खेल » ‘किसी को नहीं पता हम रिश्तेदार हैं, परिवार में…’ अक्षय ओबेरॉय का खुलासा भाई विवेक से कभी कोई रिश्ता नहीं रहा

‘किसी को नहीं पता हम रिश्तेदार हैं, परिवार में…’ अक्षय ओबेरॉय का खुलासा भाई विवेक से कभी कोई रिश्ता नहीं रहा

Facebook
Twitter
WhatsApp

नई दिल्ली. हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में ऐसे कई सेलेब्स हैं, जो एक-दूसरे से खास रिश्ता रखते हैं. इन्हीं में से कुछ ऐसे भाईयों की जोड़ियां भी हैं, जिन्होंने एक-दूसरे को देखते हुए फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा और एक्टिंग में अपना करियर बनाया. अशोक कुमार-अनूप कुमार, अनुपम खेर-राजू खेर से लेकर सनी-बॉबी और अभय देओल तक ऐसे कई स्टार्स इस लिस्ट में शामिल हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि विवेक ओबेरॉय के भी भाई (कजिन) हैं, जो एक्टर हैं कई हिट फिल्मों में काम कर चुके हैं. ये एक्टर और कोई नहीं बल्कि अक्षय ओबेरॉय हैं. हाल ही में उन्होंने विवेक और उनके परिवार के साथ अपने रिश्ते पर खुलकर बात की.

विवेक ओबेरॉय के कजिन बॉलीवुड एक्टर अक्षय ओबेरॉय ने अपने चचेरे भाई और पारिवारिक रिश्तों को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने बताया क्यों उन्होंने कभी अपने अंकल और वेटरन एक्टर सुरेश ओबेरॉय और कजिन विवेक ओबेरॉय का नाम अपने करियर के लिए इस्तेमाल नहीं किया.

अच्छे नहीं हैं दोनों परिवारों के रिश्ते

‘फाइटर’, ‘लव हॉस्टल’, ‘फितूर’ और ‘पीकू’ जैसी फिल्मों में अपनी शानदार एक्टिंग से लोगों के दिलों में खास जगह बनाने वाले बॉलीवुड एक्टर अक्षय ओबेरॉय ने हाल ही में अपने चचेरे भाई विवेक ओबेरॉय के साथ अपने रिश्ते को लेकर बड़ा खुलासा किया है. फ्री प्रेस जर्नल को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि उनके परिवारों के बीच कभी नहीं बनी.

‘किसी को नहीं पता था हम रिश्तेदार हैं’

अक्षय से जब पूछा गया कि क्या विवेक के करियर में आए उतार-चढ़ाव की वजह से उन्हें कभी इंडस्ट्री में नुकसान झेलना पड़ा? इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि ऐसा कभी उनके सामने किसी ने नहीं कहा. अक्षय ने कहा, ‘मुझे लगता है कि मैं ये आत्मविश्वास के साथ कह सकता हूं क्योंकि किसी को नहीं पता था कि हम रिश्तेदार हैं.

‘मैंने अपने रास्ते खुद बनाए’

उन्होंने कहा कि कास्टिंग करने वाले लोगों को भी हमारे रिश्ते के बारे में नहीं पता था. मैंने कभी इसका फायदा नहीं उठाया. मैंने कभी इसका जिक्र नहीं किया. क्योंकि अगर मैं बताता भी, तो मुझे मिलता क्या? सच कहूं तो ये गर्व से नहीं बल्कि दुख के साथ कह रहा हूं कि हमारे बीच कोई असली रिश्ता नहीं था तो मैं उन्हें फोन करके क्या पूछता? मैंने अपने रास्ते खुद बनाए.

परिवारों में कभी नहीं रहा तालमेल

अक्षय ओबेरॉय ने कहा कि उनके मन में कभी विवेक का नाम इस्तेमाल करने का ख्याल नहीं आया, क्योंकि उनके आस-पास के लोग और दोस्त भी वैसा नहीं थे. उन्होंने कहा- मुझे हमेशा पता था कि कोई मेरी मदद नहीं करेगा. मेरे पास कोई मेंटर, गॉडफादर या मार्गदर्शक नहीं था. अब जब मैं कुछ हासिल कर रहा हूं, तब लोग इस रिश्ते को जोड़ रहे हैं. पत्रकार मुझसे पूछते हैं, पहले जिन डायरेक्टर्स के साथ मैंने काम किया, वे कहते हैं, ‘तुमने कभी बताया नहीं.’ मैं कहता हूं – मैं क्या बताता? कुछ बताने के लिए कुछ होना चाहिए न… हमारे परिवारों में कभी तालमेल नहीं रहा. शायद हम एक परिवार के रूप में बदकिस्मत थे. विवेक और उनके पिता दोनों बेहतरीन एक्टर हैं और मुझे इस वंश से होने का गर्व है. लेकिन अगर हम साथ काम कर पाते तो यह और मजेदार होता.’

क्या कर रहे हैं अक्षय और विवेक?

अक्षय ओबेरॉय की अगली फिल्म ‘सन्नी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ है. इस फिल्म में वरुण धवन और जाह्नवी कपूर लीड रोल में हैं. यह फिल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. वहीं, विवेक ओबेरॉय फिलहाल अपनी आगामी फिल्म ‘मस्ती 4’ की शूटिंग में बिजी हैं. इस फिल्म में अफताब शिवदासानी और रितेश देशमुख भी मुख्य भूमिकाओं में हैं. फिल्म का प्रोडक्शन अभी चल रहे हैं और इसकी रिलीज डेट का अभी एलान नहीं हुआ है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share Market

Share Market

Gold & Silver Price

Should NEET exam be conducted again?

टॉप स्टोरी