Last Updated:
Supreme Court News: सुप्रीम कोर्ट शुक्रवार को दिल्ली की सड़कों से आवारा कुत्तों को हटाने पर बड़ा फैसला सुनाएगा. आदेश से लाखों दिल्लीवासियों और डॉग लवर्स की चिंताएं और उम्मीदें दोनों जुड़ी हैं.
दिल्ली की सड़कों से आवारा कुत्तों को हटाने पर सुप्रीम कोर्ट शुक्रवार को अहम फैसला सुनाएगा. (फाइल फोटो)Supreme Court News: दिल्ली की सड़कों से आवारा कुत्तों को हटाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट अब अंतिम फैसला सुनाने जा रहा है. शुक्रवार को तीन जजों की बेंच अपना आदेश सुनाएगी. इस बीच दिल्लीवालों के बीच बेचैनी है कि क्या चारों ओर दिखने वाले डॉग्स अब शेल्टर्स में भेजे जाएंगे या फिर जनहित याचिकाओं को देखते हुए कोर्ट आदेश पर रोक लगाएगा?
इस मुद्दे ने पिछले कुछ दिनों में डॉग लवर्स और स्थानीय निवासियों, दोनों को दो ध्रुवों पर खड़ा कर दिया है. एक तरफ लोग कुत्तों के हमले और रेबीज के खतरे से परेशान हैं, तो दूसरी ओर एनिमल वेलफेयर ग्रुप्स इसे अमानवीय और गैरकानूनी बता रहे हैं.
इस महीने की शुरुआत में सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर की एजेंसियों को निर्देश दिया था कि “जल्द से जल्द” सभी इलाकों से आवारा कुत्तों को उठाकर स्थायी रूप से डॉग शेल्टर्स में शिफ्ट किया जाए. कोर्ट ने कहा था कि इस पर तत्काल अमल होना चाहिए.
डॉग लवर्स की दलील
इस आदेश पर एनिमल वेलफेयर ग्रुप्स ने आपत्ति जताई है. उनका कहना है कि दिल्ली के पास इतने बड़े शेल्टर्स नहीं हैं और जो हैं वे बेहद खराब हालत में हैं. ऐसे में हजारों-लाखों कुत्तों को वहां भेजना क्रूरता से कम नहीं होगा. उन्होंने याद दिलाया कि भारत का एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) प्रोग्राम ही सही और कानूनी रास्ता है. इसके तहत कुत्तों का नसबंदी और टीकाकरण कर उन्हें उनकी पुरानी जगह वापस छोड़ा जाता है.
दिल्ली की सड़कों पर संकट या राहत?
यह फैसला दिल्ली की सड़कों और लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर सीधा असर डालेगा. एक तरफ रेबीज और कुत्तों के हमले की घटनाएं हैं, दूसरी ओर लाखों दिल्लीवासी उन कुत्तों को अपने मोहल्ले का हिस्सा मानते हैं. अब देखना यह है कि सुप्रीम कोर्ट कल क्या रुख अपनाता है. सवाल वही है कि क्या आवारा कुत्ते सड़कों से हट जाएंगे या फिर जनसुनवाई के बाद लोगों और कुत्तों के बीच कोई नया संतुलन बनेगा?
August 21, 2025, 20:08 IST





