व्यापार » निवेश की आदत से कैसे बनाएं असली दौलत, जानें अभिषेक सिंह के टिप्स.

निवेश की आदत से कैसे बनाएं असली दौलत, जानें अभिषेक सिंह के टिप्स.

Facebook
Twitter
WhatsApp

चंदौली: अक्सर हमें लगता है कि अमीर बनने के लिए दिन-रात मेहनत करनी होगी, लेकिन सच्चाई यह है कि सिर्फ मेहनत से नहीं, बल्कि समझदारी से पैसे को काम पर लगाकर ही असली दौलत बनाई जा सकती है. जब आप अपनी सैलरी का एक तय हिस्सा, जैसे कि 30 प्रतिशत, हर महीने सही तरीके से और सही जगह निवेश करते हैं, तो कुछ वर्षों में यही निवेश आपको आपकी सैलरी जितनी या उससे अधिक आय देने लगता है.

लंबे समय तक करें निवेश

म्यूचुअल फंड एक्सपर्ट अभिषेक सिंह ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि हम जब कोई भी वस्तु खरीदते हैं, तो वह कुछ समय तक ही अच्छा लगता है और उसकी उपयोगिता धीरे-धीरे घटती जाती है, जबकि निवेश की कोई उम्र नहीं होती. निवेश जितने लंबे समय तक किया जाए, उतना ही बेहतर रिटर्न मिलता है, क्योंकि उसमें चक्रवृद्धि (compounding) की ताकत जुड़ती है.

निवेश को बनाएं आदत 

आगे उन्होंने बताया कि व्यक्ति की काम करने की एक उम्र होती है, जैसे 50, 55 या 60 वर्ष. इसके बाद नौकरी या आय के अन्य नियमित साधन खत्म हो जाते हैं, ऐसे में यदि आपने अपने कामकाजी वर्षों में नियमित रूप से निवेश किया हो, तो रिटायरमेंट के बाद भी आपके पास एक मजबूत वित्तीय सुरक्षा होती है. यह तभी संभव है, जब आप निवेश को आदत बनाएं. चाहे वो मासिक हो, छमाही या सालाना.

सोच-समझकर करें निवेश 

अभिषेक सिंह यह भी चेतावनी देते हैं कि जल्दीबाजी में निवेश करना खतरनाक हो सकता है. आजकल युवा बिना पूरी समझ के शेयर बाजार के कॉल-पुट ऑप्शंस में पैसा लगा रहे हैं, जहां 100 में से 90 प्रतिशत लोग घाटा उठा रहे हैं. यह कोई अनुमान नहीं, बल्कि भारतीय बाजार नियामक संस्था SEBI के आंकड़े हैं, ऐसे में जल्दबाजी में पैसे डूबाने से बेहतर है कि सोच-समझकर दीर्घकालिक निवेश करें.

अर्थव्यवस्था में करता है निवेश 

वहीं, उन्होंने बताया कि अगर आप इक्विटी म्यूचुअल फंड में पैसा लगाने से डरते हैं, तो आप हाइब्रिड फंड्स को चुन सकते हैं, जो सुरक्षित होते हैं और अच्छे रिटर्न भी देते हैं. याद रखें, जब आप म्यूचुअल फंड में निवेश करते हैं, तो वह फंड देश की अर्थव्यवस्था में निवेश करता है. जैसे-जैसे अर्थव्यवस्था बढ़ती है, वैसे-वैसे आपका पैसा भी बढ़ता है.

अमीर बनने की असली शुरुआत

अभिषेक यह भी मानते हैं कि हमारे घर में बचपन से ही निवेश और शेयर बाजार को लेकर डर पैदा कर दिया जाता है. लोगों को लगता है कि निवेश में सिर्फ जोखिम है, लेकिन सच्चाई यह है कि जोखिम तो हर चीज में है जीवन के हर फैसले में. निवेश को दो हिस्सों में बांट सकते हैं. एक हिस्सा फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में और दूसरा म्यूचुअल फंड में. इससे संतुलन बना रहता है और धन भी सुरक्षित तरीके से बढ़ता है. इसलिए अगर आप चाहते हैं कि आपके पैसे से पैसा बने, तो निवेश की आदत अभी से डालें. धीरे-धीरे, नियमित रूप से और सोच-समझकर. यही है अमीर बनने की असली शुरुआत.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share Market

Share Market

Gold & Silver Price

Should NEET exam be conducted again?

टॉप स्टोरी