Last Updated:
Science Fiction Bollywood Movies : बॉलीवुड के बारे में हमेशा कहा जाता है कि यहां हॉलीवुड को टक्कर देने वाली फिल्में कम ही बनती हैं. यह काफी हद तक सच भी है. बॉलीवुड की ज्यादातर फिल्में लव स्टोरी बेस्ड होती हैं.बॉलीवुड में गिनी-चुनी ही फिल्में ऐसी बनीं जो हॉलीवुड को टक्कर देती हैं. 10 साल के अंतराल में ऐसी ही 3 फिल्में आई थीं, जो साइंस फिक्शन पर बेस्ड थीं. इन तीनों फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर जमकर कमाई थी. एक सुपरहिट निकली तो दो ब्लॉकबस्टर रही थीं. ये तीन फिल्में कौन सी हैं, आइये जानते हैं.

बॉलीवुड में साइंस-फिक्शन बेस्ड फिल्में बहुत कम बनाई जाती हैं. ऐसी फिल्में जब-जब पर्दें पर आईं, दर्शकों ने भी गजब का रिस्पांस दिया. बॉलीवुड के जाने-माने राइटर-एक्टर-डायरेक्टर-प्रोड्यूसर राकेश रोशन ने इस शैली की तीन 3 फिल्में बनाई. 10 साल के अंतराल में तीनों फिल्में आईं. तीनों फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर तगड़ी कमाई की. तीनों फिल्मों की कहानी आपस में जुड़ी हुई थी. ये फिल्में थीं : कोई मिल गया, कृष, कृष 3. दर्शकों को कृष 4 का बेसब्री से इंतजार है.

सबसे पहले बात करते हैं ‘कोई मिल गया’ फिल्म की. इस फिल्म को 8 अगस्त 2003 को रिलीज किया गया था. फिल्म की कहानी राकेश रोशन, हनी ईरानी, सचिन भौमिक ने लिखी थी. फिल्म में ऋतिक रोशन, प्रीति जिंटा, रेखा, प्रेम चोपड़ा, मुकेश ऋषि, अंजना मुमताज, जॉनी लीवर और रजत बेदी नजर आए थे. फिल्म में म्यूजिक दिया था राजेश रोशन ने जो कि ऋतिक रोशन के चाचा हैं. फिल्म का म्यूजिक ब्लॉकबस्टर रहा था. कोई मिल गया को 2003 में 3 नेशननल अवॉर्ड और 5 फिल्मफेयर अवॉर्ड मिले थे.

‘कोई मिल गया’ का बजट करीब 30 करोड़ रुपये का रखा गया था. इंडिया में फिल्म ने 72 करोड़ का जबकि वर्ल्डवाइड 82 करोड़ का कलेक्शन किया था. यह एक सुपरहिट फिल्म साबित हुई थी. 2003 की सबसे ज्यादा पैसा कमाने वाली फिल्म थी. फिल्म में जादू का किरदार इंद्रवदन पुरोहित ने निभया था. उनकी लंबाई महज 3 फीट है, इसलिए उन्हें इस रोल के लिए सिलेक्ट किया गया था. इंद्रवदन अब इस दुनिया में नहीं हैं. 2014 में उनकी मौत हो गई थी. फिल्म में ऋतिक रोशन के पिता राकेश रोशन ने निभाया था. पहले यह रोल ऋषि कपूर को ऑफर किया गया था.

फिल्म में कार एक्सीडेंट के सीन में ऋतिक रोशन के पिता की मौत हो जाती है और मां का किरदार निभा रहीं रेखा बच जाती है. यह सीन फिल्म की एक्ट्रेस प्रीति जिंटा की निजी जिंदी जिंदगी से बहुत मिलता-जुलता है. जब प्रीति 13 साल की थीं तो उनके पिता की एक्सीडेंट में मौत हो गई थी और मां को काफी चोटें आई थीं. ऋतिक रोशन ने अपनी फिजिक छिपाने के लिए ढीले-ढाले कपड़े पहने थे ताकि वो असामान्य दिख सकें. साथ ही उन्होंने ‘कहो ना प्यार है’ फिल्म के दौरान पहने गए चश्मे का इस्तेमाल इस फिल्म में किया था. फिल्म की शूटिंग कसौली, नैनीताल और भीमताल में की गई थी. कसौली में स्पेसशिप उतरने वाले सीन को रियल लुक देने के लिए राकेश रोशन ने चंद सेकेंड के लिए पूरे शहर के लिए लाइट कटौती करवाई थी. फिल्म का टाइटल पहले ‘आप जैसा कोई’ रखा गया था, जिसे बाद में बदलकर ‘कोई मिल गया’ किया गया.

‘कोई मिल गया’ का सीक्वल 23 जून 2006 में ‘कृष’ के नाम से आया था. कृष फिल्म की कहानी वहीं से शुरू होती है, जहां ‘कोई मिल गया’ फिल्म खत्म होती है. यह एक साइंस फिक्शन एक्शन ड्रामा फिल्म थी. फिल्म में ऋतिक रोशन, प्रियंका चोपड़ा, रेखा, नसीरुद्दीन शाह, पुनीत इस्सर, शरत सक्सेना जैसे एक्टर नजर आए थे. म्यूजिक राजेश रोशन का था. फिल्म को डायरेक्टर-प्रोड्यूस राकेश रोशन ने किया था. फिल्म का बजट 40 करोड़ रखा गया था. फिल्म ने इंडिया में 72 करोड़ जबकि वर्ल्डवाइड 126 करोड़ का कलेक्शन किया था. यह एक ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी. यह 2006 की सबसे ज्यादा पैसा कमाने वाली फिल्मों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर थी.

वैसे राकेश रोशन ने 2004 में ‘कोई मिल गया’ के सीक्वल का अनाउंसमेंट कर दिया था. कृष फिल्म के स्पेशल इफेक्ट्स डिजाइन करने के लिए राकेश रोशन ने हॉलीवुड में कुछ एक्सपर्ट मुंबई बुलाए थे. एक्शन सीन के लिए हांगकांग से एक्शन डायरेक्टर को बुलाया था. फिल्म में ऋतिक रोशन को एक सुपर हीरो के तौर पर दिखाया गया था. फिल्म का 60 फीसदी हिस्सा सिंगापुर में शूट किया गया था. फिल्म में एक सीन की शूटिंग के दौरान ऋतिक रोशन की जान जाते-जाते बची थी. ‘कृष’ को 2007 में 3 आइफा अवॉर्ड मिले थे.

2013 में कोई मिल गया सीरीज का तीसरा पार्ट ‘कृष 3’ के नाम से पर्दे पर आया था. ‘कृष 3’ में ऋतिक रोशन, प्रियंका चोपड़ा, विवेक ओबेरॉय, कंगन रनौत, राजपाल यादव नजर आए थे. फिल्म में म्यूजिक राजेश रोशन का था. डायरेक्शन-प्रोडक्शन राकेश रोशन का था. फिल्म का बजट करीब 95 करोड़ रुपये का था. फिल्म ने इंडिया में करीब 190 करोड़ का कलेक्शन किया था. मूवी ने वर्ल्डवाइड कलेक्शन 393 करोड़ रुपये का किया था. यह एक ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी. 2013 में सबसे ज्यादा पैसे कमाने के मामले में यह फिल्म दूसरे नंबर पर थी.

राकेश रोशन 2006 में आई फिल्म ‘कृष’ की रिलीज के साथ ही इसके सीक्वल पर काम करने लगे थे. इसी बीच 2006 में आई फिल्म ‘स्पाइडर’ ने उनके अरमानों पर पानी फेर दिया. ऐसे में उन्होंने नए सिरे से स्क्रिप्ट लिखने पर काम किया. दो-तीन साल तक फिल्म को पोस्टपोंड कर दिया. बाद में 2011 से फिल्म पर फिर से काम किया. पहले स्पेशल इफेक्ट्स की मदद से एक्शन सीन शूट किए गए. पहले काल का कैरेक्टर भी ऋतिक रोशन से करवाने पर राकेश रोशन ने प्लान किया था. बाद में उन्होंने अपना विचार बदल दिया. यह कैरेक्टर विवेक ओबेरॉय ने निभाया.

फिल्म में विवेक ओबेरॉय के मैटल वाले कॉस्ट्यूम का वजन करीब 28 किलोग्राम था. कंगना और विवेक के कॉस्ट्यूम हॉलीवुड फिल्मों से प्रेरित थे.फिल्म का प्लॉट मुंबई बेस्ड था. रोहित और कृष्णा के साथ वाले सींस के लिए राकेश रोशन को काफी मेहनत करनी पड़ी थी. पहले रोहित के सभी सीन शूट किए गए थे, फिर कृष्णा के हिस्से में आने वाले सींस की शूटिंग की गई थी.
September 22, 2025, 13:37 IST





