Agency:एजेंसियां
Last Updated:
Prince Harry Visit Ukraine: ब्रिटेन के प्रिंस हैरी अचानक यूक्रेन पहुंचे. रातभर ट्रेन सफर के बाद कीव पहुंचे और घायल सैनिकों से मिलने का कार्यक्रम बनाया.
अचानक यूक्रेन पहुंचे प्रिंस हैरी.ब्रिटेन के प्रिंस हैरी ने शुक्रवार को अचानक यूक्रेन का दौरा किया. उनका यह दौरा किसी भी आधिकारिक ऐलान के बिना हुआ. द गार्जियन की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हैरी शुक्रवार तड़के रातभर ट्रेन से सफर करते हुए कीव पहुंचे. रिपोर्ट के मुताबिक, वो लग्जरी कैरेज में सफर कर रहे थे और जब ट्रेन यूक्रेनी राजधानी के प्लेटफॉर्म पर रुकी तो उनका स्वागत भी किया गया.
हैरी का यह दौरा खासतौर पर उन सैनिकों के लिए है जो रूस और यूक्रेन की जंग में घायल हुए हैं. वो यहां अपनी संस्था इनविक्टस गेम्स फाउंडेशन की टीम के साथ पहुंचे. यह संस्था उन सैनिकों की मदद करती है जो युद्ध में घायल होकर ज़िंदगी की लड़ाई लड़ रहे हैं. हैरी ने बातचीत में कहा— “हम युद्ध को रोक तो नहीं सकते, लेकिन रिकवरी और ठीक होने की प्रक्रिया में जितनी मदद हो सके, करनी चाहिए.”
ब्रिटेन की नई विदेश मंत्री भी पहुंचीं कीव
दिलचस्प बात यह रही कि हैरी का यह दौरा उसी दिन हुआ जब ब्रिटेन की नई विदेश मंत्री यवेट कूपर भी कीव में मौजूद थीं. विदेश मंत्री बनने के बाद यह उनका पहला विदेशी दौरा था. इस वजह से दोनों नेताओं का एक साथ कीव में होना चर्चा का विषय बना हुआ है.
द गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक, हैरी का शेड्यूल काफी व्यस्त है. उनके यूक्रेनी प्रधानमंत्री यूलिया स्विरिडेंको से मिलने का कार्यक्रम तय है. इसके अलावा वह लगभग 200 यूक्रेनी वेटरन्स से भी मुलाकात करने वाले हैं. इस मुलाकात का मकसद उनका हौसला बढ़ाना और दुनिया को दिखाना है कि घायल सैनिक अकेले नहीं हैं.
परिवार से रिश्तों पर भी नजर
हैरी इस सोमवार को 41 साल के होने वाले हैं. जन्मदिन से ठीक पहले उनकी एक और अहम मुलाकात हुई. इस हफ्ते की शुरुआत में उन्होंने ब्रिटेन जाकर अपने पिता किंग चार्ल्स तृतीय से मुलाकात की. यह मुलाकात खास इसलिए भी रही क्योंकि पिता-पुत्र की यह भेंट लगभग दो साल बाद हुई है.
हैरी का अपने शाही परिवार से रिश्ता पिछले कुछ सालों में ठंडा पड़ा है. 2020 में उन्होंने और उनकी पत्नी मेगन ने राजपरिवार की आधिकारिक जिम्मेदारियों से दूरी बना ली थी. इसके बाद दोनों अमेरिका के कैलिफोर्निया में बस गए. तभी से हैरी और बाकी शाही परिवार के बीच खटास की खबरें आती रही हैं. लेकिन अब उनका यूक्रेन दौरा और पिता से मुलाकात, दोनों ही वजहों से वो फिर से सुर्खियों में हैं.
New Delhi,Delhi
September 12, 2025, 17:31 IST





