Last Updated:
राजपाल यादव को 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में हैं. फिल्म इंडस्ट्री के सोनू सूद, गुरमीत चौधरी, कमाल आर खान समेत कई कलाकार उनके सपोर्ट में आए. अब एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह वह राजपाल के घर को लंगर हॉल बता रहे हैं. वह कहते हैं कि जब इंडस्ट्री में लोग संघर्ष कर रहे थे, तब राजपाल यादव ने उन्हें सहारा दिया था.

राजपाल यादव के बहुत अच्छे दोस्त हैं नवाजुद्दीन सिद्दीकी.
मुंबई. राजपाल यादव को 4 फरवरी को 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल भेजा गया था. उनके सरेंडर की खबर के बाद फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के कई लोग, जैसे सोनू सूद, गुरमीत चौधरी और कमाल आर खान, उनके समर्थन में आगे आए हैं. इसी बीच नवाजुद्दीन सिद्दीकी का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें वह राजपाल यादव के बारे में बात कर रहे हैं. दोनों कलाकारों का रिश्ता एनएसडी के दिनों से है, जो तीन दशक से भी ज्यादा पुराना है.
नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने द लल्लनटॉप को दिए इंटरव्यू में कहा था, “जब राजपाल को अच्छा काम मिल रहा था, तब वह बहुत लोगों को खाना खिलाते थे. जब हम इंडस्ट्री में संघर्ष कर रहे थे, तब उन्होंने हमारी मदद की. वह कभी पीछे नहीं हटे. उन्होंने कई संघर्ष कर रहे कलाकारों की मदद की है. उनका घर एक लंगर की तरह था-कोई भी आकर खाना खा सकता था. वह बहुत मजाक करते हैं, लेकिन असल में वह बहुत संवेदनशील इंसान हैं.”
फर्स्टपोस्ट को दिए एक पुराने इंटरव्यू में राजपाल यादव ने नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ अपने रिश्ते और एक्टिंग की शुरुआती ट्रेनिंग के दिनों के बारे में बात की. राजपाल यादव ने कहा, “मैं एनएसजी में गया और वह पास आउट हो चुके थे, तो मैंने उनके नाटक देखे. फिर हम एनएसडी गए, मैं पहले साल में था और वह दूसरे साल में. वह 1996 में मुंबई आए और मैं 1997 में. हम दोनों को 1999 में ‘शूल’ और ‘जंगल’ मिली और उसी साल 18 या 19 नवंबर को ‘जंगल’ की शूटिंग शुरू हुई. नवाज और मैंने सबसे कम काम साथ में किया है.”
राजपाल यादव ने नवाजुद्दीन सिद्दीकी को बताया बहुत अच्छा दोस्त
राजपाल यादव ने दोस्ती के बारे में बात करते हुए कहा कि दोनों के बीच गहरी समझ है. उन्होंने कहा, “हम एक-दूसरे की आंखों में गहराई समझते हैं. नवाज भाई को पहले काम नहीं मिला, छोटे रोल मिले, लेकिन वह तब मेरे लिए आज से दस गुना बड़े थे. हमारा रिश्ता बहुत संवादपूर्ण है और वह बेहतरीन अभिनेता हैं. हम हमेशा एक-दूसरे की तारीफ करते रहे हैं. मैंने कभी किसी को नहीं बताया कि हम कितने अच्छे दोस्त हैं और हमेशा रहेंगे.”
क्या है राजपाल यादव का केस
यह कानूनी विवाद 2010 से जुड़ा है, जब राजपाल यादव ने अपनी डायरेक्टोरियल डेब्यू ‘अता पता लापता’ के लिए 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई, जिससे वह लोन चुकाने में असफल रहे. सालों में ब्याज और पेनल्टी के कारण यह रकम बढ़कर करीब 9 करोड़ रुपये हो गई. तिहाड़ जेल में सरेंडर करने से पहले राजपाल यादव ने मीडिया से भावुक बयान दिया. उन्होंने कहा, “मैं क्या करूं? मेरे पास पैसे नहीं हैं. मुझे कोई और रास्ता नहीं दिखता. सर, मैं बिल्कुल अकेला हूं. कोई दोस्त नहीं है. मुझे इस संकट का सामना खुद ही करना है.”
About the Author
रमेश कुमार, सितंबर 2021 से न्यूज 18 हिंदी डिजिटल से जुड़े हैं. इससे पहले एबीपी न्यूज, हिंदीरश (पिंकविला), हरिभूमि, यूनीवार्ता (UNI) और नेशनल दुनिया में काम कर चुके हैं. एंटरटेनमेंट, एजुकेशन और पॉलिटिक्स में रूच…और पढ़ें
Mumbai,Maharashtra
February 11, 2026, 16:04 IST





