विदेश » क्यों मैक्सिको में ड्रग कार्टेल एक के बाद एक फलते फूलते रहते हैं, गरीबों से मिलता है सपोर्ट

क्यों मैक्सिको में ड्रग कार्टेल एक के बाद एक फलते फूलते रहते हैं, गरीबों से मिलता है सपोर्ट

Facebook
Twitter
WhatsApp

मैक्सिको में पुलिस के साथ मुठभेड़ में वहां का कुख्यात ड्रग लॉर्ड नेमेसियो ओसेगुएरा सर्वेंटेस यानि एल मेनचो मारा गया. वह मैक्सिको के सबसे ताकतवर ड्रग कार्टेल सीजेएनजी का संस्थापक और सरगना था. उसकी मौत के बाद मैक्सिको में कुछ जगहों पर व्यापक हिंसा भड़क उठी. मैक्सिको के ये ड्रग कार्टेल और उनके प्रमुख लगातार चर्चा में रहते हैं. ऐसा लगता है कि इस देश में एक नहीं बल्कि कई ताकतवर ड्रग कार्टेल फलते -फूलते और काम करते रहते हैं. आखिर ऐसा क्यों होता है. क्यों मैक्सिको अपने ड्रग माफिया संगठनों और उनके बॉसेज की वजह से चर्चा में रहता है.

मैक्सिको में शक्तिशाली ड्रग कार्टेल्स के लगातार फलने-फूलने के पीछे कई जटिल सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और अंतर्राष्ट्रीय कारक जिम्मेदार हैं. ये समस्या आज की नहीं बल्कि दशकों पुरानी है, जो मैक्सिको की भौगोलिक स्थिति, अमेरिका में ड्रग्स की भारी मांग और आंतरिक भ्रष्टाचार से जुड़ी हुई है.

एल मेनचो के जालिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल यानि CJNG को मैक्सिको का सबसे शक्तिशाली और हिंसक कार्टेल माना जाता है. ये कार्टेल लीडर की मौत से भी कमजोर नहीं होते, बल्कि इनसे नए लीडर उभरते हैं और वो कहीं ज्यादा मजबूत हो जाते हैं.

कैसे मैक्सिको में शुरू हुए ड्रग कार्टेल

मैक्सिको के ड्रग कार्टेल्स की जड़ें 19वीं शताब्दी के अंत में हैं, जब मैक्सिको अमेरिका के लिए ड्रग्स का ट्रांजिट पॉइंट बना. 1870-1970 के बीच मैक्सिकन प्रवासियों ने अफीम और मारिजुआना की तस्करी शुरू की, जो अमेरिका में निषेध काल (प्रोहिबिशन) के दौरान बढ़ी.

1980 के दशक में कोलंबियन कार्टेल्स के पतन के बाद मैक्सिकन कार्टेल्स ने अंतर्राष्ट्रीय ड्रग ट्रेड में प्रमुख भूमिका निभानी शुरू कर दी. अमेरिका ने जब कैरिबियन रूट्स पर नजर रखनी शुरू की तो मैक्सिको की 2000 मील लंबी सीमा ड्रग तस्करी का मुख्य मार्ग बन गई.

मैक्सिकन कार्टेल बड़े पैमाने पर अमेरिका भेजते हैं ड्रग्स

आज भी मैक्सिकन कार्टेल्स अमेरिका में 90% कोकेन की आपूर्ति करते हैं, साथ ही हेरोइन, मेथाम्फेटामाइन और फेंटानिल जैसे सिंथेटिक ड्रग्स की भी. अमेरिका में ड्रग्स की जबरदस्त मांग है और ड्रग के नशे में डूबी एक बड़ी आबादी. इसकी वजह से ही ये कार्टेल्स फलते फूलते हैं. 2023 में अमेरिका में 48.5 मिलियन लोग नशे की लत से जूझ रहे थे. वहां ओवरडोज दर दुनिया में सबसे ऊंची है.

फेंटानिल का बोलबाला ज्यादा

इसमें फेंटानिल ड्रग सस्ता और घातक है, इसको मैक्सिको में क्लैंडेस्टाइन लैब्स में बनाया जाता है. CJNG जैसे कार्टेल्स इसे अमेरिका में चोरी चुपके भेजते हैं. एल मेनचो के CJNG ने फेंटानिल उत्पादन को बढ़ावा दिया, जिससे कार्टेल की कमाई अरबों डॉलर में पहुंच गई. उनकी मौत के बावजूद फेंटानिल का उत्पादन जारी रह सकता है.

रिश्वत लो या मर जाओ

दूसरा प्रमुख कारण मैक्सिको में जबरदस्त भ्रष्टाचार और कमजोर संस्थान हैं. कार्टेल्स अपनी विशाल कमाई का एक हिस्सा न्यायाधीशों, पुलिस और राजनेताओं को रिश्वत देने में इस्तेमाल करते हैं. वे ‘प्लाटा ओ प्लोमो’ की नीति अपनाते हैं यानि रिश्वत लो या मर जाओ. निचले स्तर की पुलिस से लेकर उच्च स्तर के अधिकारियों तक कार्टेल्स की पहुंच है, जिससे उन्हें कानूनी कार्यवाही से सुरक्षा मिलती है.

मैक्सिको में कार्टेल्स देश के एक-तिहाई क्षेत्र को नियंत्रित करते हैं, जहां वे ड्रग ट्रैफिकिंग के अलावा एक्सटॉर्शन, अपहरण, सेक्स ट्रैफिकिंग और मानव तस्करी जैसे अपराधों से कमाई करते हैं.

राजनीतिक बदलाव ने बढ़ावा दिया

राजनीतिक बदलाव ने इसे बढ़ावा दिया. 1929-2000 तक प्री के एकदलीय शासन में कार्टेल्स के साथ एक ‘संतुलन’ था, जहां वे सरकारी संरक्षण में काम करते थे. लेकिन 2000 में लोकतंत्र के आगमन के साथ पुराने समझौते टूट गए. अब कार्टेल्स ने हिंसा से अपना प्रभाव बढ़ाया. 2006 में राष्ट्रपति फेलिपे काल्डेरॉन द्वारा शुरू किए गए ‘ड्रग वॉर’ ने सैन्यीकरण को बढ़ावा दिया, हालांकि इससे कार्टेल्स और मजबूत हुए.

कैसे मजबूत हुआ एल मेनचो का कार्टेल

एल मेनचो जो पूर्व पुलिस अधिकारी था. उसने 2007 में CJNG की स्थापना की. उसने सिनालोआ कार्टेल से अलग होकर नया कार्टेल बनाया. मैक्सिको का सबसे हिंसक संगठन बन गया. सीजेएनजी ने सैन्य-शैली के हथियारों और निजी सेनाओं का इस्तेमाल किया. एल मेनचो ने प्रतिद्वंद्वी कार्टेल्स और सरकार पर हमले किए. उनकी मौत के बाद भी सीजेएनजी की क्षेत्रीय पकड़ मजबूत बनी हुई है, क्योंकि कार्टेल्स अब ड्रग्स के साथ क्षेत्रीय नियंत्रण पर फोकस कर रहे हैं.

कार्टेल्स बड़े पैमाने पर भर्ती करते हैं

तीसरा कारक गरीबी और असमानता है. मैक्सिको में गरीब क्षेत्रों में कार्टेल्स युवाओं को भर्ती करते हैं, उन्हें आय, पदोन्नति और सुरक्षा का वादा देते हैं. कार्टेल्स मैक्सिको के पांचवें सबसे बड़े नियोक्ता हैं. एल मेनचो एवोकाडो किसान था. उसने जालिस्को जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में अपने कार्टेल सीजेएनजी को मजबूत किया, जहां गरीबी ने लोगों को उनके संगठन में शामिल होने के लिए मजबूर किया. उसकी मौत के बाद हिंसा में शामिल कई युवा इन्हीं गरीब पृष्ठभूमि से हैं.

अमेरिकी सस्ते हथियार कार्टेल्स को ताकत देते हैं

चौथी वजह अमेरिका से हथियारों की तस्करी है. अमेरिका से सस्ते और शक्तिशाली हथियार जैसे हैंडगन और असॉल्ट राइफल्स मैक्सिको पहुंचते हैं, जो कार्टेल्स को सशस्त्र बनाते हैं. सीजेएनजी ने सैन्य-ग्रेड हथियारों का इस्तेमाल किया, जिससे वे सरकारी बलों से लड़ सके. एल मेनचो की मौत वाले ऑपरेशन में भी चार सीजेएनजी सदस्य मारे गए, तीन सैनिक घायल हुए, जो कार्टेल्स की सैन्य क्षमता को दिखाते हैं. इसके अलावा जब भी मैक्सिको की पुलिस किसी कार्टेल के लीडर को मारते या गिरफ्तार करते हैं, तब इसी कार्टेल के चार टुकड़े हो जाते हैं और चार लीडर बन जाते हैं. नए गुट और हिंसक होते हैं. एल मेनचो की मौत से सीजेएनजी में उत्तराधिकार संघर्ष हो सकता है, इससे नए कार्टेल उभरेंगे.

अब ड्रग्स के साथ कई और धंधों में भी पैर पसारे 

पांचवीं वजह ये भी है कि कार्टेल्स अब केवल ड्रग के धंधे तक सीमित नहीं हैं बल्कि वो अपने काम को पूरी दुनिया में फैला रहे हैं. कई तरह के काम कर रहे हैं – ईंधन चोरी, खनन से लेकर दूसरे आपराधिक काम. एल मेनचो ने अपने कार्टेल को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत किया. उसकी मौत के बाद भी कार्टेल की वैश्विक पहुंच बनी रही.

यानि कह सकते हैं कि अब ये केवल ‘ड्रग’ कार्टेल नहीं रहे. इन्होंने अपने व्यापार को फैला लिया. अब वो सिंथेटिक ड्रग्स की ओर जा रहे हैं तो जबरन वसूली, तेल चोरी, मानव तस्करी और यहां तक कि एवोकैडो और नींबू के व्यापार पर कब्जा कर रहे हैं.

लोगों की उनके प्रति सिंपैथी क्यों

कई गरीब इलाकों में कार्टेल्स केवल अपराधी नहीं, बल्कि ‘दाता’ की भूमिका निभाते हैं. वे सड़कें बनवाते हैं, गरीबों को खाना बांटते हैं और स्थानीय लोगों को रोजगार देते हैं. जब सरकार बुनियादी सुविधाएं देने में विफल रहती है, तो लोग कार्टेल्स के प्रति वफादार हो जाते हैं, जिससे उन्हें छिपने के लिए सुरक्षित ठिकाने और नई भर्ती के लिए युवा मिलते रहते हैं.

मैक्सिको में कितने ड्रग्स कार्टेल और कितने लोग

मैक्सिको में ड्रग कार्टेल्स की कुल संख्या और उनसे जुड़े लोगों की सटीक गिनती करना बहुत मुश्किल है. ये बड़े भी हैं और ढेर सारे छोटे छोटे भी. बड़े कार्टेल्स की संख्या आमतौर पर 6 से 10 के बीच बताई जाती है. अमेरिकी सरकार ने 2025 में 6 प्रमुख कार्टेल्स को आतंकवादी संगठन घोषित किया था. वैसे कुल सक्रिय कार्टेल्स और उनके गुटों की संख्या कई दर्जन से सैकड़ों तक पहुंच सकती है.

कुछ रिपोर्ट्स में 150 से ज्यादा छोटे-बड़े संगठनों का जिक्र है. शहरों में 28 तक. इनके कुल 160,000 से 185,000 सक्रिय सदस्य हो सकते हैं. इसमें फुल-टाइम, पार्ट-टाइम, असोसिएट्स, फेसिलिटेटर्स, हिटमैन, फार्मर्स, अकाउंटेंट्स आदि शामिल हैं. कार्टेल्स हर हफ्ते 350-370 नए सदस्य भर्ती करते हैं, क्योंकि मौत, गिरफ्तारी और गैंग छोड़ने से सदस्यों की संख्या कम भी होती रहती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share Market

Share Market

Gold & Silver Price

Should NEET exam be conducted again?

टॉप स्टोरी