इज़राइली सेना गाजा शहर में रहने वाले करीब दस लाख लोगों को शहर से बाहर निकाल रही है. गाजा शहर से निकले लोग दक्षिण की ओर बनाए गए “ह्यूमैनिटेरियन ज़ोन” में जा रहे हैं. उनसे वहीं जाने को कहा गया है.

कितना बड़ा है गाजा शहर
गाजा शहर में बहुमंजिला अपार्टमेंट, छोटे-बड़े घर, स्कूल, अस्पताल, खुशनुमा बाजार, पांच सितारा होटल, पिकनिक स्पॉट, समुद्र तट, खेती किसानी, कारोबार सभी कुछ होता था. इसे गाजा पट्टी का एक बड़ा व्यापारिक केंद्र माना जाता था. यहां हस्तशिल्प उद्योग काफी प्रसिद्ध था.
गाजा पट्टी क्या है
गाजा पट्टी दुनिया के सबसे घनी आबादी वाले और संघर्षग्रस्त इलाकों में एक है. यह पश्चिम एशिया का छोटा-सा क्षेत्र है, जो अंतरराष्ट्रीय राजनीति, सुरक्षा और मानवीय संकट के कारण हमेशा खबरों में रहता है.ये पट्टी भूमध्य सागर के पूर्वी तट पर है और इज़राइल और मिस्र के बीच है. इसका कुल क्षेत्रफल करीब 365 वर्ग किलोमीटर है. इस पट्टी की लंबाई 41 किमी और चौड़ाई 6–12 किमी है. इस पूरे इलाके की कुल आबादी 23 लाख है.

गाजा पट्टी की सीमाएं उत्तर और पूर्व में इज़राइल को छूती हैं तो दक्षिण में मिस्र को और उसके पश्चिम में भूमध्य सागर है. गाजा पट्टी को 5 जिलों में बांटा गया है. ये पांच शहर हैं
– गाजा सिटी
– उत्तर गाजा
– देयर अल-बाला
– खान यूनिस
– राफाह
इनके अलावा गाजा पट्टी में कई छोटे गांव और बस्तियां भी हैं. गाज़ा पट्टी के दक्षिणी हिस्से यानि खान यूनिस पर फिलहाल कोई एक निश्चित और स्थायी राजनीतिक अथॉरिटी का कंट्रोल नहीं है बल्कि इज़राइल की सेना का सैन्य नियंत्रण और निगरानी बढ़ गई है.
आबादी बहुत घनी है
किसका है गाजा पट्टी पर कंट्रोल
गाजा पट्टी पर 2007 से हमास का वास्तविक नियंत्रण है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसे अब भी फिलिस्तीन का हिस्सा ही माना जाता है, जिसका औपचारिक प्रशासन फिलिस्तीन अथॉरिटी द्वारा किया जाना चाहिए. हालांकि वेस्ट बैंक (रामल्लाह) से चलने वाली फिलिस्तीन सरकार का यहां कोई सीधा कंट्रोल नहीं है.
गाजा पट्टी पर इज़राइल ने कड़ी नाकेबंदी लगा रखी है. यहां के हवाई और समुद्री क्षेत्र पर इज़राइल का नियंत्रण है.

गाजा पट्टी का प्रमुख शहर और प्रशासनिक केंद्र गाजा सिटी है. लिहाजा गाजा सिटी इस पूरी पट्टी के लिए राजधानी की तरह काम करता था. अब ये देखने वाली बात होगी कि गाजा पट्टी की राजधानी किसे बनाया जाता है. गाजा पट्टी में यूनाइटेड नेशंस द्वारा सैकड़ों स्कूल चलाए जाते हैं. यहां एक इस्लामिक यूनिवर्सिटी और अल-अजहर यूनिवर्सिटी है, जो यहां के प्रमुख उच्च शिक्षा संस्थान हैं. गाजा पट्टी में कई अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्र हैं. पूरे इलाके में बेरोजगारी बहुत ज्यादा है.
गाजा सिटी और गाजा पट्टी किस देश में आते हैं
वेस्ट बैंक इलाके का क्षेत्रफल
वेस्ट बैंक का कुल क्षेत्रफल लगभग 5,640 वर्ग किलोमीटर (2,180 वर्ग मील) है. यह आंकड़ा 1967 की सीमाओं के आधार पर है, जिसमें ईस्ट जेरूसलम शामिल नहीं है. कुछ स्रोतों में इसे 5,655 वर्ग किलोमीटर के रूप में भी माना गया है.

वेस्ट बैंक में शहरों की संख्या
वेस्ट बैंक यानि फिलिस्तीन प्रशासित इलाके में 11 प्रमुख शहर हैं. ये हैं: जेनिन, नाबलुस, टुलकरम, क़ल्किल्या, सल्फीत, रामल्लाह, जेरिको, बेथलहम, हेब्रॉन, यत्ता और जेरूशलम ईस्ट. इनमें से जेरूशलम का दर्जा विवादास्पद है. फिलिस्तीनी प्राधिकरण के अनुसार, वेस्ट बैंक में 101 म्युनिसिपैलिटी हैं, जिनमें से अधिकांश को शहर का दर्जा प्राप्त है इनमें से 7 शहरों की जनसंख्या 1 लाख से अधिक है.





