मनोरंजन » ‘एआई मुझे डराती है, अभिषेक बच्चन का तकनीक पर बेबाक बयान, कहा- इससे एक्टर्स को हो सकता है नुकसान

‘एआई मुझे डराती है, अभिषेक बच्चन का तकनीक पर बेबाक बयान, कहा- इससे एक्टर्स को हो सकता है नुकसान

Facebook
Twitter
WhatsApp

नई दिल्ली. अभिषेक बच्चन ने AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) को लेकर बड़ी बात कही है. उनका मानना है कि यह नई तकनीक कलाकारों के करियर के लिए बड़ा खतरा बन सकती है. एक हालिया इवेंट में अभिषेक ने साफ शब्दों में कबूला कि एआई से उन्हें डर लगता है और वो इसे लेकर बिल्कुल भी सहज नहीं हैं. उनका कहना है कि अगर इसका इस्तेमाल जिम्मेदारी से नहीं हुआ, तो एक्टर्स को काफी नुकसान उठाना पड़ सकता है. हालांकि वो इसके बारे में लगातार पढ़ रहे हैं, लेकिन फिलहाल उन्हें इससे डर ही लगता है.

ईटी नाउ ग्लोबल बिजनेस समिट 2026 में अभिषेक बच्चन ने बताया कि एआई का इस्तेमाल बहुत जिम्मेदारी से होना चाहिए. उन्होंने कहा, ‘एआई मुझे डराती है और सच तो यह है कि हर एक्टर को इससे डरना चाहिए. क्रिएटिव फील्ड में एआई बहुत कुछ बदलने वाला है. अगर इसका सही से इस्तेमाल नहीं हुआ, तो यह एक्टर्स के करियर के लिए नुकसानदेह हो सकता है. हां, पर्दे के पीछे एनिमेशन और स्पेशल इफेक्ट्स के लिए यह काफी मददगार है. इससे काम के घंटे कम होंगे और फिल्म का बजट भी घट सकता है.’

अभिषेक बच्चन ने एआई से बनी देखी हैं कईं चीजें

उन्होंने कहा कि क्रिएटिव नजरिए से मैंने एआई से बनी कई चीजें देखी हैं. वो देखने में तो शानदार लगती हैं, लेकिन उनमें रूह गायब होती है. इंसान की बनाई चीजों में जो कमियां और एहसास होते हैं, वही उसे खास बनाते हैं और वो एआई में नहीं मिल सकता.

कई क्षेत्रों को प्रभावित करेगी एआई?

अभिषेक बच्चन का मानना है कि एआई सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं, बल्कि कई और क्षेत्रों को भी हिलाकर रख देगा. उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि मेडिकल और लीगल फील्ड में एआई की वजह से काफी उथल-पुथल मचने वाली है. जहां तक क्रिएटिविटी और फिल्मों की बात है, तो मैं अभी इस दुविधा में हूं कि यह हमारे लिए फायदेमंद होगा या नहीं. मुझे अभी एआई की पूरी समझ नहीं है, इसलिए मैं इसे लेकर पूरी तरह सहज महसूस नहीं करता. हालांकि, मैं इसके बारे में लगातार पढ़ और सीख रहा हूं.’

वायरल हुआ था अभिषेक बच्चन का एआई वीडियो

पिछले कुछ महीनों में सोशल मीडिया पर एआई से बना कंटेंट तेजी से वायरल हुआ है. अभिषेक का यह बयान इसलिए भी खास है क्योंकि कुछ ही हफ्ते पहले फैंस ने डॉ. इंसेन के गाने ‘जस्ट ए बॉय’ के एक एनिमेटेड वीडियो में उन्हें एआई अवतार में दिखाया था. इस वीडियो में अभिषेक को उनकी फिल्म ‘गुरु’, ‘ब्लफमास्टर’, ‘दसवीं’ और ‘धूम’ जैसे यादगार किरदारों के एआई लुक में पेश किया गया था.

शाहरुख खान की ‘किंग’ में नजर आएंगे अभिषेक बच्चन

वर्क फ्रंट की बात करें तो अभिषेक बच्चन जल्द ही सिद्धार्थ आनंद की फिल्म किंग में नजर आने वाले हैं. इस फिल्म की स्टारकास्ट काफी तगड़ी है, जिसमें शाहरुख खान, सुहाना खान, जैकी श्रॉफ, अनिल कपूर, अरशद वारसी, रानी मुखर्जी, दीपिका पादुकोण, जयदीप अहलावत और अभय वर्मा जैसे बड़े नाम शामिल हैं. यह फिल्म इसी साल रिलीज होने वाली है, जिसे रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स के बैनर तले बनाया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share Market

Share Market

Gold & Silver Price

Should NEET exam be conducted again?

टॉप स्टोरी