Last Updated:
Story Behind The Scenes: आज हम आपको 1993 की चौथी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म ‘बाजीगर’ से जुड़ी कुछ ऐसी बातें बताने जा रहे हैं, जिन्हें जान आप भी हैरान रह जाएंगे. रिलीज से पहले ही शाहरुख खान की इस फिल्म को महा फ्लॉप घोषित कर दिया गया था.

नई दिल्ली. बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान ने साल 1992 में आई फिल्म ‘दीवाना’ से बॉलीवुड में कदम रखा था, जो बॉक्स ऑफिस पर सफल साबित हुई थी. पहली ही फिल्म से शाहरुख लोगों के बीच काफी मशहूर हो गए थे. वहीं, साल 1993 शाहरुख के करियर के लिए काफी लकी साबित हुआ था.

दरअसल, साल 1993 में शाहरुख खान की 2 फिल्में उस साल की 5 सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में शामिल हुई थी. उनमें से एक फिल्म थी ‘डर’, जो 1993 की तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी थी. वहीं, दूसरी फिल्म थी ‘बाजीगर’, जो उस साल की चौथी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी थी.

आज हम आपको शाहरुख की ‘बाजीगर’ से जुड़ी कुछ ऐसी बातें बताने जा रहे हैं, जिन्हें जान आप हैरान रह जाएंगे. इस फिल्म में अहम किरदार निभाने वाले या ये कह लें कि इस फिल्म में लीड विलेन की भूमिका निभाने वाले एक्टर दिलीप ताहिल ने एक बार अपने एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि ‘बाजीगर’ को रिलीज से पहले लोगों ने महा फ्लॉप करार दे दिया था.

उन्होंने कहा था कि जब फिल्म की शूटिंग चल रही थी, तो प्रोड्यूसर्स की हालत खराब थी, क्योंकि जब शाहरुख शिल्पा शेट्टी को छत फेंक कर उनकी हत्या कर रहे थे तो वहां मौजूद सभी यही बोल रहे थे कि ये कैसा हीरो है यार, बताओ हीरोइन की हत्या कर रहा है. यह फिल्म नहीं चलेगी.

दिलीप ने कहा कि सेट पर ऐसी-ऐसी बातें सुनकर डिस्ट्रीब्यूटर्स और प्रोड्यूसर्स की हालात खराब हो रही थी. वहीं, दूसरी तरफ शाहरुख को पूरी उम्मीद थी कि उनकी यह फिल्म जरूर कमाल करेगी और हुआ भी कुछ ऐसा ही. सिनेमाघरों में रिलीज के साथ ‘बाजीगर’ ब्लॉकबस्टर साबित हुई. दर्शकों ने इस फिल्म पर जमकर अपना प्यार लुटाया.

बता दें, ‘बाजीगर’ एक एक्शन थ्रिलर फिल्म थी, जिसका निर्देशन अब्बास-मस्तान ने किया और निर्माण वीनस मूवीज ने किया था. इसमें शाहरुख खान, काजोल, शिल्पा शेट्टी, दलीप ताहिल और राखी मुख्य भूमिकाओं में थे. इसका साउंडट्रैक अनु मलिक ने तैयार किया था.

यह फिल्म एक ऐसे युवक की कहानी थी जो अपने परिवार के पतन का बदला लेने के लिए एक विक्राल रूप ले लेता है. यह कहानी इरा लेविन के 1953 के उपन्यास अ किस बिफोर डाइंग और 1991 में इसी नाम से बनी फिल्म पर आधारित थी.

विकिपीडिया के अनुसार, ‘बाजीगर’ को बनाने में मेकर्स के लगभग 3 करोड़ रुपये खर्च हुए थे. वहीं, फिल्म ने दुनियाभर में बॉक्स ऑफिस पर लगभग 15 करोड़ की कमाई करने में सफलता हासिल की थी. इस फिल्म के बाद शाहरुख के करियर को नई ऊंचाई मिली. यह फिल्म आज भी लोगों के बीच काफी मशहूर है. इस फिल्म के सारे गाने भी सुपरहिट हुए थे.
August 19, 2025, 12:21 IST





