विदेश » मामूली अकाउंटेंट के बेटे ने कैसे बदली फैशन की दुनिया, खड़ा किया विशाल एंपायर, अरबों डॉलर की है संपत्ति

मामूली अकाउंटेंट के बेटे ने कैसे बदली फैशन की दुनिया, खड़ा किया विशाल एंपायर, अरबों डॉलर की है संपत्ति

Facebook
Twitter
WhatsApp

Giorgio Armani: आधी सदी तक फैशन और स्टाइल की दुनिया पर राज करने के बाद बेहतरीन डिजाइनर जियोर्जियो अरमानी का दो दिन पहले (4 सितंबर) 91 साल की उम्र में निधन हो गया. वह अपने पीछे न केवल एक सांस्कृतिक विरासत, बल्कि फैशन के इतिहास के सबसे सफल व्यावसायिक साम्राज्यों में से एक भी छोड़ गए. उनके डिजाइन किए हुए कपड़े राजघरानों के सदस्य और मशहूर हस्तियां पहनने के लिए बेताब रहती थीं. अरमानी कुछ समय से अस्वस्थ थे और वह जून में मिलान के मेन्स फैशन वीक में भाग नहीं ले पाए थे. यह उनके करियर में पहला मौका था जब उन्होंने अपने किसी कैटवॉक कार्यक्रम में भाग नहीं लिया था. उनको सार्वजनिक तौर पर आखिरी बार 21 मई को देखा गया था.

साथी इतालवी डिजाइनर डोनाटेला वर्साचे ने इंस्टाग्राम पर अरमानी की एक तस्वीर पोस्ट की और लिखा कि उन्होंने इतिहास रच दिया. उन्होंने लिखा, ‘‘आज दुनिया ने एक दिग्गज को खो दिया.’’ अरमानी ‘री जियोर्जियो’ या ‘किंग जियोर्जियो’ के नाम से प्रसिद्ध थे. उन्होंने 1975 में इसी नाम की अपनी कंपनी की स्थापना की थी. यह जल्द ही आकर्षक शैली का पर्याय बन गई जो फैशन से लेकर जीवन के हर पहलू तक फैली हुई थी. सफलता का सबसे बड़ा क्षण 1980 में आया जब इस कंपनी ने फिल्म ‘अमेरिकन जिगोलो’ में रिचर्ड गेरे द्वारा पहने गए सूट डिजाइन किए. इसके बाद यह एक वैश्विक साम्राज्य में बदल गया जिसमें हाउते कॉउचर (महंगे और उच्च-गुणवत्ता वाले कपड़े) से लेकर हाई-स्ट्रीट फैशन, चश्मे से लेकर जूते और यहां तक कि घरेलू सामान तक सब कुछ शामिल था.

ये भी पढ़ें- Liquor Knowledge: व्हिस्की को लकड़ी के बैरल में क्यों रखा जाता है? क्या एजिंग से बढ़ता है स्वाद और कीमत, जानें सबकुछ

अमेरिकी फिल्म स्टार रिचर्ड गेरे और लॉरेन हटन ने अरमानी के कपड़े पहने थे.

साधारण शुरुआत से लेकर ‘किंग जियोर्जियो’ तक
11 जुलाई 1934 को उत्तरी इटली के पियासेंजा में जन्मे जियोर्जियो तीन भाई-बहन थे. उनके पिता अकाउंटेंट का काम करते थे. द्वितीय युद्ध के बाद उन्होंने एक कठिन बचपन बिताया. उन्होंने स्वीकार किया, “यह बहुत खराब था. हमारे पास कुछ खास नहीं था. खाने के लिए कुछ नहीं होता था. मेरी मां को हमें खिलाने में बहुत मुश्किल होती थी.” मेडिकल की पढ़ाई करने की शुरुआती महत्वाकांक्षाओं के साथ अरमानी ने शिक्षा जगत में कदम रखा लेकिन यह विषय उनकी पसंद के हिसाब से बहुत नीरस ​​था. इसलिए उन्होंने पढ़ाई छोड़ दी. इसके बाद उन्होंने अपना रास्ता बदला. पहले एक विंडो ड्रेसर के रूप में और बाद में नीनो सेरुती के लिए एक डिजाइनर के रूप में काम किया. 1975 में 41 साल की उम्र में पर्याप्त अनुभव और आत्मविश्वास के साथ, उन्होंने और उनके साथी सर्जियो गेलोटी ने अपना खुद का लेबल जियोर्जियो अरमानी स्पा लॉन्च किया.

ये भी पढ़ें- Explainer: कौन है वे विशेष तौर पर कमजोर जनजातीय समुदाय, जिन्हें जनगणना में अलग से गिनेगी सरकार 

रिचर्ड गेरे ने ब्रांड को दिलाई पहचान
अरमानी को 80 के दशक में सफलता तब मिली जब रिचर्ड गेरे ने फिल्म ‘अमेरिकन जिगोलो’ में अरमानी के सूट पहने. इसने ब्रांड को दुनिया भर में सुर्खियों में ला दिया और अरमानी को एक जाना-माना नाम बना दिया. जल्द ही मिशेल फिफर से लेकर जॉन ट्रैवोल्टा तक सितारों ने उनके डिजाइनों को अपनाया और उन्हें रेड कार्पेट और रोजमर्रा की विलासिता दोनों के लिए पसंदीदा डिजाइनर बना दिया. लेकिन अरमानी कपड़ों तक ही सीमित नहीं रहे. उन्होंने परफ्यूम, आईवियर, एम्पोरियो अरमानी  और अरमानी एक्सचेंज जैसी कई अन्य श्रेणियों में भी विस्तार किया.

हास्पिटैलिटी बिजनेस में भी हाथ आजमाया
उन्होंने वैश्विक बाजार के विभिन्न क्षेत्रों को लक्षित किया. उनकी कंपनी का राजस्व अरबों में पहुंच गया, जबकि उनके बुटीक महाद्वीपों के पार फैल गए. उन्होंने एक ग्लोबल हास्पिटैलिटी बिजनेस भी स्थापित किया, जिसमें होटल, कैफे, रेस्टोरेंट और बार शामिल थे. जो उनकी फैशन लाइन जैसी ही भव्यता लिए हुए थे. उनके हास्पिटैलिटी बिजनेस का केंद्रबिंदु दुबई की एमार प्रॉपर्टीज के साथ साझेदारी में विकसित अरमानी होटल्स है. एक खेल प्रशंसक के रूप में उन्होंने चेल्सी और इंग्लैंड फुटबॉल टीम के लिए सूट डिजाइन किए. 2012 में इटली की ओलंपिक टीम के लिए ड्रेस बनाई.

जियोर्जियो ने खड़ा किया विशाल साम्राज्य
अरमानी ने 91 वर्ष की उम्र में अपने निधन तक अथक परिश्रम करते हुए अपने फैशन और हास्पिटैलिटी बिजनेस के माध्यम से एक राजा के समान साम्राज्य खड़ा किया. रॉयटर्स के अनुसार उनकी कंपनी लगभग 2.7 बिलियन डॉलर का सालाना कारोबार करता है. भले ही व्यापक उद्योग मंदी के बीच मुनाफा कम हो गया हो फिर भी कंपनी बेहद आकर्षक बनी हुई है. ऐसा लग्जरी सलाहकार फर्म ऑर्टेली एंड कंपनी के प्रबंध भागीदार मारियो ऑर्टेली जैसे विशेषज्ञों का कहना है.

फोर्ब्स की लिस्ट में 208वें स्थान पर
फोर्ब्स ने अरबपतियों की सूची में अरमानी को 208वें स्थान पर रखा है. जिनकी कुल संपत्ति 12.1 बिलियन डॉलर है, जो 2020 में 5.4 डॉलर थी. फोर्ब्स के अनुसार वह जियोवानी फेरेरो और एंड्रिया पिग्नाटारो के बाद तीसरे सबसे अमीर इतालवी थे. अरमानी की संपत्ति का केंद्र उनका फैशन साम्राज्य था, जिसके वे अपनी मृत्यु तक सीईओ और एकमात्र शेयरधारक रहे. वह प्रसिद्ध बास्केटबॉल टीम ओलंपिया मिलानो के भी मालिक थे. उन्होंने लग्जरी होटलों और रियल एस्टेट में महत्वपूर्ण निवेश किया था. उनके पास 200 फुट लंबी एक यॉट भी है.

ये भी पढ़ें- कौन थीं कश्मीर की कोकिला राज बेगम, जिनके जीवन पर बनी फिल्म ‘सॉन्ग्स ऑफ पैराडाइज’, प्रेरक है कहानी 

कौन होगा संपत्ति का उत्तराधिकारी
जहां एक ओर दुनिया अरमानी के निधन पर शोक मना रही है. वहीं उनकी मृत्यु उनकी कंपनी के भविष्य और उनकी अरबों डॉलर की संपत्ति पर सवाल खड़े करती है, जिसे वह बहुत संजोते थे. अरमानी के अपने कोई बच्चे नहीं थे, जिससे कई लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि उनकी जगह कौन लेगा? हालांकि अपने जीवनकाल में अरमानी ने एक उत्तराधिकार योजना तैयार की थी जिसके कुछ विवरण उन्होंने फाइनेंशियल टाइम्स के साथ साझा किए थे. उन्होंने बताया, “उत्तराधिकार की मेरी योजना में उन जिम्मेदारियों को धीरे-धीरे अपने सबसे करीबी लोगों को सौंपना शामिल है जिन्हें मैंने हमेशा संभाला है… जैसे कि लियो डेल’ऑर्को, मेरे परिवार के सदस्य और पूरी टीम.” साक्षात्कार में अरमानी ने कहा कि वह चाहते हैं कि उनका उत्तराधिकार ‘स्वाभाविक’ हो, न कि ‘विघटन का क्षण हो.’

ये भी पढ़ें- दरिया-ए-नूर है कोहिनूर का साथी हीरा, क्यों रहस्य बनी हुई है बांग्लादेश में इसकी मौजूदगी, जानें पूरी कहानी 

क्या परिवार के लोग संभालेंगे साम्राज्य
ऐसा माना जा रहा है कि अरमानी का कई अरब डॉलर का साम्राज्य अब उनके परिवार के सदस्यों के हाथों में चला जाएगा. जिसमें उनकी भतीजी सिल्वाना और रॉबर्टा अरमानी, उनके भतीजे एंड्रिया कैमेराना और उनके दाहिने हाथ पैंटालियो डेल’ऑर्को शामिल हैं. सिल्वाना अपने चाचा के निधन तक उनके साथ अरमानी डिजाइन्स में काम करती रहीं और महिलाओं के कपड़ों का कलेक्शन चलाती रहीं. इस बीच उनके दिवंगत भाई सर्जियो की बेटी रॉबर्टा, अरमानी के जनसंपर्क निदेशक के रूप में काम कर रही हैं और ब्रांड और हॉलीवुड के बीच सेतु का काम कर रही हैं. बताया जाता है कि रॉबर्टा ने ही 2006 में एक इतालवी महल में टॉम क्रूज और केटी होम्स की शादी की योजना बनाई थी और अरमानी ने खुद दूल्हा-दुल्हन दोनों के परिधान डिजाइन किए थे.

डेल’ऑर्को रहे अरमानी का दायां हाथ
अरमानी के भतीजे एंड्रिया 2000 में कंपनी में शामिल हुए और उन्होंने परामर्शदाता और लाइसेंसिंग निदेशक दोनों के रूप में काम किया. अंततः वह अरमानी के सस्टेनेबिलिटी मैनेजिंग डायरेक्टर बन गए और ब्रांड की पर्यावरण संबंधी नीतियों पर ध्यान केंद्रित करते हैं. डेल’ऑर्को भी हैं, जो 1977 से कंपनी से जुड़े हैं और वर्तमान में पुरुषों के स्टाइल कार्यालय के प्रमुख हैं. उन्हें अरमानी का दाहिना हाथ कहा जाता है जो अक्सर विभिन्न फैशन शो, सम्मान समारोहों और कार्यक्रमों में डिजाइनर के साथ दिखाई देते थे. दरअसल जून 2025 में, जब अरमानी 50 सालों में पहली बार किसी अज्ञात कारण से मिलान फैशन वीक के दौरान पुरुषों के परिधान शो में शामिल नहीं हो पाए तो डेल’ऑर्को ने कार्यभार संभाल लिया.

वो वसीयत में क्या लिखकर गए
जीवन भर स्वतंत्र रहने वाले अरमानी ने अपनी वसीयत में यह भी लिखा है कि उनकी मृत्यु के पांच साल बाद तक किसी भी बड़े विलय या आईपीओ की अनुमति नहीं दी जाएगी, ताकि स्थिरता का एक दौर सुनिश्चित हो सके. इसके साथ ही उन्होंने एलवीएमएच या केरिंग जैसी दिग्गज कंपनियों द्वारा संभावित अधिग्रहणों से अपने ब्रांड की रक्षा करने का प्रयास किया. यह तो देखना बाकी है कि अरमानी ब्रांड का क्या होता है, लेकिन एक बात तो तय है जो भी इसे अपने हाथ में लेगा उसे जूलिया रॉबर्ट्स, सिंडी क्रॉफर्ड और विक्टोरिया बेकहम जैसी मशहूर हस्तियों द्वारा ‘लीजेंड’ कहे जाने वाले व्यक्ति की प्रतिष्ठा के अनुरूप बने रहने में कठिनाई होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share Market

Share Market

Gold & Silver Price

Should NEET exam be conducted again?

टॉप स्टोरी