खेल » ‘इतना इंटरेस्टेड था…’, शक्तिमान का रोल करना चाहते थे रणवीर सिंह, 3 घंटे तक की मुकेश खन्ना को मनाने की कोशिश

‘इतना इंटरेस्टेड था…’, शक्तिमान का रोल करना चाहते थे रणवीर सिंह, 3 घंटे तक की मुकेश खन्ना को मनाने की कोशिश

Facebook
Twitter
WhatsApp

नई दिल्ली. मुकेश खन्ना का ‘शक्तिमान’ 90 के दशक का सबसे पॉपुलर शो रहा है. हर वर्ग के दर्शकों ने इसे पसंद किया, खासकर बच्चों के बीच इसका जबरदस्त क्रेज था. लंबे समय से ‘शक्तिमान’ पर फिल्म बनाने की बात चल रही हैं, लेकिन अभी तक हीरो का नाम फाइनल नहीं हो पाया है. हाल ही में मुकेश खन्ना ने बताया कि शक्तिमान फिल्म (ट्रिलॉजी) तकनीकी कारणों और कास्टिंग को लेकर असहमति के चलते रोक दी गई है. साथ ही उन्होंने रणवीर सिंह को लेकर भी बात की.

Galatta India को दिए इंटरव्यू में मुकेश खन्ना ने बताया कि भले ही सोनी इंटरनेशनल के पास 7 सालों के लिए फिल्म के अधिकार हैं, लेकिन उन्होंने यह सुनिश्चित किया है कि किरदार को लेकर कोई समझौता नहीं होगा. उन्होंने कहा, ‘आईपीआर अब भी मेरे पास है. लेकिन, हमने उन्हें 7 साल के लिए फिल्म बनाने के अधिकार दिए हैं. मैंने लिखवा दिया है कि फिल्म में शक्तिमान की आत्मा नहीं बदलेगी. उन्होंने लिखा है कि हम शक्तिमान के मूल्यों को नहीं बदलेंगे.’

मुकेश खन्ना को इस बात का पछतावा

मुकेश खन्ना ने खुलासा किया कि उनके पास यह अधिकार नहीं है कि वे तय कर सकें कि शक्तिमान का रोल कौन निभाएगा. उन्होंने कहा, ‘मैं लिखवा नहीं पाया कि मेरी परमिशन से ही कास्टिंग होगी. अब उनका कहना है कि हम आपसे पूछेंगे जरूर, लेकिन आखिरी फैसला हमारा ही होगा. यहीं मैं अटक गया.’

किरदार में बदलाव नहीं होगा स्वीकार

दिग्गज एक्टर ने साफ कहा कि वह ऐसे किसी बदलाव को स्वीकार नहीं करेंगे, जो किरदार को गलत तरीके से पेश करे. मुकेश खन्ना ने बताया, ‘अगर शक्तिमान किसी डिस्को में डांस कर रहा है और मैं कहूं कि मुझे यह पसंद नहीं है, फिर भी आप अपनी मर्जी करोगे, तो फिर मुझसे पूछने का क्या मतलब?’.

‘शक्तिमान’ पर बनेंगी 3 फिल्में

शक्तिमान पर तीन फिल्में बनेंगी और हर मूवी का बजट 150 से 200 करोड़ रुपये के बीच है. मुकेश खन्ना का कहना है कि वह किसी तरह का समझौता नहीं करेंगे. वह बोलते हैं, ‘आप राम के रोल में रावण जैसे दिखने वाले को नहीं डाल सकते. आज के बच्चों को शक्तिमान की जरूरत है. यहां तक कि मुझे भी नहीं पता कि वह कब आएगा.’

रणवीर सिंह को लेकर क्या बोले मुकेश खन्ना?

अफवाहें थीं कि रणवीर सिंह को शक्तिमान की भूमिका के लिए कास्ट किया जा सकता है. इस पर मुकेश खन्ना ने कहा, ‘रणवीर मेरे ऑफिस आया, मेरे साथ तीन घंटे बैठा. बहुत अच्छी मुलाकात थी, वह बहुत अच्छा एक्टर और इंसान है. इतना इंटरेस्टेड था कि तीन घंटे तक मुझे कन्विंस करने की कोशिश करता रहा. लेकिन आखिरकार, मुझे हमेशा लगा कि उसे शक्तिमान के रोल में कास्ट नहीं किया जा सकता. इस बात पर मैं आज भी अडिग हूं.’

कानूनी लड़ाई के लिए तैयार हैं मुकेश खन्ना

मुकेश खन्ना कहते हैं कि अगर जरूरत पड़ी तो वे कानूनी लड़ाई के लिए भी तैयार हैं. उन्होंने कहा, ‘अब ये एक जंग है. अगर आप मेरी बात नहीं सुनेंगे, तो जाइए और बिना मुझे शामिल किए शक्तिमान बना लीजिए. मैं तब तक लड़ूंगा जब तक लड़ सकता हूं. अगर जरूरत पड़ी तो मैं उन्हें कोर्ट ले जाऊंगा. मैं शक्तिमान के गाने और म्यूजिक रिलीज नहीं कर सकता, क्योंकि मैंने गलती से उन्हें किसी और को बेच दिया था.’

बच्चों के बीच पॉपुलर था ‘शक्तिमान’ शो

बताते चलें कि ‘शक्तिमान’ भारत का पहला सुपरहीरो टीवी शो था, जो दूरदर्शन पर 1997 से 2005 तक प्रसारित हुआ. इसे मुकेश खन्ना ने बनाया और खुद ही शक्तिमान की भूमिका निभाई. यह कहानी पंडित गंगाधर की थी, जो एक सरल और दयालु फोटोग्राफर था. उसने गहरी साधना और पंचतत्वों से जुड़ाव के माध्यम से खास शक्तियां हासिल कीं. इन शक्तियों का उपयोग वह शक्तिमान बनकर बुराई के खिलाफ लड़ने के लिए करता है और अपनी असली पहचान छिपाकर रखता है. लगभग 450 एपिसोड के साथ यह शो कहानी और नैतिक शिक्षा देने वाली कहानियों की वजह से बच्चों के बीच बेहद पॉपुलर रहा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share Market

Share Market

Gold & Silver Price

Should NEET exam be conducted again?

टॉप स्टोरी