भारत » Breaking News Live: राष्ट्रपति के 14 सवालों पर सुप्रीम सुनवाई, उमर खालिद- शरजील इमाम की जमानत पर भी फैसला

Breaking News Live: राष्ट्रपति के 14 सवालों पर सुप्रीम सुनवाई, उमर खालिद- शरजील इमाम की जमानत पर भी फैसला

Facebook
Twitter
WhatsApp

आज का दिन देश के लिए कई मायनों में बेहद अहम साबित होने वाला है. एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड का शुभारंभ करेंगे, तो वहीं देश की टेक्नोलॉजी क्षमता को नई उड़ान देने वाले सेमीकॉन इंडिया 2025 सम्मेलन का उद्घाटन भी करेंगे.

दूसरी ओर, सुप्रीम कोर्ट में आज एक महत्वपूर्ण संवैधानिक मुद्दे पर सुनवाई होगी. दरअसल राष्ट्रपति और राज्यपालों के लिए विधेयक को मंजूरी देने की समयसीमा तय किए जाने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सुप्रीम कोर्ट ने 14 सवाल पूछे है, जिस पर शीर्ष अदालत आज दूसरे पक्ष की दलीलें सुनेगी.

उधर मुंबई में चल रहे मराठा आंदोलन पर आज दोपहर 3 बजे बॉम्बे हाईकोर्ट सुनवाई करेगा. दिल्ली दंगा साजिश केस में भी बड़ा फैसला आ सकता है. दिल्ली हाईकोर्ट आज मुख्य आरोपियों उमर खालिद, शरजील इमाम, खालिद सैफी और सात अन्य की जमानत याचिकाओं पर आदेश सुनाएगा.

September 2, 2025 09:40 IST

सिंगापुर के पीएम लॉरेन्स वोंग आज से भारत दौरे पर, पहली बार बतौर प्रधानमंत्री आएंगे दिल्ली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आमंत्रण पर सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेन्स वोंग आज से भारत की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर आ रहे हैं. यह उनकी बतौर प्रधानमंत्री भारत की पहली यात्रा होगी. वोंग अपनी पत्नी और एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ आज शाम दिल्ली पहुंचेंगे.

प्रधानमंत्री वोंग की इस यात्रा का उद्देश्य भारत-सिंगापुर संबंधों को और गहरा करना है. 4 सितंबर को उनकी द्विपक्षीय वार्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ होगी. इसके अलावा वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से भी मुलाकात करेंगे.

सिंगापुर, भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ का अहम भागीदार है. सितंबर 2024 में प्रधानमंत्री मोदी की सिंगापुर यात्रा के दौरान दोनों देशों के रिश्ते को कम्प्रिहेन्सिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप के स्तर तक ऊंचा उठाया गया था. प्रधानमंत्री वोंग की यह यात्रा भारत-सिंगापुर राजनयिक संबंधों की 60वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रही है.

भारत और सिंगापुर के बीच आर्थिक, रणनीतिक, तकनीकी और सांस्कृतिक क्षेत्रों में गहरा सहयोग है. इस यात्रा के दौरान दोनों नेता मजबूत और बहुआयामी सहयोग की समीक्षा करेंगे और भविष्य की साझेदारी के नए रास्ते तय करेंगे. साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा.

September 2, 2025 09:19 IST

पंजाब में बाढ़ संकट के बीच CM भगवंत मान आज करेंगे प्रभावित इलाकों का दौरा

पंजाब के कई जिलों में बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है. लोग अपने घरों को छोड़कर आश्रय स्थलों में रहने को मजबूर है. इस बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान आज फिरोजपुर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे. मुख्यमंत्री यहां सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बारेके में बनाए गए राहत कैंप पहुंचेंगे और वहां रुके प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे.

मुख्यमंत्री इन कैंपों में रह रहे लोगों की आवश्यकताओं और प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे. इसके बाद भगवंत मान सीमा क्षेत्र हुसैनीवाला संयुक्त चौकी (JCP) का भी दौरा करेंगे. यहां वे हालात का निरीक्षण करेंगे और बाढ़ से सुरक्षा व राहत कार्यों की प्रगति का आकलन करेंगे.

राज्य सरकार का कहना है कि प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और उनके भोजन, दवाइयों तथा जरूरी सामान की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रयास जारी हैं.

September 2, 2025 09:02 IST

सुप्रीम कोर्ट में राष्ट्रपति के 14 सवालों पर अहम सुनवाई

सुप्रीम कोर्ट में आज एक महत्वपूर्ण संवैधानिक मामले की सुनवाई जारी रहेगी, जिसमें राष्ट्रपति और राज्यपालों द्वारा विधेयकों को मंजूरी देने की समय सीमा तय करने के लिए राष्ट्रपति द्वारा उठाए गए 14 सवालों पर विचार हो रहा है. चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया बी.आर. गवई की अध्यक्षता वाली पांच जजों की संविधान पीठ इस मामले को देख रही है. यह सुनवाई तमिलनाडु सरकार बनाम तमिलनाडु के राज्यपाल (2025) के फैसले से जुड़ी है, जहां कोर्ट ने राज्यपाल द्वारा रोके गए विधेयकों को मंजूरी के लिए 1 से 3 महीने की समय सीमा तय की थी.

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने केंद्र की ओर से तर्क दिया कि समय सीमा तय करना संवैधानिक शक्तियों को कमजोर कर सकता है, और यह संसद का अधिकार है. वहीं, केरल और तमिलनाडु जैसे राज्यों ने इस रेफरेंस की वैधता पर सवाल उठाए, यह कहते हुए कि सुप्रीम कोर्ट पहले ही इस मुद्दे पर स्पष्टता दे चुका है. यह मामला भारत के संघीय ढांचे और शक्तियों के संतुलन के लिए महत्वपूर्ण है.

September 2, 2025 08:59 IST

बिहार को सौगात, सेमीकॉन का उद्घाटन… पीएम मोदी का आज क्या-क्या प्रोग्राम

प्रधानमंत्री मोदी आज बिहार की 20 लाख महिलाओं को बड़ी राहत देने वाले ‘बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड’ का उद्घाटन करेंगे. इस योजना के तहत महिलाओं को कम ब्याज दर पर उद्यम ऋण मिलेगा, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी.

इसके अलावा पीएम मोदी आज चौथे सेमीकॉन इंडिया 2025 का भी उद्घाटन करेंगे. यह तीन दिवसीय सम्मेलन देश की बढ़ती माइक्रो इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर क्षमताओं को प्रदर्शित करेगा. इस आयोजन में 18 देशों की 350 कंपनियां हिस्सा ले रही हैं और अपने नवीनतम उत्पादों और तकनीकी विकास को पेश करेंगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share Market

Share Market

Gold & Silver Price

Should NEET exam be conducted again?

टॉप स्टोरी