मेकर्स के कहना है कि ‘द केरल स्टोरी 2- गोज बियॉन्ड सच्ची घटनाओं पर आधारित है. ट्रेलर में लड़कियों की जबरन धर्मांतरण के मामलों में फंसी पीड़ा को दिखाया गया है. हालांकि, कई दर्शकों और राजनीतिक नेताओं ने इसे ‘प्रोपगैंडा’ करार दिया है. अब केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने फिल्म की निंदा करते हुए एक बयान जारी किया है.
सीएम पिनाराई विजयन ने क्या कहा?
बुधवार को जारी एक बयान में मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कहा कि ‘द केरल स्टोरी’ का पहला भाग केरल के खिलाफ नफरत फैलाने और उसकी सेक्युलर परंपरा को कमजोर करने के इरादे से बनाई गई थी. उन्होंने कहा कि यह फिल्म झूठ, नफरत और केरल विरोधी प्रोपेगेंडे से भरी हुई थी, जिसे राज्य के लोगों ने खारिज कर दिया था. मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि जिस समाज में ‘बीफ’ जैसी फिल्म को फिल्म फेस्टिवल में दिखाने से रोक दिया गया, वहां समाज में विभाजन और नफरत फैलाने वाली ऐसी ‘जहरीली रचनाओं’ को प्रदर्शित करने की अनुमति कैसे दी जा रही है ? उन्होंने आरोप लगाया कि ये वही ताकतें हैं जो सहमति से हुई शादियों को भी सांप्रदायिक रंग देकर जबरन धर्मांतरण का झूठा प्रोपेगेंडा फैला रही हैं.
केरल की सेक्युलर नींव की रक्षा करें: सीएम
उन्होंने जोड़ा कि ‘ऐसी ताकतें’ केरल के प्रति शत्रुतापूर्ण हैं, जहां सांप्रदायिक दंगे नहीं होते और समुदायों के बीच आपसी सम्मान की परंपरा है. उन्हें ‘राज्य के दुश्मन’ बताते हुए, उन्होंने कहा कि वे ऐसी फिल्मों के माध्यम से क्षेत्र की शांति और सद्भाव को नष्ट करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने लोगों से एकजुट होकर इस तरह के प्रोपेगेंडे को अस्वीकार करने और केरल की सेक्युलर नींव की रक्षा करने की अपील की है.
क्या है फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2’ की कहानी?
विपुल अमृतलाल शाह द्वारा निर्मित और कामाख्या नारायण सिंह द्वारा निर्देशित इस फिल्म का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ है. ट्रेलर में तीन अलग-अलग कहानियों को दिखाया गया है, जो राजस्थान, मध्य प्रदेश और केरल से जुड़ी हुई हैं. पहली कहानी में एक 16 वर्षीय हिंदू लड़की के कथित तौर पर जबरन धर्मांतरण की शिकायत दर्ज कराने परिवार को दिखाया गया है. दूसरी कहानी मध्य प्रदेश की एक युवती की है, जिसे शादी के बाद धर्म बदलने के लिए मजबूर किया जाता है. तीसरी कहानी केरल की है, जहां एक मुस्लिम युवक अपनी हिंदू प्रेमिका से लिव-इन रिलेशनशिप की बात करता है, लेकिन धर्मांतरण न करने पर स्थिति बिगड़ जाती है. फिल्म में उल्का गुप्ता, आदिति भाटिया और ऐश्वर्या ओझा मुख्य भूमिकाओं में हैं.
निर्माता विपुल शाह का बयान
फिल्म के निर्माता विपुल अमृतलाल शाह ने फिल्म का बचाव करते हुए कहा है कि यह भारतीय कानूनी व्यवस्था के वास्तविक मामलों पर आधारित है. हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में उन्होंने बताया, ‘हमने करीब छह से सात महीने तक रिसर्च किया. हम विभिन्न पीड़ितों और उनके परिवारों से मिले. हमने अदालती आदेशों, पुलिस रिकॉर्ड और एफआईआर को देखे. यह फिल्म तीन लड़कियों की कहानी है, लेकिन इसमें कई अन्य पीड़ित लड़कियों की जिंदगी की झलक भी है.’
पहली फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन और विवाद
पहली फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ 2023 में रिलीज हुई थी, जिसमें अदा शर्मा ने मुख्य भूमिका निभाई थी. यह फिल्म अपनी कंट्रोवर्शियल कहानी को लेकर सुर्खियों में रही थी, जिसमें दावा किया गया था कि केरल से 32,000 लड़कियां गायब हो गईं और आतंकी संगठन ISIS से जुड़ गईं. केरल सरकार ने इस आंकड़े का विरोध किया था. इसके बावजूद, यह फिल्कम बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही और 20 करोड़ के बजट में दुनियाभर में 300 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई करने में सफल रही. फिल्म को दो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिले थे.





