Last Updated:
फिल्ममेकर पहलाज निहलानी ने हाल ही में खुलासा किया कि एक हीरोइन ने गोविंदा के साथ काम करने से इनकार कर दिया था, क्योंकि उस समय एक्टर इंडस्ट्री में नए थे. इसके बाद एक्ट्रेस की सारी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप होन…और पढ़ें
मशहूर प्रोड्यूसर ने सालों बाद खुलकर बताया पूरा किस्सा.नई दिल्ली. माधुरी दीक्षित 90 के दशक की टॉप हीरोइनों में से एक रही हैं. उन्होंने अपने करियर में लगभग सभी बड़े सितारों के साथ काम किया है. मगर एक बार उन्होंने गोविंदा के साथ फिल्म में काम करने से मना कर दिया था, क्योंकि उस वक्त एक्टर इंडस्ट्री में नए थे. यह खुलासा हाल ही में फिल्ममेकर पहलाज निहलानी ने किया. साथ ही उन्होंने इसके पीछे की वजह भी बताई कि ऐसा क्यों हुआ और किस वजह से हुआ.
पहलाज निहलानी ने माधुरी दीक्षित के इस फैसले के लिए उनके सेक्रेटरी रिक्कू (राकेश नाथ) को जिम्मेदार ठहराया और बताया कि कैसे रिक्कू ने कथित रूप से कुछ प्रोड्यूसर्स के साथ मिलकर गोविंदा के करियर को नुकसान पहुंचाने की साजिश रची थी.
गोविंदा के खिलाफ रची गई थी साजिश
पिंकविला के साथ बातचीत में फिल्ममेकर पहलाज निहलानी ने बताया, ‘मैंने गोविंदा से रिक्कू राकेश नाथ के जरिए मुलाकात की थी. मैंने ही उन्हें माधुरी दीक्षित का मैनेजर बनने की सिफारिश की थी. मैंने गोविंदा को माधुरी के अपोजिट साइन किया था और रिक्कू को उनका सेक्रेटरी अपॉइन्ट किया था. बाद में रिक्कू और 8-10 प्रोड्यूसर्स ने मिलकर गोविंदा के खिलाफ एक ग्रुप बना लिया. उन्होंने स्क्रीनप्ले में पन्ने जोड़े, लेकिन उन फिल्मों में से कोई भी फिल्म बनी ही नहीं.’
माधुरी ने गोविंदा संग काम करने से किया था मना
पहलाज निहलानी ने फिल्म का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन उन्होंने इशारा किया कि उन्होंने माधुरी दीक्षित को गोविंदा के अपोजिट अपनी फिल्म ‘इल्जाम’ में लीड रोल ऑफर किया था, जो गोविंदा के करियर की दूसरी फिल्म होने वाली थी. लेकिन माधुरी ने उनके साथ काम करने से इनकार कर दिया. इसके बाद पहलाज ने माधुरी की जगह नीलम कोठारी को कास्ट करने का फैसला किया जो एक बड़ा रिस्क था, लेकिन यह दांव काफी फायदेमंद साबित हुआ, क्योंकि ‘इल्जाम’ बॉक्स ऑफिस पर हिट रही और नीलम रातों-रात स्टार बन गईं.
माधुरी दीक्षित की जगह नीलम कोठारी को किया कास्ट
पहलाज निहलानी ने बताया, ‘मैंने माधुरी की जगह नीलम कोठारी को लिया. मैंने माधुरी को एक और फिल्म ऑफर की आग ही आग. लेकिन जो भी फिल्में माधुरी कर रही थीं, वे बंद हो जाती थीं. फिर मैंने आग ही आग में भी नीलम को कास्ट किया. उसके बाद मैंने पाप की दुनिया बनाई, उसमें भी नीलम के साथ काम किया.’
फ्लॉप होने लगी थीं माधुरी दीक्षित की सारी फिल्में
नीलम को पहलाज के साथ लगातार तीन हिट फिल्में मिलीं, जबकि माधुरी बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष कर रही थीं. इस पर फिल्ममेकर ने माना कि वह परेशान हो गए थे. उन्होंने कहा, ‘फिर मुझे गुस्सा आ गया कि मैं जो भी फिल्म माधुरी को ऑफर कर रहा था, वह मना कर रही थीं और रिक्कू हमेशा कोई न कोई बहाना बना रहा था. तब मैंने एक इंटरव्यू में उन दोनों को लेकर कोर्ट मार्शल कर दिया. माधुरी की सारी फिल्में या तो बंद हो रही थीं या फ्लॉप हो रही थीं. लेकिन मेरी तीनों फिल्में उसी समय गोल्डन जुबली साबित हुईं.
‘तेजाब’ फिल्म साबित हुई टर्निंग पॉइंट
हालात जल्द ही बदल गए जब रिक्कू ने पहलाज निहलानी से माधुरी के लिए एक फिल्म का मुहूर्त रखने की रिक्वेस्ट की. वह फिल्म ‘तेजाब’ निकली, जिसमें अनिल कपूर और चंकी पांडे भी थे. यह प्रोजेक्ट माधुरी के करियर का टर्निंग पॉइंट बना और इसके लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड के लिए नॉमिनेशन भी मिला. इसके बाद माधुरी ने गोविंदा के साथ ‘महासंग्राम’, ‘इज्जतदार’ और ‘पाप का अंत’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया था.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
First Published :
August 27, 2025, 07:10 IST





