Last Updated:
Biggest Flop Bollywood Film: प्रोड्यूसर ने बताया कि कोविड से पहले फिल्म का लगभग 70 फीसदी काम पूरा हो चुका था लेकिन उसके बाद शूटिंग में बड़ी दिक्कत हुई. यहां तक कि फिल्म का बजट 120 करोड़ से बढ़कर 210 करोड़ तक पहुंच गया था.

नई दिल्ली. साल 2024 में एक बिग बजट फिल्म रिलीज हुई, जिसे बनने में 5 साल का वक्त लगा. मगर बॉक्स ऑफिस पर मूवी की ऐसी लागत हुई कि प्रोड्यूसर का दिल टूट गया. यहां तक कि मेकर को पैसे उधार लेकर फिल्म से हुए नुकसान की भरपाई करनी पड़ी थी. हम जिस फिल्म की बात कर रहे हैं, उसका नाम है ‘मैदान’

अजय देवगन की स्पोर्ट्स ड्रामा ‘मैदान’ प्रोड्यूसर बोनी कपूर का एक पैशन प्रोजेक्ट था और इसकी शूटिंग 2019 में शुरू हुई थी. इसे पूरा होने में करीब पांच साल लगे. यह मूवी कई अड़चनों का सामना करने के बाद साल 2024 में बड़े पर्दे पर पहुंची, लेकिन इसके बावजूद यह बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रही.

शुरुआत में अजय देवगन की मैदान फिल्म को 120 करोड़ के बजट में बनाने की योजना थी, लेकिन बाद में इसका बजट बढ़कर 210 करोड़ तक पहुंच गया, जिससे प्रोड्यूसर बोनी कपूर को भारी नुकसान उठाना पड़ा. आखिरकार, प्रोड्यूसर को अपना कर्ज चुकाने के लिए उधार लेना पड़ा.

गेम चेंजर्स पॉडकास्ट पर बोनी कपूर ने बताया, ‘मैदान में मेरा नुकसान हुआ. यह फिल्म कोविड महामारी की वजह से चार साल से ज्यादा समय तक अटकी रही. सोचिए, जनवरी 2020 तक फिल्म का लगभग 70 फीसदी हिस्सा पूरा हो चुका था. ठीक महामारी के शुरू होने से पहले. हमें मार्च के आखिरी हफ्ते से मैच सीक्वेंस शूट करने थे. सभी इंटरनेशनल टीमें आ चुकी थीं. लगभग 200 से 250 लोगों का एक इंटरनेशनल क्रू था, अलग-अलग देशों के खिलाड़ी थे.’

बोनी कपूर ने बताया, ‘किसी को नहीं पता था कि लॉकडाउन अगले कई महीनों तक बढ़ जाएगा. मैंने अपनी यूनिट को यहां तब तक रोके रखा, जब तक देश की आखिरी फ्लाइट की घोषणा नहीं हुई. ऐसा मेरे साथ लगभग चार बार हुआ. महामारी के अलावा उस दौरान आए एक साइक्लोन की वजह से भी मुझे नुकसान हुआ. मेरा पूरा स्टेडियम का सेट तबाह हो गया. फिल्म का जो बजट हमने तय किया था वो 120 करोड़ था, लेकिन आखिरकार हमें करीब 210 करोड़ खर्च करने पड़े.’

उन्होंने आगे कहा, ‘जब भी हम मैच के सीन शूट कर रहे होते थे, उस समय हमारी यूनिट में लगभग 800 लोग होते थे. लेकिन कोविड के कारण कई पाबंदियां थीं. उस दौरान मैंने पूरी यूनिट के लिए ताज होटल से खाना मंगवाया. मुझे हमेशा चार एंबुलेंस और डॉक्टर तैनात रखने पड़े. पाबंदियों के कारण हमें सेट पर 150 से ज्यादा लोग रखने की इजाजत नहीं थी. हम सबको एक साथ बैठकर खाना खाने की इजाजत भी नहीं थी. मुझे सिर्फ खाने-पानी के लिए करीब पांच टेंट लगवाने पड़े.’

फुटबॉल सीक्वेंस के लिए मैदान की टीम को बैंकॉक जाना पड़ा, जिससे मेकिंग का खर्च और बढ़ गया. बोनी कपूर ने बताया, ‘हमें स्टेडियम में कम से कम 2000 लोग दिखाने थे, ताकि एडिटिंग के जरिए 40,000 की भीड़ दिखाई जा सके.’ इन तमाम मुश्किलों के बाद जब फिल्म साल 2024 में रिलीज हुई, तो यह दर्शकों को इम्प्रेस नहीं कर पाई. बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 68 करोड़ रुपये की कमाई हुई. इस नुकसान की वजह से बोनी कपूर को अपने वेंडर्स को भुगतान करने के लिए उधार लेना पड़ा.

बोनी कपूर ने कहा, ‘जब मैदान बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हुई, तो मुझे अपने वेंडर्स को भुगतान करने के लिए उधार लेना पड़ा. फिल्म फ्लॉप हुई, लेकिन इसमें उनकी कोई गलती नहीं थी. बल्कि उन्होंने चार साल तक धैर्यपूर्वक इंतजार किया और कुछ ने तो अपनी फीस में 10-15 फीसदी तक की कटौती भी कर दी.’ मालूम हो कि ‘मैदान’ अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्म साबित हुई.
September 07, 2025, 08:35 IST





