे सितारे लीड किरदारों में नजर आए थे. अमिताभ बच्चन भी फिल्म का हिस्सा थे. (फोटो साभार: IMDb)

इस फिल्म का डायरेक्शन करण जौहर ने किया था. फिल्म की कहानी प्यार, शादी, रिश्ते में धोखे जैसे विषयों को बयां करती है. लेकिन रिलीज के बाद यह मूवी ऑडियंस को पसंद नहीं आई. यही वजह थी कि ‘कभी अलविदा ना कहना’ बॉक्स ऑफिस पर हिट के लिए तरस गई थी. (फोटो साभार: IMDb)

इसकी कहानी देव सरण (शाहरुख खान) न्यूयॉर्क में रहने वाला एक सफल फुटबॉल खिलाड़ी है, जिसकी शादी जर्नलिस्ट रिया (प्रीति जिंटा) से होती है. वहीं, माया (रानी मुखर्जी) भी न्यूयॉर्क में एक स्कूल टीचर है, जिसकी शादी अपने बचपन के दोस्त ऋषि अभिषेक बच्चन से हुई है. दोनों जोड़ियां बाहर से खुशहाल लगती हैं, लेकिन अंदर ही अंदर दोनों की शादियों में दरारें हैं. (फोटो साभार: IMDb)

देव का करियर एक एक्सीडेंट के कारण खत्म हो जाता है, जिससे उसका स्वभाव चिड़चिड़ा हो जाता है. रिया अपने करियर में व्यस्त रहती है, जिससे दोनों के रिश्ते में दूरी आ जाती है. दूसरी तरफ, माया को लगता है कि उसने ऋषि से शादी करके गलती कर दी है, क्योंकि वह उसे सच्चे दिल से प्यार नहीं कर पाती. (फोटो साभार: IMDb)

एक दिन माया और देव की मुलाकात होती है और वे एक-दूसरे की परेशानियों को समझने लगते हैं. धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती गहरी होती जाती है और एक-दूसरे से प्यार करने लगते हैं, हालांकि वे जानते हैं कि वे शादीशुदा हैं. इस नाजायज रिश्ते के चलते दोनों की जिंदगी में उथल-पुथल मच जाती है. इसके बाद कहानी में बड़ा मोड़ आता है. (फोटो साभार: IMDb)

‘कभी अलविदा ना कहना’ के ज्यादातर हिस्से की शूटिंग विदेश में हुई थी. आईएमडीबी की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग मुख्य रूप से न्यूयॉर्क में हुई, जहां 90 दिनों का शेड्यूल था. बाकी के सीन्स मुंबई के 4 स्टूडियो में पूरे किए गए. (फोटो साभार: IMDb)

यह आज से लगभग 20 साल पहले भारी-भरकम लागत में बनकर तैयार हुई थी. इसकी मेकिंग पर लगभग 70 करोड़ खर्च हुए थे. बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘कभी अलविदा ना कहना’ वर्ल्डवाइड 110.26 करोड़ के बिजनेस के साथ सेमी हिट साबित हुई थी. आईएमडीबी के अनुसार, इस फिल्म ने टोटल 15 अवॉर्ड जीते थे. (फोटो साभार: IMDb)
August 18, 2025, 13:48 IST





