मनोरंजन » राजू-श्याम-बाबू की वापसी में लगेगा टाइम, कानूनी पचड़ों में फंसी ‘हेरा फेरी 3’, विवाद पर प्रियदर्शन ने तोड़ी चुप्पी

राजू-श्याम-बाबू की वापसी में लगेगा टाइम, कानूनी पचड़ों में फंसी ‘हेरा फेरी 3’, विवाद पर प्रियदर्शन ने तोड़ी चुप्पी

Facebook
Twitter
WhatsApp

नई दिल्ली. अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल की अपकमिंग फिल्म हेरा फेरी 3 को लेकर जबरदस्त बज है. लेकिन इस फ्रेंचाइजी के चाहने वालों के लिए अब एक बुरी खबर सामने आ रही है. राजू, श्याम और बाबूराव की आइकॉनिक तिकड़ी को दोबारा पर्दे पर देखने का अभी और इंतजार करना पड़ेगा. ‘हेरा फेरी 3’ की शूटिंग इस साल नहीं शुरू होगी. ऐसे में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल की मूवी हेरा फेरी 3 की रिलीज में टाइम लग सकता है.

‘हेरा फेरी 3’ को लेकर उलझा मामला

ईटाइम्स को दिए हालिया इंटरव्यू में प्रियदर्शन ने स्थिति साफ करते हुए बताया कि मामला काफी उलझा हुआ है. उन्होंने कहा कि कुछ लोग फिल्म के अधिकारों पर अपना दावा ठोक रहे हैं, तो कुछ संगीत के राइट्स को लेकर आमने-सामने हैं. ऐसे में जब तक ये कानूनी विवाद सुलझ नहीं जाते, फैंस को हंसाने वाली इस फिल्म का फ्लोर पर आना मुमकिन नहीं लग रहा.

कानूनी पचड़े में फंस गई है फिल्म

‘हेरा फेरी 3’ के रास्ते में कानूनी अड़चनों का एक ऐसा जाल बिछ गया है जिसे सुलझाना फिलहाल नामुमकिन लग रहा है. ताजा जानकारी के मुताबिक, प्रोड्यूसर जीपी विजयकुमार ने मद्रास हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. उनका दावा है कि इस फ्रैंचाइजी के असली अधिकार उनके पास हैं, न कि फिरोज नाडियाडवाला के पास.

कॉन्ट्रैक्ट का उल्लंघन करने का आरोप

बार एंड बेंच की एक रिपोर्ट के अनुसार, प्रोडक्शन हाउस सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल ने दलील दी है कि नाडियाडवाला के पास केवल एक मलयालम फिल्म रामजी राव स्पीकिंग के रीमेक के अधिकार थे, जिससे साल 2000 में पहली ‘हेरा फेरी’ बनी थी. उनका आरोप है कि नाडियाडवाला ने कॉन्ट्रैक्ट का उल्लंघन करते हुए न केवल ‘फिर हेरा फेरी’ बनाई, बल्कि बाद में फ्रैंचाइजी के राइट्स अक्षय कुमार की कंपनी केप ऑफ गुड फिल्म्स को ट्रांसफर भी कर दिए.

इस साल नहीं शुरू होगी ‘हेरा फेरी 3’ शूटिंग

कानूनी पचड़ा यहीं खत्म नहीं होता. निर्देशक प्रियदर्शन ने बताया कि भूषण कुमार ने भी सार्वजनिक तौर पर साफ कर दिया है कि ‘हेरा फेरी 3’ के म्यूजिक राइट्स सिर्फ उनके पास हैं. प्रियदर्शन का मानना है कि जब तक अधिकारों की यह खींचतान अदालत में सुलझ नहीं जाती, फिल्म का काम आगे नहीं बढ़ सकता. जब उनसे पूछा गया कि क्या फिल्म इस साल शुरू होगी, तो उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि इस साल तो बिल्कुल भी नहीं.

प्रियदर्शन करेंगे ‘भागम भाग 2’ का डायरेक्शन?

‘हेरा फेरी 3’ के साथ-साथ अब ‘भागम भाग’ के सीक्वल को लेकर भी बड़ी खबर सामने आई है. प्रियदर्शन ने साफ कर दिया है कि उन्हें इस ब्लॉकबस्टर फिल्म के सीक्वल को डायरेक्ट करने का ऑफर मिला था, लेकिन उन्होंने इसमें शामिल होने से इनकार कर दिया. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने मेकर्स या अक्षय कुमार को इस प्रोजेक्ट पर आगे बढ़ने से बिल्कुल नहीं रोका है.

स्टारकास्ट की अटकलों पर भी प्रियदर्शन ने चुप्पी तोड़ी

फिल्म की स्टारकास्ट को लेकर चल रही अटकलों पर भी प्रियदर्शन ने अपनी चुप्पी तोड़ी. जब उनसे पूछा गया कि क्या सीक्वल में गोविंदा की जगह मनोज बाजपेयी नजर आ सकते हैं, तो उन्होंने कहा कि मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि वे क्या प्लानिंग कर रहे हैं या फिल्म की कहानी क्या होगी. उनके इस बयान से साफ है कि वह फिलहाल इस प्रोजेक्ट से पूरी तरह दूर हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share Market

Share Market

Gold & Silver Price

Should NEET exam be conducted again?

टॉप स्टोरी