Last Updated:
अच्युत पोतदार, ये नाम सुनते ही सबसे पहले 3 इडियट्स के प्रोफेसर की याद आती है. आमिर खान को क्लास से बाहर निकालने वाले प्रोफेसर अच्युत पोतदार ने 91 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया. बीते सोमवार 18 अगस्त को एक्टर का निधन हो गया.

अच्युत पोतदार के निधन से मनोरंजन जगत में शोक छा गया है. मराठी फिल्मों से लेकर बॉलीवुड तक और छोटे पर्दे तक अपने शानदार अभिनय से लोगों के दिलों पर राज करने वाले एक्टर की मौत के खबर से फैंस के बीच मातम पसर गया है.

आप उन्हें राजकुमार हिरानी की ब्लॉकबस्टर फिल्म 3 इडियट्स में सख्त लेकिन प्यारे इंजीनियरिंग प्रोफेसर के रूप में याद कर सकते हैं. वरिष्ठ मराठी अभिनेता अच्युत पोतदार ने पिछले कुछ दशकों में कई छोटे लेकिन महत्वपूर्ण किरदार निभाए.

18 अगस्त को अच्युत पोतदार का निधन हो गया. उन्होंने 91 साल की उम्र में दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया. एक्टर की मौत उनके जन्मदिन से 4 दिन पहले हुई. वो 22 अगस्त को अपना 92वां जन्मदिन मनाने वाले थे.

अभिनेता ने थाणे के जुपिटर अस्पताल में अंतिम सांस ली, जहां उन्हें स्वास्थ्य समस्याओं के कारण भर्ती कराया गया था. उनकी मृत्यु का सटीक कारण अभी तक सामने नहीं आया है. उनका अंतिम संस्कार 19 अगस्त को थाणे में होगा.

अभिनय की दुनिया में कदम रखने से पहले दिवंगत एक्टर अच्युत पोतदार ने भारतीय सेना में काम किया था. उन्होंने कई साल तक देश की सेवा की और 1967 में वो आर्मी से रिटायर हुए थे.

सेना से रिटायर होने के बाद उन्होंने इंडियन ऑयल कंपनी में 25 साल तक काम किया था. वो 58 साल की उम्र में 1998 में नौकरी से रिटायर हुए थे. IOC में काम करते हुए, पोतदार नाटकों में भाग लेते थे. अंततः, अभिनय के प्रति उनके जुनून ने उन्हें 1980 के दशक में फिल्मों और टेलीविजन की ओर खींचा, जिससे एक शानदार करियर की शुरुआत हुई जो चार दशकों से अधिक समय तक चला.

दिवंगत एक्टर ने ढलती उम्र में फिल्मों में कदम ऱखा और हिंदी और मराठी फिल्में मिलाकर उन्होंने 125 मूवीज में काम किया था. उनकी फिल्मोग्राफी में आक्रोश,अल्बर्ट पिंटो को गुस्सा क्यों आता है, अर्ध सत्य, तेजाब, परिंदा, राजू बन गया जेंटलमैन, दिलवाले, रंगीला, वास्तव, हम साथ साथ हैं, परिणीता, लगे रहो मुन्ना भाई, दबंग 2 और वेंटिलेटर जैसी क्रिटिक्स द्वारा सराही गई और कमर्शियल सक्सेस फिल्में शामिल हैं.

राजकुमार हिरानी की फिल्म 3 इडियट्स में अपने शानदार किरदार से अच्युत पोतदार दर्शकों के दिलों में अमर हो गए. इस फिल्म ने उन्हें वो पहचान दिलाई जिसे कोई कभी नहीं भूल पाएगा.
August 19, 2025, 13:16 IST





