नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार तड़के से शुरू हुई मूसलधार बारिश ने सुबह का हाल बेहाल कर दिया. आठ घंटे से ज्यादा चली बारिश ने सड़कों को पानी से भर दिया और ट्रैफिक को रेंगने पर मजबूर कर दिया. सबसे ज्यादा असर इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दिखा, जहां कई फ्लाइट्स देरी से रवाना हो रही हैं. वजह है एयरपोर्ट पहुंचने में क्रू और यात्रियों को परेशानी हो रही. टर्मिनल-1 के आसपास का ट्रैफिक जाम इतना भीषण है कि लोग एक-एक घंटे तक फंसे रहे. टैक्सी सर्विस प्रभावित हुई और कई कैब कंपनियों ने बुकिंग लेना बंद कर दिया. एयरपोर्ट अथॉरिटी ने यात्रियों से कहा है कि वे मेट्रो का इस्तेमाल करें और अगर सड़क से आ रहे हैं तो कम से कम एक घंटा अतिरिक्त समय लेकर निकलें.
मौसम विभाग ने दोपहर तक दिल्ली-एनसीआर के लिए रेड अलर्ट जारी किया था. लाजपत नगर, आरके पुरम, लोदी रोड, दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर समेत कई इलाकों में पानी भर गया है. वहीं, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी में बारिश के दौरान एक पेड़ गिरने से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी घायल हो गई.
आईएमडी के मुताबिक, आज दिन में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. जाफरपुर, नजफगढ़, द्वारका, दिल्ली कैंट, इंडिया गेट, अक्षरधाम, पालम, सफदरजंग, वसंत विहार, डिफेंस कॉलोनी, लाजपत नगर, वसंत कुंज, हौज खास, मालवीय नगर, महरौली, तुगलकाबाद, छतरपुर समेत कई इलाकों में फुहारें पड़ सकती हैं.
एनसीआर में बहादुरगढ़, गाजियाबाद, गुरुग्राम और छपरौला में भी बारिश की संभावना है. हरियाणा के हिसार, भिवानी, रोहतक और राजस्थान के झुंझुनू-पिलानी तक बादल बरस सकते हैं.





