Last Updated:
Pakistan-Afghanistan War: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सैन्य टकराव की स्थिति पैदा हो गई है. इस्लामाबाद का दावा है कि उसने कथित तौर पर आतंकवादियों के ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की है. वहीं, अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने जवाबी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है. ऐसे माहौल में यदि दोनों देशों के बीच युद्ध छिड़ जाता है तो उसकी तस्वीर कैसी होगी? ऐसे में सवाल उठता है कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच कौन-कौन से वेपन सिस्टम्स हैं?

पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर एयर स्ट्राइक की है, जिसके बाद तालिबान ने जवाबी हमला करने की चेतावनी दी है. पाकिस्तान और अफगानिस्तान के पास कई विनाशकारी हथियार हैं. (फाइल फोटो)
Pakistan-Afghanistan War: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जारी तनाव अब टकराव में बदल गया है. पाकिस्तान ने दावा किया है कि उसने सीमा पार कर अफगानिस्तान के भीतर आतंकी ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं. पाकिस्तान का कहना है कि हाल के कई हमलों के पीछे अफगान क्षेत्र से ऑपरेट कर रहे आतंकी संगठन जिम्मेदार थे. आधिकारिक बयान में पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि उसके पास ठोस सबूत हैं कि ये हमले ख्वारिज यानी पाकिस्तान तालिबान के लड़ाकों ने अपने अफगानिस्तान स्थित नेतृत्व के निर्देश पर अंजाम दिए. मंत्रालय का दावा है कि पाकिस्तान ने खुफिया जानकारी के आधार पर अफगान सीमा के पास सात आतंकी शिविरों और ठिकानों को निशाना बनाया, जिनमें पाकिस्तान तालिबान और इस्लामिक स्टेट (खुरासान प्रांत) से जुड़े ठिकाने शामिल थे. इस अटैक के बाद तालिबान ने भी रिएक्शन दिया है और जवाबी कार्रवाई करने की बात कही है.
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब दोनों देशों के बीच संबंध पहले से तनावपूर्ण बने हुए हैं. हाल ही में काबुल ने सऊदी अरब की मध्यस्थता से तीन पाकिस्तानी सैनिकों को रिहा किया था, जिसे सीमा पर महीनों से जारी झड़पों के बाद तनाव कम करने की दिशा में कदम माना जा रहा था. हालांकि, अफगानिस्तान की तालिबान सरकार की ओर से इस मामले पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है. काबुल पहले भी इन आरोपों से इनकार करता रहा है कि वह अपने क्षेत्र का इस्तेमाल पाकिस्तान के खिलाफ आतंकी गतिविधियों के लिए होने देता है. विशेषज्ञों का मानना है कि इस घटनाक्रम से क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति और अधिक जटिल हो सकती है. अब सवाल यह है कि यदि अफगानिस्तान की तरफ से भी जवाबी कार्रवाई की जाती है तो पाकिस्तान आगे क्या कर सकता है. अफगानिस्तान की तालिबान सरकार के पास ऐसे कौन-कौन से हथियार हैं, जिनके दम पर वे पाकिस्तान को जवाब देने की बात कर रहे हैं. यदि जंग की स्थिति बनती है तो पाकिस्तान किन हथियारों के दम पर काबुल को जवाब दे सकता है? मतलब पाकिस्तान और अफगानिस्तान के पास मौजूदा समय में कौन-कौन से हथियार हैं, जिनके बल पर ये युद्ध के मैदान में टकराने की बात कर रहे हैं.
अफगानिस्तान: M4, M16, AK-47, मोर्टार…
अफगानिस्तान में सत्ता परिवर्तन के बाद छोटे हथियारों का सबसे बड़ा जखीरा सामने आया है. रिपोर्टों के मुताबिक, तालिबान के पास बड़ी संख्या में अमेरिकी निर्मित आधुनिक राइफलें जैसे M4 और M16 मौजूद हैं. पुराने रूसी डिजाइन पर आधारित हथियारों जैसे AK-47 राइफल भी बड़ी संख्या में उपलब्ध हैं. तालिबान के पास हजारों सैन्य वाहन मौजूद हैं, जिनमें बख्तरबंद हमवी (Humvee), हल्के सामरिक वाहन और माइन-रेसिस्टेंट एम्बुश प्रोटेक्टेड (MRAP) वाहन शामिल हैं. ये वाहन विशेष रूप से बारूदी सुरंगों और घात लगाकर किए जाने वाले हमलों से सुरक्षा के लिए डिजाइन किए गए हैं. भारी हथियारों के क्षेत्र में भी अफगानिस्तान के पास पर्याप्त संसाधन मौजूद बताए जाते हैं. इनमें मोर्टार, रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (RPG) लॉन्चर, रिकॉयलेस राइफल (SPG-9) और विभिन्न प्रकार की मशीन गन शामिल हैं. RPG लॉन्चर बख्तरबंद वाहनों और मजबूत संरचनाओं को नष्ट करने के लिए उपयोग किए जाते हैं. नाइट विजन गॉगल्स, थर्मल स्कोप और उन्नत संचार उपकरण होने की बात भी कही जाती है. रिपोर्टों में दावा किया गया है कि काबुल ने कई हेलीकॉप्टरों पर कब्जा किया है, जिनमें UH-60 ब्लैक हॉक जैसे आधुनिक सैन्य हेलीकॉप्टर शामिल हैं. अफगानिस्तान के पास मैन-पोर्टेबल एयर डिफेंस सिस्टम (MANPADS) जैसी मिसाइल प्रणालियां भी मौजूद हैं।. ये कंधे से दागी जाने वाली मिसाइलें लो-हाइट पर उड़ने वाले विमानों और हेलीकॉप्टरों को निशाना बनाने में सक्षम होती हैं.
पाकिस्तान: F-16, शाहीन मिसाइल, न्यूक्लियर वेपन…
पाकिस्तान के पास कई मॉडर्न एज वेपन सिस्टम्स हैं. अमेरिकी F-16 फाइटर के साथ ही चीन की मदद से डेवलप JF-17 जैसे फाइटर जेट्स हैं. लंबी दूरी तक मार करने वाली शाहीन सीरीज की मिसाइल्स भी पाकिस्तानी सेना के पास हैं. सबसे बड़ी बात है कि पाकिस्तान परमाणु हथियार संपन्न देश है. हथियार के मामले में पाकिस्तान अपने पड़ोसी देश अफगानिस्तान से कहीं ज्यादा ताकतवर है. पाकिस्तान अपनी सैन्य ताकत को आधुनिक बनाने के लिए थल, वायु और नौसेना तीनों मोर्चों पर लगातार संसाधनों को मजबूत कर रहा है. आर्मी के पास अल खालिद, अल खालिद II और टाइप 69-IIMP जैसे मुख्य युद्धक टैंक, बख्तरबंद वाहन (APCs) और माइन रेसिस्टेंट एंबुश प्रोटेक्टेड व्हीकल (MRAPs) शामिल हैं, जो युद्धक्षेत्र में सुरक्षा और मारक क्षमता बढ़ाते हैं. नौसेना के पास तुगरिल क्लास के फ्रिगेट, और पनडुब्बियां हैं, जो समुद्री सुरक्षा को मजबूत बनाती हैं. वहीं, Pakistan Ordnance Factories स्वदेशी स्तर पर ऑटोमेटिक राइफल, मशीन गन और टैंक रोधी हथियार सहित विभिन्न छोटे हथियारों का उत्पादन करता है, जिससे रक्षा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलता है.
About the Author

बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…और पढ़ें
February 22, 2026, 10:21 IST





