इन वाहनों को एडवांस एंफीबियस आल टेरेन वाहन कहते हैं. नाम है एटोर एन1200(एटीवी). पंजाब के अमृतसर और अन्य जिलों में भयानक बाढ़ में सेना अपने साथ एडवांस एम्फीबियस ऑल-टेरेन वाहन (ATV) ATOR N1200 लेकर आई है, जो यहां दिन-रात काम कर रहे हैं. इन वाहनों की खासियत ये है कि ये गहरे पानी में उतर सकता है तो कीचड़ भरी जमीन में घुस सकता है तो ऊबड़-खाबड़ इलाकों में आसानी से चलकर फंसे हुए लोगों को निकाल सकता है.
ये जमीन और पानी दोनों पर चलता है और बर्फ में भी

इसके ड्राइवर केबिन में स्टीयरिंग व्हील नहीं होता. दो लीवर होते हैं, जो बाएं और दाएं पहियों को कंट्रोल करते हैं. ऐसे स्टीयरिंग को स्किड स्टीयरिंग कहते हैं. ये लीवर स्टीयरिंग और ब्रेक दोनों का काम करते हैं. भारत में इस ATV की कीमत करीब ₹2 करोड़ है.
पंजाब की बाढ़ में इसका इस्तेमाल
यह वाहन मूल रूप से यूक्रेन के शेर्प एन 1200 का भारतीय संस्करण है, जिसे भारतीय जरूरतों के अनुसार बदला गया है. भारतीय सेना ने इसे 2024 में अपने बेड़े में शामिल किया. पहली बार ये गणतंत्र दिवस परेड में नजर आया. तब से ये सिक्किम, लद्दाख जैसे कठिन इलाकों में तैनात है. अब पंजाब की बाढ़ में इसका उपयोग हो रहा है.
बाढ़ में उतरकर बचा रहा है लोगों की जान
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इसके वीडियो
यह वाहन सेना की ‘ह्यूमनिटेरियन असिस्टेंस एंड डिजास्टर रिलीफ’ गतिविधियों का हिस्सा है. सोशल मीडिया पर इस वाहन के वीडियो वायरल हो रहे हैं. जहां ये पानी को चीरते हुए आगे बढ़ रहा है, जहां साधारण वाहन असफल हो जाते हैं, वहां ये न केवल बचाव में सहायक है, बल्कि भोजन, दवाइयां और अन्य आवश्यक सामग्री पहुंचाने में भी उपयोगी है.

ये वाहन वास्तव में पानी में तैरता. मतलब ये जमीन पर भी चल सकता है और पानी पर तैर भी सकता है. और अगर बर्फ में जाए तो उसे भी तोड़ता चलता है.
ये 61 घंटे तक लगातार काम कर सकता है
इसके सबसे प्रमुख फीचर हैं इसके विशाल टायर, जो 1.8 मीटर ऊंचे और कम दबाव वाले हैं. ये टायर जमीन पर ट्रैक्शन प्रदान करते हैं. पानी में फ्लोटेशन डिवाइस तथा प्रोपेलर के रूप में काम करते हैं. यह 1 मीटर ऊंची बर्फ या बर्फीली सतह को तोड़ सकता है. इसका ईंधन टैंक 232 लीटर का है, जिसमें अतिरिक्त 90 लीटर का विकल्प है, जो 61 घंटे तक की ऑपरेशनल रेंज देता है.

चाहे घने जंगल हों, उबड़-खाबड़ ज़मीनें, बजरी, पीट, दलदल, बर्फ, झील या नदी, ये वाहन हर जगह चल सकता है.
एटोर एन1200 कैसे काम करता है?
ATOR N1200 का काम करने का तरीका इसकी हाइब्रिड डिजाइन पर आधारित है. जमीन पर इसके बड़े टायर घर्षण पैदा करते हैं, जो ऊबड़-खाबड़ रास्तों, रेतीले मैदानों या बर्फीली सतहों पर आसान बनाते हैं. पानी में प्रवेश करते ही टायर फ्लोट करते हैं, तब रोटेशन से प्रोपेलर की तरह काम करते हैं, जिससे वाहन तैरता और आगे बढ़ता है। इसका फ्लैट-बॉटम डिजाइन पानी में स्थिरता प्रदान करता है.
यह बर्फ तोड़ने के लिए आगे-पीछे हिल सकता है. सैन्य उपयोग में, यह सैनिकों और सामान को दुर्गम क्षेत्रों में पहुंचाता है, जैसे हिमालयी सीमाओं पर. बाढ़ में, यह पानी में उतरकर लोगों को निकालता है, जहां नावें या ट्रक असफल हो जाते हैं. अमृतसर में सेना ने इसे NDRF और SDRF के साथ तालमेल में उपयोग किया, जहां यह गहरे पानी में ग्रामीणों को सुरक्षित ले जा रहा है.





