Last Updated:
ये कहानी उस ‘विश्वसुंदरी’ की जिसने देश का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया. जन्म 9 दिसंबर 1981 में हुआ था. जब यह ‘विश्वसुंदरी’ फिल्मों में आई तो वहां भी अपनी खूबसूरती का जलवा बिखेरा. एक्ट्रेस ने बचपन से ही अजब उतार-चढ़ाव देखे. मां हिंदू थी. पिता ईसाई-मुस्लिम थे. ‘विश्वसुंदरी’ ने निजी जिंदगी में दो शादियां रचाईं हैं और शादी करते ही टीनेजर बेटी की मां बन गई.

2001 में आई फिल्म ‘रहना है तेरे दिल में’ की भोली रीना और मैडी की लव स्टोरी ने दर्शकों के दिल को छू लिया था. यह मूवी उस समय तो बॉक्स ऑफिस पर असफल रही थी लेकिन जब टीवी पर आई तो सुपरहिट रही. आज यह कल्ट फिल्म मानी जाती है. इसी फिल्म से एक्ट्रेस दीया मिर्जा और आर माधवन ने बॉलीवुड में एंट्री ली थी. दीया मिर्जा की निजी जिंदगी भी किसी फिल्म से कम नहीं है. शादी करते ही टीनेजर बेटी की मां बन गई थीं.

दीया की मां दीपा एक इंटीरियर डिजाइन थी. उन्होंने जर्मन बेस्ड आर्किटेस्ट फ्रैंक हैंडरिच से शादी की थी. जब दीया साढ़े चार साल की थीं तो उनके माता-पिता का तलाक हो गया. फिर उनकी मां ने हैदराबाद में अहमद मिर्जा से शादी की. दीया ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था, ‘जब मैं आठ साल की थी तो मेरे पिता फ्रैंक हैंडरिच का निधन हो गया. मेरी मां ने एक मुस्लिम से शादी की थी, जिन्हें मैं अब्बा कहती हूं. मैं उनके घर में पली-बढ़ी. मेरी मां बंगाली हैं तो दीवाली-दशहरा-दुर्गापूजा हम सब मनाते हैं. पिता फ्रैंक ईसाई थे तो क्रिसमिस-ईस्टर मनाया जाता था. ईद भी मनाई जाती थी. मजलिस में भी जाती थी.’ दीया मिर्जा के सौतेले पिता की मृत्यु 2003 में हो गई थी.

दीया मिर्जा के करियर की कहानी मां के साथ एक हुए झगड़े से शुरू हुई थी. उस वक्त वह सिर्फ 14 साल की थीं. दरअसल, दीया को महंगे जूते खरीदने थे तो मां ने कहा कि पैसे पेड़ पर नहीं उगते. यह बात दीया को चुभ गई. उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ मार्केटिंग का काम शुरू कर दिया. पैसे जुटाए. दीया ने गुस्से में मां से कहा था, ‘देखना! मैं खुद से पैसे कमाऊंगी. जब 18 साल की होऊंगी तो मेरी खुद की गाड़ी होगी. 21 साल की होऊंगी तो मेरा खुद का घर होगा.’

दसवीं की पढ़ाई पूरी करते ही दीया को मॉडलिंग के ऑफर मिले. फैशन शो में दो घंटे में ही अच्छे खासे पैसे मिले. मॉडलिंग असाइनमेंट से पैसे जोड़े. मार्केटिंग की. फिर 2000 में अचानक ‘मिस इंडिया’ प्रतियोगिता में भाग लेने का ऑफर आया. दीया के पिता ने उनका सपोर्ट किया और मुंबई जाने की इजाजत दी. इस प्रतियोगिता में दीया रनरअप रही. फिर उन्होंने 2000 में ही ‘मिस एशिया पैसाफिक’ का खिताब जीता. इसी साल लारा दत्ता मिस यूनिवर्स जबकि प्रियंका चोपड़ा ‘मिस वर्ल्ड’ चुनी गई थीं.

दीया ने 2001 में आई फिल्म ‘रहना है तेरे दिल में’ से बॉलीवुड में कदम रखा. उन्होंने दीवानापन, तुमको न भूल पाएंगे, दम, तुमसा नहीं देखा, ब्लैकमेल, परिणीता, अलग, कैश, दस कहानियां, जय-वीरू, हम तुम और घोस्ट जैसी फिल्मों में काम किया. उनकी ज्यादातर फिल्में फ्लॉप रहीं.

दीया मिर्जा ने 18 अक्टूबर 2014 में अपने बिजनेसपार्टनर साहिल सांघा से शादी रचाई थी. दोनों की पहली मुलाकात एक फिल्म के सिलसिले में हुई थी. कहानी का नाम था ‘कुछ इस तरह’. दीया ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था, ‘जब मैंने फोन पर उनकी आवाज सुनी तो दीवानी हो गई. मैं उनका चेहरा देखने के लिए बेताब हो गई. हालांकि वो फिल्म कभी बनी ही नहीं.’ साहिल सांघा सिख थे. दोनों 2009 से साथ थे. दोनों ने 2019 में तलाक ले लिया. दोनों ने तलाकी की वजह खुलकर नहीं बताई.

दीया मिर्जा ने फरवरी 2021 में बिजनेसमैन वैभव रेखी से हिंदू रीति-रिवाज से शादी रचाई थी. दोनों की ही यह दूसरी शादी थी. वैभव की पहली शादी से एक बेटी भी है. दीया मिर्जा दूसरी शादी से पहले ही प्रेग्नेंट हो गई थीं. शादी के कुछ समय बाद मई 2021 में एक्ट्रेस ने अपने बेटे को जन्म दिया. एक्ट्रेस ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उनकी सौतेली बेटी समायरा उन्हें मां नहीं बुलाती है. मुझे इससे कोई दिक्कत भी नहीं है. मुझे वो मेरे नाम से ही बुलाती है. ऐसे में मेरा बेटा अव्यान भी कई बार मुझे नाम से बुलाता है जो बहुत फनी लगता है.’
August 17, 2025, 14:09 IST





