Last Updated:
Pakistani Actresses worked in Suer hit bollywood movies : बॉलीवुड की कई फिल्मों में पाकिस्तानी एक्टर और एक्ट्रेस ने काम किया है. पाकिस्तान की चार खूबसूरत एक्ट्रेस ऐसी हैं जिन्होंने बॉलीवुड फिल्मों में अपने अभिनय का जलवा बिखेरा. दिलचस्प बात यह है कि ये चारों फिल्में सुपरहिट निकलीं. एक फिल्म तो ग्लोबली ब्लॉकबस्टर निकली. एक पाकिस्तानी एक्ट्रेस को लेकर पूरे भारत में बवाल देखने को मिला. भारी विरोध के बीच फिल्म रिलीज हुई और हिट साबित हुई. वो चार फिल्में और वो चार पाकिस्तानी एक्ट्रेस कौन सी हैं?

वैसे तो पाकिस्तान के कई एक्टर और एक्ट्रेस बॉलीवुड की कई फिल्मों में नजर आ चुके हैं. भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव और विरोध के चलते अब बॉलीवुड में पाकिस्तान के एक्टर-एक्ट्रेस को काम नहीं दिया जा रहा. पाकिस्तान की चार खूबसूरत एक्ट्रेस ऐसी हैं जो लकी चार्म बनकर बॉलीवुड फिल्मों में आईं. जिन फिल्मों में अपने अभिनय का जलवा बिखेरा, वो मूवी सुपरहिट निकलीं. एक मूवी तो ग्लोबल लेवल पर सराही गई.

जब भी किसी पाकिस्तानी एक्ट्रेस की बॉलीवुड मूवी में काम करने की बात आती है तो सबसे पहला नाम जेबा बख्तियार का आता है. जेबा ने 1991 में आई रोमांटिक ड्रामा ‘हिना’ में ऋठि कपूर के अपोजिट काम किया था. हिना फिल्म में भारत-पाकिस्तान के बीच बसे लोगों के रिश्तों को पर्दे पर दिखाया गया था. 28 जून 1991 को रिलीज हुई इस फिल्म में कुल 9 गाने रखे गए थे. म्यूजिक रवींद्र जैन ने दिया था. फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसकी दमदार स्टोरी और गाने थे. फिल्म का बजट करीब दो करोड़ रुपये था और मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर 5 करोड़ का कारोबार किया था. फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 9 करोड़ के आसपास था. यह हिट फिल्म साबित हुई थी.

एक्ट्रेस जेबा बख्तियार की निजी जिंदगी उतार-चढ़ाव से भरी रही. उन्होंने चार बार शादी रचाई लेकिन हर बार तलाक का दर्द झेलना पड़ा. सबसे पहले 1982 में क्वेटा के सलमान वालियानी से शादी की थी. इस शादी से एक बेटी हुई. यह रिश्ता ज्यादा दिनों तक नहीं चला और तलाक हो गया. दूसरी शादी 1989 में मशहूर बॉलीवुड एक्टर और कॉमेडियन जावेद जाफरी से रचाई. यह शादी भी ज्यादा दिन नहीं चली और एक साल के भीतर ही तलाक हो गया. 993 में एक्ट्रेस ने तीसरा निकाह मशहूर सिंगर अदनान सामी से किया. 1997 में रिश्ता तलाक में बदल गया. एक बेटा अजान सामी खान हुआ. 2008 में जेबा ने सोहेल खान लेघारी से चौथी शादी थी. सोहेल और जेबा अब खुशहाल शादीशुदा जिंदगी जी रहे हैं.

इस लिस्ट में दूसरा नाम पाकिस्तानी एक्ट्रेस माहिरा खान का है. माहिरा खान ने 2017 में आई शाहरुख खान की फिल्म रईस से बॉलीवुड में डेब्यू किया था. रईस फिल्म को शाहरुख खान की होम प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज ने फरहान अख्तर के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया था. राहुल ढोलकिया फिल्म के डायरेक्टर थे. माहिरा खान के चलते रईस फिल्म को लेकर देशभर में जबर्दस्त विरोध देखने को मिला था. दरअसल, 18 सितंबर 2016 को जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में भारतीय सेना के कैंप पर आतंकी हमला हुआ था. इस हमले में 19 भारतीय जवान शहीद हो गए थे. देशभर में शोक की लहर थी और आक्रोश के महौल के बीच 25 जनवरी 2017 में जब रईस फिल्म रिलीज हुई तो माहिरा खान का विरोध हुआ. चूंकि फिल्म की शूटिंग उरी अटैक से पहले ही हो गई थी, ऐसे में दोबारा सीन्स फिलमाना संभव नहीं था.

शाहरुख खान ने फिल्म के प्रमोशन के दौरान माहिरा खान को दूर रखा. भारी विरोध के बीच रईस फिल्म हिट साबित हुई. रईस फिल्म में शाहरुख खान का किरदार गैंगस्टर अब्दुल लतीफ से प्रेरित था. फिल्म का बजट 95 करोड़ रुपये का था और मूवी ने 128 करोड़ की कमाई देशभर में की थी. फिल्म ने 303 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. रईस फिल्म अगर आज बनाई गई होती तो यह ब्लॉकबस्टर जरूर निकलती.

7 जुलाई 2017 को एक क्राइम थ्रिलर मूवी मॉम रिलीज हुई थी. इस फिल्म में हमें श्रीदेवी, अक्षय खन्ना, नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ-साथ पाकिस्तानी एक्ट्रेस सजल अली भी नजर आई थीं. सजल ने फिल्म में श्रीदेवी की बेटी का रोल निभाया था. बॉलीवुड में यह उनकी डेब्यू फिल्म थी. फिल्म मां-बेटी के संघर्ष की कहानी दिखाती है. फिल्म को रवि उदयवर ने डायरेक्ट किया था. श्रीदेवी ने सजल की एक्टिंग की खूब तारीफ की थी. सजल पाकिस्तान की हाइएस्ट पेड एक्ट्रेसेस में से एक हैं.

सजल ने 2009 में पाकिस्तानी टीवी शो ‘नादानियां’ में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी. सजल अली ने 2020 में अहद रजा मीर से शादी की थी लेकिन 2022 में दोनों का तलाक हो गया. फिल्म ने 175 करोड़ की कमाई की थी. श्रीदेवी को बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल अवॉर्ड भी मिला था. यह श्रीदेवी की आखिरी फिल्म थी.

2017 में ही एक और फिल्म आई थी ‘हिंदी मीडियम’, जिसमें एक और पाकिस्तानी एक्ट्रेस ने बॉलीवुड में कदम रखा था. नाम था : सबा कमर. ‘हिंदी मीडियम’ में हमें इरफान खान, दीपक डोबरियाल, स्वाति दास, जसपाल शर्मा, अमृता सिंह लीड रोल में नजर आए थे. इरफान खान को बेस्ट एक्टर का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला था. चीन में इस फिल्म को खूब पसंद किया गया था. दीपक डोबरियाल और इरफान खान की यह पहली फिल्म थी. फिल्म ने गहरा मैसेज समाज को दिया था. करीब 23 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 90 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी. यह एक हिट फिल्म साबित हुई थी.
September 12, 2025, 19:10 IST





