Last Updated:
हाल में मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ को लेकर खूब विवाद हुआ. फिल्म का इतना विरोध हुआ कि मामाल कोर्ट पहुंचा और मेकर्स को फिल्म का कंटेंट सभी प्लेटफॉर्म्स से हटाना पड़ा. अब फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ का विरोध हो रहा है. पहले सड़कों पर फिल्म के खिलाफ प्रदर्शन हुआ और इसके बाद मेकर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई.

फिल्म ‘यादवजी की लव स्टोरी’ का पोस्टर.
नई दिल्ली. नेटफ्लिक्स ऑरिजनल फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ का विवाद थमने के बाद फिल्म ‘यादवजी की लव स्टोरी’ को लेकर विवाद शुरू हो गया है. मनोज बाजपेयी की फिल्म का ब्राह्मण समुदाय से आने वाले लोगों ने विरोध किया था. मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, तो मेकर्स ने फिल्म बदलने और अनाउंसमेंट टीजर को हटाने का आश्वासन दिया. अब उत्तर प्रदेश में ‘यादव जी की लव स्टोरी’ फिल्म को लेकर लोगों में काफी आक्रोश है. पहले सड़क पर विरोध-प्रदर्शन तक सीमित यह मामला अब कानूनी मोड़ ले चुका है. यादव समुदाय के लोगों ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक और मुख्य कलाकारों के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है.
इस कार्रवाई के बाद विवाद और ज्यादा चर्चा में आ गया है. जानकारी के अनुसार, एफआईआर बुधवार को संभल जिले की तहसील गुन्नौर के थाना धनारी में दर्ज की गई. शिकायत गांव भकरौली निवासी अरविंद कुमार ने दर्ज कराई, जो दो दर्जन से ज्यादा लोगों के साथ थाने पहुंचे. शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि फिल्म का नाम और उसकी कहानी यादव समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली है. उनका कहना है कि फिल्म में समाज को गलत तरीके से दिखाया गया है, जिससे पूरे समुदाय की छवि खराब हो सकती है. इसी आधार पर उन्होंने फिल्म की रिलीज पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है.
पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर में चार लोगों को नामजद किया गया है. इनमें फिल्म के निर्माता संदीप तोमर, निर्देशक अंकित भड़ाना, मुख्य अभिनेत्री प्रगति तिवारी और अभिनेता विशाल मोहन शामिल हैं. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
दरअसल, ‘यादव जी की लव स्टोरी’ को लेकर बीते कुछ दिनों से संभल और आसपास के इलाकों में विरोध प्रदर्शन हो रहे थे. यादव समुदाय के लोगों का कहना है कि फिल्म का शीर्षक ही आपत्तिजनक है और जानबूझकर एक खास समाज को निशाना बनाया गया है. प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर उतरकर फिल्म के पोस्टर जलाए, उन्हें पैरों से रौंदा और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की.
कई जगहों पर सिनेमा हॉल संचालकों को भी चेतावनी दी गई थी कि अगर फिल्म रिलीज की गई, तो विरोध और तेज किया जाएगा. इस पूरे विवाद के बीच फिल्म 27 फरवरी को रिलीज होने वाली है.
About the Author
रमेश कुमार, सितंबर 2021 से न्यूज 18 हिंदी डिजिटल से जुड़े हैं. इससे पहले एबीपी न्यूज, हिंदीरश (पिंकविला), हरिभूमि, यूनीवार्ता (UNI) और नेशनल दुनिया में काम कर चुके हैं. एंटरटेनमेंट, एजुकेशन और पॉलिटिक्स में रूच…और पढ़ें
New Delhi,Delhi
February 19, 2026, 07:16 IST





