Last Updated:
Ramanand Sagar Vidhu Vinod Chopra Relations : भगवान श्रीराम के आदर्श को जीवन में अपनाने की बात कही जाती है. बॉलीवुड में एक परिवार ऐसा भी है जिसने धार्मिक ग्रंथ रामायण पर कालजयी टीवी सीरियल बनाया. पॉप्युलैरिटी के मामले में इस टीवी सीरियल ने इतिहास रच दिया. क्या कभी आपने सोचा है कि एक भाई रामायण जैसा आदर्श टीवी सीरियल बनाए और दूसरा भाई रियल लाइफ में तीन-तीन शादियां करे. हकीकत में ऐसा हुआ है. इन दोनों के पिता की हकीकत तो और भी चौंकाने वाली है.

रामायण टीवी सीरियल का नाम आते ही रामानंद सागर की तस्वीर दिमाग में ताजा हो जाती है. उन्होंने श्रीकृष्णा भी बनाया, वो भी बहुत पॉप्युलर हुआ था. रामानंद सागर ने कई सुपरहिट फिल्मों का निर्देशन किया है जिसमें चरस, आरजू, गीत, आंखें और प्रेम बंधन शामिल हैं. रामानंद सागर का असली नाम चंद्रमौली चोपड़ा था. जन्म लाहौर के नजदीक असल गुरु नामक स्थान पर 29 दिसम्बर 1917 को एक संपन्न परिवार में हुआ था. बंटवारे के बाद भारत आए थे.

पृथ्वी थिएटर में स्टेज मैनेजर के रूप में अपने करियर की शुरुआत करने वाले रामानंद सागर के साथ विधु विनोद चोपड़ा का नाम जरूर लिया जाता है. विधु विनोद चोपड़ा रामानंद सागर के सौतेले भाई हैं. दोनों भाइयों की उम्र में करीब 35 साल का फासला है.

दरअसल, रामानंद सागर के पिता डीएन चोपड़ा ने दो शादियां की थीं. डीएन चोपड़ा की पहली पत्नी का निधन हो गया था. पहली पत्नी से रामानंद सागर हुए और दूसरी पत्नी शांति देवी से विधु विनोद चोपड़ा पैदा हुए. रामानंद सागर को उनकी नानी ने गोद लिया था. उनका नाम बदलकर रामानंद सागर रखा था. इस तरह से चंद्रमौली चोपड़ा रामानंद सागर बन गए.

रामानंद सागर अपने छोटे भाई से बेहद प्यार करते थे. दोनों के बीच बहुत अच्छी बॉन्डिंग थी. रामानंद सागर की तरह विधु विनोद चोपड़ा भी बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं. उन्होंने ने 1985 में आई ‘खामोश’ फिल्म से डायरेक्शन करियर शुरू किया था. 1989 में आई ‘परिंदा’ मूवी से उन्हें खास पहचान मिली. ‘मिशन कश्मीर’, ‘1942: ए लव स्टोरी’ और 12वीं फेल जैसी सुपरहिट फिल्में भी उन्होंने बनाई हैं.

निजी जिंदगी की बात करें तो विधु विनोद चोपड़ा ने तीन शादियां रचाई हैं. उन्होंने पहली शादी फिल्म एडिटर रेणु सलूजा से 1976 में की थी. 1983 में तलाक हो गया. फिर उन्होंने फिल्म निर्माता शबनम सुखदेव से 1985 में सात फेरे लिए. यह शादी सिर्फ चार साल चल पाई ओरु 1989 में तलाक हो गया. तीसरी शादी उन्होंने फिल्म समीक्षक अनुपमा चोपड़ा से 1 जून, 1990 में की. यह शादी उनकी सफल रही.

रामानंद सागर की निजी जिंदगी की बात करें तो उनका विवाह लीलावती से हुआ था. चार बेटे आनंद, प्रेम, मोती और सुभाष और एक बेटी सरिता सागर हुईं. दिसंबर 2019 में उनके बेटे प्रेम सागर ने उनकी बॉयोग्राफी लिखी थी. नाम है : एन एपिक लाइफ: रामानंद सागर, फ्रॉम बरसात टू रामायण. इस किताब में रामानंद सागर की के जीवन के संघर्षों. एक क्लर्क से लेकर सर्वकालिक महान फिल्म निर्माताओं बनने का सफर दर्शाया गया है.
August 21, 2025, 19:35 IST





