Chaos in Delhi Kolkata Indigo Flight: दिल्ली से कोलकाता जा रही इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 6571 सोमवार को विवाद की वजह से सुर्खियों में आ गई. जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट में बैठे एक यात्री ने कथित रूप से शराब पी रखी थी और नशे की हालत में जोर-जोर से ‘हर हर महादेव’ और ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाने लगा.
क्रू मेंबर से भी की बदतमीजी
दरअसल, बताया जा रहा है कि यह यात्री, जो कि पेशे से वकील है और 31D सीट पर बैठा था, वह अपने साथ एक सॉफ्ट ड्रिंक की बोतल में शराब लेकर आया था. जब क्रू मेंबर्स ने उससे इस बारे में पूछताछ की, तो उसने एक मुस्लिम महिला क्रू सदस्य के साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की.
यात्री को सुरक्षा अधिकारियों को सौंपा
स्थिति बिगड़ने पर इंडिगो स्टाफ ने उसे ‘अनियंत्रित यात्री’ घोषित कर दिया और फ्लाइट के कोलकाता पहुंचने पर उसे एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारियों को सौंप दिया गया.
घटना के बाद दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
इंडिगो का बयान
इंडिगो ने इस घटना पर अपना बयान भी जारी किया है. उन्होंने कहा, हम 1 सितंबर 2025 को दिल्ली से कोलकाता जाने वाली इंडिगो फ्लाइट (6E 6571) में हुई घटना से अवगत हैं. उड़ान के दौरान एक यात्री, जो शराब के नशे में था, उसने केबिन क्रू के साथ दुर्व्यवहार किया और अन्य यात्रियों को भी परेशान किया. तय नियमों के अनुसार उस यात्री को “अनरुली” (अशांत/दुर्व्यवहार करने वाला) घोषित किया गया और विमान के कोलकाता पहुंचते ही उसे सुरक्षा अधिकारियों के हवाले कर दिया गया. इसके अलावा संबंधित अधिकारियों के पास औपचारिक शिकायत भी दर्ज की गई है.
इंडिगो का कहना है कि कंपनी का किसी भी तरह के दुर्व्यवहार या अशांत आचरण के लिए ज़ीरो टॉलरेंस पॉलिसी है. हम सभी यात्रियों और क्रू के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और सहयोगपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं.
Tags: Delhi news, Kolkata News
FIRST PUBLISHED : September 3, 2025, 11:16 IST





