Last Updated:
The Second Highest Grossing Film Of 1993: 1993 में आई फिल्म ‘खलनायक’ ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था. इस फिल्म ने जैकी श्रॉफ और माधुरी दीक्षित के करियर को नई ऊंचाइयां दी थीं और संजय दत्त को एक नई पहचान.

नई दिल्ली. आज हम बात करने जा रहे हैं उस फिल्म की, जिसने साल 1993 में बॉक्स ऑफिस पर हंगामा मचा दिया था. रिलीज होते ही यह फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी. फिल्म का नाम था ‘खलनायक’ की कहानी के साथ-साथ लोगों को फिल्म के सारे गाने भी काफी पसंद आए थे.

सुभाष घई द्वारा अपनी प्रोडक्शन कंपनी मुक्ता आर्ट्स लिमिटेड के तहत लिखित, निर्देशित और निर्मित यह एक एक्शन क्राइम फिल्म थी, जिसमें संजय दत्त के साथ माधुरी दीक्षित, अनुपम खेर, राखी गुलजार और जैकी श्रॉफ भी मुख्य भूमिकाओं में हैं.

‘खलनायक’ 6 अगस्त 1993 को रिलीज हुई थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर कुल 24 करोड़ रुपये की कमाई की थी और साल 1993 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी थी. 39वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स (1994) में, फिल्म को 11 नोमिनेशन मिले थे, जिसमें फिल्म के हाथ बेस्ट प्लेबैक सिंगर फीमेल और बेस्ट कोरियोग्राफी के 2 अवॉर्ड लगे थे.

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें इस फिल्म को देखने के लिए सिनेमाघरों के बाहर लंबी लाइन लगी रहती थी और सिनेमाघरों के अंदर पांव रखने की जगह नहीं होती थी. कहते हैं रिलीज के कई दिनों बाद भी ये फिल्म हाउसफुल जा रही थी. लोगों में इस फिल्म को लेकर काफी क्रैज भी था.

बता दें, ‘खलनायक’ की सफलता के बाद इसे तेलुगू में कैदी नंबर 1 (1994), तमिल में हीरो (1994) और पंजाबी में बिल्ला (2002) के नाम से बनाया गया था. वहीं, ‘चोली के पीछे’ गाने को 2024 में आई फिल्म ‘क्’रू के लिए फिर से बनाया गया था.

मेकर्स ने फिल्म में 2 सुपरस्टार जैकी श्रॉफ और संजय दत्त को लेकर ऐसी फिल्म बना डाली थी कि आज भी यह लोगों के बीच काफी मशहूर है. वहीं, संजय दत्त को ऐसे विलेन के किरदार में दिखाया गया कि वह रातोंरात छा गए थे. बता दें, यह फिल्म तब रिलीज हुई थी जब वह जेल में थे.

दरअसल, जब 19 अप्रैल 1993 को मुंबई में बम धमाके हुए तो अभिनेता को आर्म्स एक्ट और TADA के तहत गिरफ्तार कर लिया गया था. एक वो दौर था और एक आज का दौर है जब संजय लगातार विलेन के किरदार में लोगों का दिल जीत रहे हैं. साउथ से लेकर बॉलीवुड तक उनके निगेटिव रोल को काफी पसंद किया जा रहा है.

इस फिल्म की कहानी दो पुलिस अधिकारियों राम (जैकी श्रॉफ) और गंगा (माधुरी दीक्षित) पर आधारित थी, जो फरार अपराधी बल्लू (संजय दत्त) को पकड़ने का प्रयास करते हैं. इसलिए गंगा बल्लू की गैंग में शामिल हो जाती है.
August 28, 2025, 12:08 IST





