Last Updated:
Online Betting Scam: ED ने कर्नाटक विधायक के.सी. वीरेंद्र पर बड़ी कार्रवाई की. ऑनलाइन सट्टेबाजी रैकेट से जुड़ी 55 करोड़ रुपये की रकम फ्रीज और लग्जरी गाड़ियां जब्त की गईं.
कर्नाटक के नेता और विधायक के.सी. वीरेंद्र के खिलाफ ED की बड़ी कार्रवाई.ED की बेंगलुरु जोनल टीम ने 2 सितंबर को बेंगलुरु और चाल्लकेरे में कई ठिकानों पर छापेमारी की. छापों के दौरान एजेंसी ने 5 लग्जरी गाड़ियां जब्त कीं, जिनमें VIP नंबर वाली मर्सिडीज बेंज भी शामिल है. इसके अलावा लगभग 55 करोड़ रुपये फ्रीज किए गए हैं. इसमें 40.69 करोड़ रुपये वीरेंद्र के 9 बैंक खातों और एक डिमैट अकाउंट से, जबकि करीब 14.46 करोड़ रुपये 262 ‘म्यूल अकाउंट्स‘ से मिले हैं. ये खाते ऑनलाइन सट्टेबाजी वेबसाइटों से जुड़ी रकम को घुमाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे.
दुबई से चल रही थीं तीन कंपनियां
ईडी के मुताबिक, वीरेंद्र का भाई के.सी. तिप्पेस्वामी दुबई से 3 कंपनियां चला रहा है, जिनका सीधा संबंध इन बेटिंग और कॉल सेंटर कारोबार से है. इसके अलावा दुबई में और भी कई शेल कंपनियां बनाई गई हैं, जिनका इस्तेमाल पैसों की हेराफेरी और हवाला लेन-देन में किया जा रहा है.
सट्टेबाजी वेबसाइट ऑपरेटर्स कर रहे थे कंट्रोल
जांच एजेंसी का कहना है कि इस पूरे रैकेट में “म्यूल अकाउंट्स” अहम भूमिका निभा रहे हैं. ये खाते अलग-अलग लोगों के नाम पर खुलवाए गए थे, लेकिन असल में सट्टेबाजी वेबसाइट ऑपरेटर्स इन्हें कंट्रोल कर रहे थे. खिलाड़ियों से जमा हुई रकम इन खातों में घुमाई जाती और फिर हवाला के जरिए बाहर भेज दी जाती थी. फिलहाल ईडी की पूछताछ और जांच जारी है.
Bangalore,Karnataka
September 03, 2025, 22:08 IST





