Last Updated:
5 Bollywood Movies Based on Social Issues : बॉलीवुड में मसाला फिल्मों को सफलता की गारंटी माना जाता है. गंभीर विषयों पर प्रोड्यूसर पैसा लगाने से कतराते हैं, यही वजह है कि सामाजिक मुद्दों पर फिल्में कम बनती है. जो बनती भी हैं, उन्हें बॉक्स ऑफिस पर अच्छा रिस्पांस नहीं मिलता. दर्शक भी ऐसी फिल्मों में रुचि नहीं दिखाते. यह बात अलग है कि समय-समय पर सोशल इश्यूज पर बेस्ड फिल्में आती रही हैं. ऐसी ही 4 फिल्मों की हम बात करने जा रहे हैं जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया. पूरे देश में इन फिल्मों को देखकर बहस भी छिड़ी.सामाजिक जागरुकता भी आई. वो चार फिल्में कौन सी हैं?

सामाजिक मुद्दों को गंभीर विषय माना जाता है. देश का एक खास वर्ग ही इन विषयों पर चर्चा-परिचर्चा करने में रुचि दिखाता है. फिर भी बॉलीवुड के कई राइटर्स ने बड़ी मेहनत से इन गंभीर विषयों को रोचक अंदाज में कहानी में पिरोया और फिल्म बनाई गई. कुछ फिल्मों ने तो बॉक्स ऑफिस पर झंडे ही गाड़ दिए. ये फिल्में हैं : दंगल, पिंक, पैडमैन, टॉयलेट एक प्रेमकथा और ‘तारे जमीं पर’. इनमें से तीन फिल्में तो सिर्फ 3 साल के अंतराल में पर्दे पर आईं.

इस लिस्ट में पहला नाम 26 दिसंबर 2016 में आई आमिर खान की फिल्म ‘दंगल’ फिल्म का आता है. ‘दंगल’ मूवी हरियाणा की रेसलर फोगाट बहनों की कहानी दिखाई गई थी. यह फिल्म दिखाती है कि कैसे हरियाणा के छोटे से गांव बलाली के महावीर सिंह फोगट ने अपनी बेटियों गीता और बबीता को कुश्ती में ट्रेंड करके रूढ़ियों को तोड़ा. यह भी दिखाया गया कि अवसर मिले तो लड़कियां भी लड़कों की बराबरी कर सकती हैं. डायरेक्टर नितेश तिवारी ने क्लाइमैक्स को बहुत ही रोचक अंदाज में पेश किया था. फिल्म में आमिर खान के अलावा साक्षी तंवर, फातिमा सना शेख, सान्या मल्होत्रा नजर आए थे. फिल्म का टाइटल सॉन्ग, ‘बापू सेहत के लिए तो तो हानिकारक है’ बहुत मकबूल हुए थे. 20 करोड़ के बजट में बनी दंगल मूवी ने वर्ल्ड वाइड 2000 करोड़ की कमाई की थी. यह बॉलीवुड की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है.

16 सितंबर 2016 को रिलीज हुई ‘पिंक’ फिल्म को भला कौन भूल सकता है. फिल्म का केंद्रीय विषय ‘सहमति’ था. फिल्म यह संदेश देती है कि जब कोई महिला ‘न’ कहती है, तो उसका मतलब ‘नहीं’ ही होता है. पिंक फिल्म ने लैंगिक भेदभाव और यौन सहमति जैसे मुद्दे को उठाया और उस पुरुषवादी मानसिकता पर सवाल उठाए जो महिलाओं के पहनावे या उनके खान-पान के आधार पर उनके चरित्र का आंकलन करती है. यौन उत्पीड़न की घटनाओं में पीड़िता को ही दोषी ठहराती है.

फिल्म में हमें तापसी पन्नू, अमिताभ बच्चन, कीर्ति कुलहरी, पीयूष मिश्रा और अंगद बेदी लीड रोल में नजर आए थे. फिल्म की कहानी शुजित सरकार ने लिखी थी. डायरेक्शन अनिरुद्ध रॉय चौधरी ने किया था. 23 करोड़ के बजट में गंभीर विषय पर बनी इस फिल्म को दर्शकों ने जबर्दस्त रिस्पांस दिया था. फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 88 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. 103 करोड़ की वर्ल्ड वाइड कमाई की थी. यह एक हिट फिल्म साबित हुई थी.

2017 में सामाजिक मुद्दे पर एक और अच्छी फिल्म सिनेमाघरों में आई थी. फिल्म का नाम था : टॉयलेट एक प्रेमकथा. 11 अगस्त 2017 में रिलीज हुई इस फिल्म को अक्षय कुमार और नीरज पांडे ने प्रोड्यूस किया था. फिल्म में अक्षय कुमार और भूमि पेडनेकर मुख्य भूमिका में थे. फिल्म ने ग्रामीण इलाकों में भारत सरकार के स्वच्छता मिशन को गति दी. 75 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 311 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया था. बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म सुपरहिट निकली थी.

टॉयलेट : एक प्रेमकथा के सिनेमाघरों में आने के एक साल बाद ही 2018 में सामाजिक मुद्दे पर बनी एक और फिल्म ‘पैडमैन’ पर्दे पर आई थी. फिल्म ने मासिक धर्म में स्वच्छता को बढ़ावा देने का सामाजिक संदेश दिया. साथ ही मासिक धर्म से जुड़ी वर्जनाओं को भी तोड़ा. फिल्म में अक्षय कुमार और राधिका आप्टे मुख्य भूमिकाओं में थे. 20 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने वर्ल्ड वाइड 200 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया था. इसे हिट फिल्म माना जाता है.

आमिर खान ऐसे सुपरस्टार है जिन्होंने सोशल इश्यूज पर कई फिल्में बनाई हैं. 2007 में वो सबसे पहले ‘तारे जमीं पर’ मूवी लेकर आए थे. इस फिल्म डिस्लेक्सिया से पीड़ित बच्चों की चुनौतियों पर बेस्ड थी. फिल्म में दर्शया गया था कि कैसे इन बच्चों को गलत समझा जाता है. हमारा एजुकेशन सिस्टम ऐसे बच्चों की क्रिएटिविटी की पहचान नहीं कर पाता. यह फिल्म इस तरह की बीमारियों से जूझ रहे बच्चों की प्रतिभा को पहचानने और उसे संवेदनशीलता के साथ निखारने पर जोर देती है.

फिल्म में आमिर खान, दर्शील सफारी, टिस्का चोपड़ा, विपिन शर्मा, गिरिजा ओक नजर आई थीं. 18 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने करीब 98 करोड़ की कमाई की थी. ‘तारे जमीं पर’ के लगभग 18 साल बाद आमिर खान एक और फिल्म ‘सितारे जमीं पर’ लेकर आए. इस फिल्म ने भी बॉक्स ऑफिस पर जबर्द्स्त कमाई की है.
August 29, 2025, 14:10 IST





