जिला पुलिस ने 2 दिन में कार्रवाई के दौरान कुल 16 आरोपियों को दबोचा है. शनिवार को भी साइबर अपराध पर शिकंजा कसते हुए नूंह साइबर थाना पुलिस ने अलग – अलग मुकदमों में 7 आरोपियों को दबोच लिया. आरोपियों के खिलाफ चार मुकदमा दर्ज किए गए हैं. इनसे कुल 10 मोबाइल, 24 सिम, 11 एटीएम कार्ड, 6 पासबुक व 1 चैक बुक बरामद किया है.
वहीं नसीम पुत्र मुबीन निवासी अमीनाबाद फुंसेता थाना बिछौर जिला नूंह से 2 मोबाइल फोन, 2 सिम कार्ड और गुफरान पुत्र आसू निवासी काला खेड़ा साकरस थाना सदर फिरोजपुर झिरका जिला नूंह 3 फोन, 4 सिम व समीम पुत्र खलील, निवासी रनियाली थाना सदर फिरोजपुर झिरका, जिला नूंह से एक फोन, 2 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं. उप-पुलिस अधीक्षक मुख्यालय नूंह के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ देशभर से साइबर पोर्टल पर आई शिकायतें व तकनीकी इनपुट के आधार पर लोकेशन ट्रेस की गईं और टीमों ने दबिश देकर ये गिरफ्तारियां की है. यह गिरोह अलग – अलग फर्जी सिम, बैंक खातों/एटीएम और डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर आमजन से ठगी करता था.
एसपी राजेश कुमार के दिशा-निर्देश में साइबर अपराध के विरुद्ध सघन अभियान निरंतर जारी है. पकड़े गए सभी 7 आरोपियों को अदालत में पेश कर नियम अनुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. नूंह पुलिस की आमजन से अपील है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक, क्यूआर कोड पर जानकारी साझा न करें. ठगी की आशंका पर तत्काल हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाने में शिकायत दें. डीएसपी ने कहा कि अब पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट भी साइबर अपराधियों को जमानत मामले में गंभीर हो गया है. इससे भी साइबर अपराध की वारदातों को अंजाम देने वालों की कमर टूटेगी.





