Last Updated:
Sholay @50: आज से ठीक 50 साल पहले 15 अगस्त 1975 को सिनेमाघरों में एक ऐसी फिल्म रिलीज हुई थी जिसने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था. हम बात कर रहे हैं फिल्म ‘शोले’ की, जिसमें काम करने वाले हर सितारे की किस्मत चमक गई थी, खासकर फिल्म के विलेन की.

नई दिल्ली. अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र, संजीव कुमार, हेमा मालिनी, जया भादुड़ी और अमजद खान स्टारर फिल्म ‘शोले’ की रिलीज को आज 50 साल पूरे हो चुके हैं. आपको जानकर हैरानी होगी कि यह फिल्म रिलीज के पहले 3 दिनों में ही बॉक्स ऑफिस पर असफल हो गई थी, जिसके कारण मेकर्स काफी परेशान थे और वे फिल्म का क्लाइमैक्स बदलकर इसे दोबारा रिलीज करना चाहते थे.

लेकिन, चौथे दिन से इस फिल्म ने जो बॉक्स ऑफिस पर कमाल किया, उसे देख सभी हैरान रह गए थे. सिनेमाघरों में इस फिल्म को लेकर लोगों में गजब का क्रैज देखने को मिलने लगा और देखते ही देखते यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई.

इतना ही नहीं, ब्लॉकबस्टर के साथ-साथ यह फिल्म साल 1975 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी थी. विकिपीडिया के अनुसार, इस फिल्म को बनाने में मेकर्स के लगभग 3 करोड़ रुपये खर्च हुए थे और दुनियाभर में इस फिल्म की कुल कमाई 35 करोड़ के आसपास हुई थी.

बता दें, यह एक एक्शन-एडवेंचर फिल्म थी, जिसका निर्देशन रमेश सिप्पी ने किया था, उनके पिता जीपी सिप्पी ने इसका निर्माण किया था और सलीम-जावेद ने इसे लिखा था. यह फिल्म दो अपराधियों, वीरू (धर्मेंद्र) और जय (अमिताभ बच्चन) के बारे में है, जिन्हें एक रिटायर्ड पुलिस ऑफिसर (संजीव कुमार) क्रूर डाकू गब्बर सिंह (अमजद खान) को पकड़ने के लिए नियुक्त करता है.

हेमा मालिनी और जया भादुड़ी भी इसमें वीरू और जय की प्रेमिकाओं बसंती और राधा की भूमिका में हैं. फिल्म में संगीत आरडी बर्मन ने दिया था. फिल्म की शूटिंग दक्षिणी राज्य कर्नाटक के रामनगर के पथरीले इलाके में अक्टूबर 1973 से शुरू होकर ढाई साल तक चली थी.

फिल्म ‘शोले’ ने भारत भर के कई सिनेमाघरों में लगातार प्रदर्शनों के रिकॉर्ड तोड़ दिए और मुंबई के मिनर्वा थिएटर में 5 साल से ज्यादा समय तक चली थी. सिर्फ यह फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित नहीं हुई थी, बल्कि इस फिल्म में काम करने वाले हर सितारों की किस्मत चमक उठी थी.

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इस फिल्म के बाद, अमिताभ बच्चन से लेकर धर्मेंद्र, संजीव कुमार, हेमा मालिनी, जया भादुड़ी और अमजद खान तक… सभी के पास फिल्मों की लाइन लग गई थी.

70 के दशक में सिर्फ फिल्मों और उनके मुख्य कलाकारों की ही चर्चा होती थी, लेकिन ‘शोले’ के बाद इस फिल्म के विलेन ‘गब्बर’ ने भी इतिहास रच दिया था और गली-गली में ‘गब्बर’ की चर्चा होने लगी थी. आलम यह है कि भले ही अमजद खान आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन लोग आज भी उनके ‘गब्बर’ के किरदार को याद करते रहते हैं.
August 15, 2025, 09:15 IST





