नई दिल्ली. प्रोड्यूसर बोनी कपूर ने पिछले कुछ समय में कई मौकों पर ‘नो एंट्री’ के सीक्वल को लेकर बात की है. उन्होंने खुद कन्फर्म किया है कि मूवी बनेगी. इसके पहले पार्ट में सलमान खान, अनिल कपूर और फरदीन खान लीड किरदारों में थे. लेकिन सीक्वल मूवी नई स्टारकास्ट के साथ बनेगी. अब एक नई रिपोर्ट में सलमान खान के फिल्म में वापसी न करने की चौंकाने वाली वजह सामने आई है. इसके अलावा यह भी बताया गया है कि बोनी कपूर को पूरी तरह नई स्टारकास्ट क्यों लेनी पड़ी.
हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार,
सलमान खान की फिल्म के बोनी कपूर और उनके बेटे अर्जुन कपूर के साथ कुछ व्यक्तिगत अनबन है, जिसके चलते प्रोड्यूसर के पास नई कास्टिंग करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा. पोर्टल ने एक सूत्र के हवाले से बताया, ‘सच्चाई बहुत साफ है कि सलमान की समस्या बोनी कपूर (प्रोड्यूसर) और अर्जुन कपूर के साथ है. इसी वजह से बोनी को ‘नो एंट्री में एंट्री’ के लिए नई कास्टिंग करनी पड़ी, बजाय इसके कि वो पुरानी स्टारकास्ट को वापस लाते.’
अर्जुन कपूर संग कैसे बिगड़े सलमान खान के रिश्ते?
मालूम हो कि सलमान खान और अर्जुन कपूर के बीच तनाव तब शुरू हुआ, जब अर्जुन ने मलाइका अरोड़ा को डेट करना शुरू किया, जो पहले सलमान खान के भाई अरबाज खान की पत्नी थीं.
सीक्वल की चेंज करनी पड़ी पूरी स्टारकास्ट
बोनी कपूर ने हाल ही में इंस्टेंट बॉलीवुड के साथ बातचीत में कहा, ‘पूरी स्टारकास्ट ही हमने चेंज की. तो ये हमारा लॉस है कि हम ओरिजनल स्टारकास्ट रिटेन नहीं कर पाए. हमने लगभग 8-10 साल इंतजार किया, लेकिन किसी वजह से चीजें हो नहीं पाईं. हमें उनकी कमी खलेगी और अब हम कोशिश कर रहे हैं कि नई और यंग एक्टर्स की टीम के साथ एक फ्रेश शुरुआत करें. लेकिन साथ ही हमें सलमान की भी कमी खलेगी, अनिल और फरदीन की भी. ये तीनों ‘नो एंट्री’ के ओरिजनल बॉयज थे और इन्हें सबसे ज्यादा प्यार मिला था.’
बोनी कपूर ने की सलमान खान की तारीफ
उन्होंने आगे कहा, ‘वक्त बीत गया इंतजार करते-करते और आज हम शायद नए सेटअप के साथ कुछ नई चीजें उसमें…हो सकता है सब कुछ थोड़ा अलग हो. लेकिन मैंने मौका खो दिया. गाड़ी आगे निकल गई. अब ये पछतावा रहेगा कि वही पुराना सेटअप नहीं है. क्योंकि सलमान एक शानदार इंसान हैं, अनिल एक बेहतरीन इंसान हैं, भाई भी और एक्टर भी. फरदीन तो इंडस्ट्री के सबसे अच्छे लोगों में से एक हैं, जिन्हें मैंने जाना है. मुझे उनकी कमी खलेगी. लेकिन किसी तरह हम आगे बढ़ चुके हैं और उम्मीद करते हैं कि हमारा ये फैसला सही साबित हो.’
2005 में रिलीज हुई थी ब्लॉकबस्टर मूवी ‘नो एंट्री’
बताते चलें कि सलमान खान, फरदीन खान और अनिल कपूर की कॉमेडी फिल्म ‘नो एंट्री’ साल 2005 में रिलीज हुई थी. इसमें लारा दत्ता, ईशा देओल और सेलीना जेटली भी नजर आई थीं. यह फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी. खबर है कि फिल्म के सीक्वल में वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अर्जुन कपूर लीड किरदारों में नजर आएंगे.