बता दें कि मंझावली पुल का काम हरियाणा की तरफ से पूरा हो चुका है. जबकि यूपी सरकार ने भी अपने हिस्से में आ रहे इस पुल को पूरा करने के लिए जमीन का अधिग्रहण शुरू कर दिया है. 122 करोड़ रुपये की लागत से 630 मीटर लंबा फोर लेन पुल बन चुका है. इसके दोनों ओर एप्रोच रोड भी बना दी गई हैं. लेकिन अब यूपी सरकार द्वारा ग्रेटर नोएडा की ओर करीब 1700 मीटर लंबी सड़क बनाई जानी है जो यमुना एक्सप्रेसवे की लिंक रोड से जुड़ती है. इसके बनते ही इन फरीदाबाद के अलावा ग्रेटर फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा में जमीनों के दाम में बढ़ोत्तरी की संभावना है.
अभी लगते हैं 2 घंटे, तब लगेंगे 25 मिनट
फरीदाबाद से नोएडा, ग्रेटर नोएडा या गाजियाबाद पहुंचने के लिए अभी दिल्ली होकर जाना पड़ता है. इससे न सिर्फ समय ज्यादा लगता है बल्कि ट्रैफिक भी झेलना पड़ता है. मौजूदा समय में फरीदाबाद से गाजियाबाद या नोएडा तक पहुंचने में डेढ़ से दो घंटे तक का समय लग जाता है. हालांकि मंझावली पुल के बनने के बाद न केवल दूरी बल्कि समय भी घटकर 20-25 मिनट रह जाएगा.
फरीदाबाद का ग्रेटर नोएडा की तरफ वाला हिस्सा ग्रेटर फरीदाबाद कहलाता है जो एक नए शहर के रूप में विकसित हो रहा है. यहां 35 से ज्यादा हाउसिंग सोसायटीज़ में ढाई लाख से ज्यादा लोग रह रहे हैं. अभी तक यहां की सीमित कनेक्टिविटी के कारण लोग ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद से सीधा जुड़ाव महसूस नहीं कर पाते थे. लेकिन मंझावली ब्रिज और आगामी एफएनजी प्रोजेक्ट्स की वजह से अब यह क्षेत्र सीधे इन दोनों शहरों से जुड़ जाएगा.
नो ट्रैफिक रूट और कम दूरी से बढ़ेगी मांग
भूमिका ग्रुप के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर उद्धव पोद्दार कहते हैं कि यमुना नदी पर मंझावली पुल बनने से फरीदाबाद और ग्रेटर फरीदाबाद अब उत्तर प्रदेश के तीन बड़े शहरों नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद से सीधे जुड़ जाएगा. इससे ग्रेटर फरीदाबाद की रिहायशी डिमांड और बढ़ेगी.यहां रहना और यहां से कारोबार करना अब और आसान होगा, जिसका सीधा असर प्रॉपर्टी की डिमांड और कीमतों पर दिखेगा.
जबकि सिक्का ग्रुप के चेयरमैन हरविंदर सिंह सिक्का ने कहा कि फरीदाबाद और नोएडा के बीच अब दूरी कम हो रही है. इससे दोनों जगहों का रियल एस्टेट मार्केट एक-दूसरे को सपोर्ट करेगा. जो लोग पहले नोएडा आने-जाने की दिक्कत से बचने के लिए यहां घर खरीदने से कतराते थे, वे अब निवेश करने को तैयार होंगे.
बता दें कि मंझावली के यूपी वाले हिस्से की जमीन के लिए यूपी सरकार की ओर से मुआवजे की पहली किस्त जारी कर दी गई है. ग्रेटर फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा के बीच में रहने वाले लोग भी अब सरकारों से इस ब्रिज के काम काम को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग कर रहे हैं.





