दिल्ली-NCR और पड़ोसी राज्यों में भारी बारिश का कहर
प्रधानमंत्री कार्यालय ने राज्यों की स्थिति पर रिपोर्ट मांगी है और बचाव कार्यों की निगरानी हो रही है. एनडीआरएफ, सेना और स्थानीय प्रशासन राहत कार्यों में जुटे हैं. दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का सिलसिला अगले दिनों तक जारी रहने की संभावना है, जिससे बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है.
September 3, 2025 20:37 IST
Delhi Yamuna Flood LIVE: दिल्ली में यमुना का जलस्तर 207.39 मीटर
राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर 207.39 मीटर पर पहुंच गया है, जो अब तक का तीसरा सबसे ऊंचा स्तर है. इससे पहले 2023 और 1978 में नदी का जलस्तर इससे ज्यादा दर्ज हुआ था. हालात गंभीर होने से यमुना बाजार, गीता कॉलोनी, मजनू का टीला, कश्मीरी गेट, गढ़ी मेंडू और मयूर विहार जैसे इलाकों में बाढ़ का पानी भर गया है.
अब तक 14 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है और एनडीआरएफ का रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है. प्रभावित परिवारों के लिए आईटीओ, मयूर विहार और गीता कॉलोनी में राहत शिविर बनाए गए हैं.
यमुना के उफान से आउटर रिंग रोड, आईटीओ से रिंग रोड जाने वाला मार्ग और पुरानी दिल्ली रेलवे पुल प्रभावित हुए हैं. वासुदेव घाट और मोनेस्ट्री मार्केट भी बंद कर दिए गए हैं. प्रशासन ने लोगों से निचले इलाकों से दूर रहने और सतर्कता बरतने की अपील की है.
September 3, 2025 20:22 IST
Delhi Flood News LIVE: दिल्ली में यमुना का नया पूर्वानुमान, 4 सितंबर सुबह 8 बजे तक 207.48 मीटर पहुंचेगा
दिल्ली में यमुना का जलस्तर लगातार चिंता बढ़ा रहा है. ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 4 सितंबर की सुबह 8 बजे तक नदी का स्तर 207.48 मीटर तक पहुंच सकता है. यह खतरे के निशान से ऊपर है. हालांकि अधिकारियों का कहना है कि इसके बाद धीरे-धीरे जलस्तर में गिरावट आ सकती है. फिलहाल निचले इलाकों में अलर्ट जारी है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है. राहत और बचाव टीमें तैयार हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके.
September 3, 2025 19:58 IST
दिल्ली में यमुना का कहर LIVE: निचले इलाकों में पानी घुसा, लोग आश्रय स्थलों में मजबूर
यमुना का जलस्तर बुधवार को 207 मीटर से ऊपर पहुंच गया. बढ़ते पानी ने दिल्ली के निचले इलाकों को डुबो दिया है. मजनू का टीला, मदनपुर खादर और बदरपुर में लोग अब अस्थायी शिविरों में रह रहे हैं. लोहे का रेलवे पुल बंद कर दिया गया है और हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. मजनू का टीला बाजार पानी में डूब गया. दुकानदार अनुप थापा ने बताया कि दुकान का सामान खराब हो गया और मरम्मत का खर्च उठाना पड़ेगा. वहीं, निवासी तायरा ने कहा कि महिलाएं शौचालय की कमी से जूझ रही हैं.
कारें, बाइक और फर्नीचर पानी में डूबे पड़े हैं. मोनेस्ट्री मार्केट के दुकानदार सचिन यादव ने कहा कि दुकान बंद होने से आमदनी रुक गई है. यमुना बाजार के रोहित कुमार बोले, “महीना शुरू होते ही कमाई खत्म हो गई.” बदरपुर में कई घर पानी में डूबे हैं और लोग असहाय होकर सब कुछ बर्बाद होते देख रहे हैं. (PTI)
September 3, 2025 19:58 IST
Jammu Floods LIVE: अखनूर सेक्टर में बीएसएफ का हेलीकॉप्टर रेस्क्यू, 45 लोग सुरक्षित निकाले
जम्मू के अखनूर सेक्टर में बीएसएफ ने बुधवार को साहसिक अभियान चलाकर बाढ़ में फंसे 45 लोगों की जान बचाई. इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे. अधिकारियों के मुताबिक, चेनाब नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से गर्खल इलाके के फथू कोटली गांव में पानी घुस गया था. पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें गांव तक नहीं पहुंच पाईं, जिसके बाद बीएसएफ को हेलीकॉप्टर रेस्क्यू के लिए बुलाया गया.
वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. बीएसएफ के हेलीकॉप्टर ने खराब मौसम के बावजूद तीन उड़ानें भरकर सभी फंसे लोगों को सुरक्षित निकाल लिया. अधिकारियों ने बताया कि सभी नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
September 3, 2025 19:54 IST
Delhi Flood LIVE: यमुना खतरे के निशान से ऊपर, NDRF की 5 टीमें अलर्ट पर
दिल्ली में बाढ़ जैसे हालात पर एनडीआरएफ के डीआईजी मोहसेन शाहेदी ने कहा कि पिछले हफ्ते हिमालयी क्षेत्र में भारी बारिश के बाद हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़ा गया. इसके साथ ही दिल्ली में हुई बारिश ने यमुना का जलस्तर और बढ़ा दिया, जो अब खतरे के निशान को पार कर गया है. शाहेदी ने बताया कि कल दोपहर से पांच टीमें तैनात की गई हैं. प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और उन्हें राहत शिविरों में पहुंचा दिया गया है. उन्होंने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है लेकिन एनडीआरएफ पूरी तरह अलर्ट है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है.





