Last Updated:
Biggest Flop Film Of 2025: साल 2025 में एक बड़ी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिर गई. हीरो का स्टारडम भी फिल्म को फ्लॉप होने से नहीं बचा पाया. हालत ये हुई कि बॉक्स ऑफिस पर मूवी अपनी लागत की आधी रकम भी नहीं निकाल पाई थी.

नई दिल्ली. साल 2025 में कई फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर जादू चला. इसमें कुछ कम बजट वाली फिल्में थीं, तो कुछ की लागत बहुत ज्यादा थी. इस बीच 150 करोड़ में बनी एक फिल्म का बुरा हाल हुआ. चौथे दिन मूवी बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिर गई. हम जिस फिल्म की बात कर रहे हैं, उसका नाम ‘सन ऑफ सरदार 2’.

कॉमेडी और ड्रामा से भरपूर ‘सन ऑफ सरदार 2’ फिल्म 1 अगस्त को रिलीज हुई थी. इसमें अजय देवगन लीड रोल में नजर आए थे. उनके अलावा रवि किशन, रोशनी वालिया, मृणाल ठाकुर, संजय मिश्रा, विंदू दारा सिंह, दीपक डोबरियाल, कुब्रा सैत, चंकी पांडे, पंजाबी एक्ट्रेस नीरू बाजवा और दिवंगत एक्टर मुकुल देव भी फिल्म का हिस्सा थे. (फोटो साभार: IMDb)

एक तरह से देखा जाए तो ‘सन ऑफ सरदार 2’ में सितारों की फौज थी, लेकिन कहानी के मामले में यह मूवी मात खा गई. अजय देवगन की फिल्म को क्रिटिक्स से मिक्स रिव्यूज मिले. दूसरी तरफ, ऑडियंस को भी ‘सन ऑफ सरदार 2’ कुछ खास नहीं लगी और इसका असर बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर पड़ा. (फोटो साभार: IMDb)

‘सन ऑफ सरदार 2’ साल 2012 में आई ‘सन ऑफ सरदार’ का सीक्वल है. मेकर्स ने 13 साल बाद इस मूवी की सक्सेस को भुनाने की कोशिश की, लेकिन कमजोर कहानी की वजह से बॉक्स ऑफिस पर फिल्म बुरी तरह फेल साबित हुई. पहले पार्ट में अजय देवगन ने संजय दत्त के साथ काम किया था. सोनाक्षी सिन्हा फिल्म में हीरोइन के किरदार में थीं.

अजय देवगन की फिल्म ‘सन ऑफ सरदार 2’ का रिलीज के बाद बहुत कम कलेक्शन से खाता खुला. पहले दिन सिर्फ 7.50 करोड़ रुपये की कमाई हुई. दूसरे दिन 8.25 करोड़ और तीसरे दिन सिर्फ 9 करोड़ रुपये का बिजनेस हुआ. इस तरह फिल्म के शुरुआती तीन दिनों की कमाई सिंगल डिजिट में सिमटी रही. (फोटो साभार: IMDb)

चौथे दिन तो ‘सन ऑफ सरदार 2’ का बहुत बुरा हाल हुआ. फिल्म की कमाई एकदम से 77 फीसदी गिर गई. फर्स्ट मंडे को मूवी ने सिर्फ 2 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जिसकी उम्मीद अजय देवगन ने भी नहीं की होगी. खैर, इसके बाद इसके बाद ‘सन ऑफ सरदार 2’ के कलेक्शन में कोई उछाल देखने को नहीं मिला. (फोटो साभार: IMDb)

हैरानी की बात है कि अजय देवगन की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपनी लागत तक नहीं वसूल पाई. भारत में फिल्म ने 43.24 करोड़ रुपये का नेट बिजनेस किया. दुनियाभर में टोटल कमाई 60.9 करोड़ रुपये में सिमटकर रह गई. कमाई का यह आंकड़ा लागत की आधी रकम से भी कम है. (फोटो साभार: IMDb)

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अजय देवगन की ‘सन ऑफ सरदार 2’ 150 करोड़ रुपये की लागत में बनकर तैयार हुई थी. इस तरह देखा जा सकता है कि फिल्म की कमाई और लागत के आंकड़ों में जमीन-आसमान का फर्क है. ‘सन ऑफ सरदार 2’ फिल्म का डायरेक्शन विजय कुमार अरोड़ा ने किया था. (फोटो साभार: IMDb)
September 15, 2025, 16:53 IST





