द्वारका एक्सप्रेसवे दिल्ली खंड और अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 के बनने के बाद दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा को ही नहीं बल्कि दो ऐसे टियर टू शहरों को बड़ा फायदा मिलने जा रहा है जिनसे दिल्ली की दूरी अब घंटों के बजाय मिनटों में सिमट जाएगी. लिहाजा आप इन शहरों में घर खरीदते हैं तो आपको एनसीआर के जाम में नहीं फंसना पड़ेगा और आपकी गाड़ी के साथ-साथ आपकी जिंदगी भी फर्राटा भरेगी.
गुरुग्राम और दिल्ली के जाम से दूर ये शहर है सोनीपत. गुरुग्राम के मुकाबले कीमतों में आधे लेकिन लाइफस्टाइल में लग्जरी घर या प्रॉपर्टी खरीदने के लिए यह बेस्ट जगहों में से एक बन गया है. ऐसा इसलिए भी है कि अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 से सोनीपत से दिल्ली आने के लिए अब 40 मिनट से भी कम समय लगेगा. इतना ही नहीं सोनीपत से सीधे कनॉट प्लेस के लिए आने वाली मेट्रो लोगों को 45 मिनट में सोनीपत से दिल्ली के दिल में उतार देगी. ऐसे में जाम के झंझट से दूर यह शहर रेजिडेंशियल, कॉमर्शियल और इंडस्ट्रियल सभी तरह की प्रॉपर्टी के लिए बेस्ट चॉइस बन रहा है.
बहादुरगढ़ के लिए सीधी कनेक्टिविटी
बता दें कि यहां पहले से ही बहादुरगढ़ का ब्रिगेडियर होशियार सिंह मेट्रो स्टेशन है जो दो इंटरचेंज कीर्ति नगर और इंद्रलोक के साथ दिल्ली के भीतरी इलाकों तक पहुंचता है. इतना ही नहीं एक और नई लाइन यहां प्रस्तावित है, जो आने वाले समय में इसे दिल्ली के और भी करीब कर देगी.
द्वारका एक्सप्रेसवे से पहले दिल्ली का द्वारका इलाका डीडीए की आवासीय परियोजनाओं के चलते अच्छा जरूर था लेकिन मुख्य शहर से दूरी की वजह से यह एकांत जैसा था. हालांकि अब द्वारका एक्सप्रेसवे का दिल्ली खंड शुरू होने के बाद इस इलाके की चमक मध्य दिल्ली से भी ज्यादा दिखाई दे रही है. वहीं दिल्ली में ट्रैफिक फ्री सफर का सपना भी पूरा हो रहा है. द्वारका में सिर्फ डीडीए ही नहीं बल्कि पूरे एक्सप्रेसवे के सहारे लग्जरी और प्रीमियम फ्लैट्स, विलाज और अपार्टमेंट्स की चेन ने वहां की तस्वीर ही बदल दी है. द्वारका अब गुरुग्राम, न्यू गुरुग्राम से नजदीकी के साथ ही एनसीआर में फैले मेट्रो, एक्सप्रेसवे के जाल से पूरी तरह कनेक्टेड है और यहां घर खरीदना फायदे का सौदा है.
ये भी पढ़ें
स्मार्टवर्ल्ड डेवलपर्स के प्रेसिडेंट,सेल्स एंड मार्केटिंग, आशीष जेरथ कहते हैं कि द्वारका एक्सप्रेसवे दिल्ली खंड और शहरी विस्तार रोड-II, दिल्ली-एनसीआर के बुनियादी ढांचे में एक क्रांतिकारी बदलाव का संकेत हैं.ये हाई-स्पीड कॉरिडोर भीड़भाड़ को काफी कम करने के साथ ही यात्रा के समय को कम करेंगे.ये सिर्फ दिल्ली, गुरुग्राम ही नहीं बल्कि सोनीपत, बहादुरगढ़ जैसे शहरों के लिए भी बुनियादी ढांचे को मजबूत कर वहां रियल एस्टेट में निवेश को बढ़ाएंगे.
अंसल हाउसिंग के डायरेक्टर कुशाग्र अंसल कहते हैं कि दिल्ली-एनसीआर में ट्रैफिक की समस्या हर रोज़ लाखों लोगों की दिनचर्या को प्रभावित करती है. ऐसे में अगर लोग अपने कार्यस्थल के नजदीक घर खरीदते हैं तो न सिर्फ समय की बचत होगी बल्कि जीवन की गुणवत्ता भी बेहतर होगी. नई इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं से दिल्ली से 30-40 किलोमीटर की दूरी पर स्थित शहरों को भी बड़ा फायदा मिलेगा.
सिक्का ग्रुप के चेयरमैन हरविंदर सिंह सिक्का ने कहा कि दिल्ली से सटे शहरों में अब आवासीय प्रोजेक्ट्स और कनेक्टिविटी दोनों तेजी से विकसित हो रहे हैं. पीएम मोदी द्वारा घोषित नई परियोजनाएं एनसीआर के होमबायर्स के लिए सुनहरा अवसर साबित होंगी.आने वाले समय में इन शहरों में घर खरीदना एक स्मार्ट और लंबी अवधि का निवेश होगा.





