Last Updated:
Queensland Museum Heist: क्वींसलैंड पुलिस ने कैबुलचर म्यूजियम से मिस्र की प्राचीन कलाकृतियां चुराने वाले 52 वर्षीय चोर को गिरफ्तार कर लिया है. चोर ने 2600 साल पुरानी बिल्ली की मूर्ति और 3300 साल पुराना हार चुराया था. पुलिस ने पीछा कर रसेल द्वीप से आरोपी को पकड़ा और एक कैंपर वैन से वेनेजुएला के झंडे में लिपटे ममी मास्क सहित सभी कीमती सामान बरामद किए.

क्वींसलैंड पुलिस ने नाकाम की ‘ममी मास्क’ की चोरी. (Photo: Queensland Police)
ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड में एक ऐसी चोरी की घटना सामने आई है, जिसने हॉलीवुड फिल्मों की याद दिला दी. ब्रिस्बेन के उत्तर में स्थित कैबुलचर के ‘एबी म्यूजियम ऑफ आर्ट एंड आर्कियोलॉजी’ में शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे एक शातिर चोर ने सेंधमारी की. यह चोर म्यूजियम की खिड़की तोड़कर प्राचीन मिस्र (Ancient Egypt) के बेशकीमती और अनमोल कलाकृतियां लेकर फरार हो गया था. हालांकि, पुलिस ने महज दो दिनों के भीतर आरोपी को दबोच लिया है और चुराई गई ज्यादातर कलाकृतियां बरामद कर ली हैं.
52 वर्षीय आरोपी, जिसका कोई स्थायी ठिकाना नहीं था, शनिवार शाम को मोरेटन बे के रसेल द्वीप से गिरफ्तार किया गया. पुलिस को सबसे बड़ी कामयाबी तब मिली जब उन्होंने एक फेरी टर्मिनल पर खड़ी संदिग्ध कैंपर वैन की तलाशी ली. इस वैन के भीतर से चोरी हुए बेशकीमती आभूषण और प्राचीन वस्तुएं बरामद हुईं. पुलिस के लिए सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि चोर के पास से प्राचीन मिस्र के 26वें राजवंश की 2,600 साल पुरानी लकड़ी की बिल्ली की मूर्ति भी मिली है.
वेनेजुएला के झंडे में लिपटा मिला ममी मास्क
पुलिस द्वारा जारी किए गए फुटेज में देखा जा सकता है कि चोर ने इन अनमोल धरोहरों को बहुत ही अजीब तरीके से छिपाया था. म्यूजियम से चोरी किया गया ऐतिहासिक ‘ममी मास्क’ एक पुराने वाहन के अंदर वेनेजुएला के झंडे में लिपटा हुआ मिला. इन कलाकृतियों में 3,300 साल पुराना एक हार भी शामिल था. शुरुआती जांच में पता चला है कि इन ऐतिहासिक वस्तुओं को केवल मामूली नुकसान पहुंचा है, जो म्यूजियम प्रशासन के लिए राहत की बात है.
पुलिस ने 80 किलोमीटर तक किया पीछा
शुक्रवार सुबह हुई इस डकैती ने 2025 में पेरिस के लूवर म्यूजियम में हुई मशहूर चोरी की यादें ताजा कर दी थीं. पुलिस ने जांच के दौरान म्यूजियम से करीब 80 किलोमीटर दूर क्लीवलैंड फेरी टर्मिनल पर एक संदिग्ध वाहन को ट्रैक किया. इसी वाहन के अंदर से कलाकृतियों का जखीरा बरामद हुआ. इसके बाद रविवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. उस पर तोड़फोड़, चोरी और जानबूझकर संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए गए हैं.
सोमवार को होगी कोर्ट में पेशी
म्यूजियम प्रशासन ने इन कलाकृतियों की बरामदगी पर खुशी जताई है. ये कलाकृतियां न केवल बेशकीमती हैं बल्कि प्राचीन मिस्र के इतिहास को समझने के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती हैं. गिरफ्तार किए गए 52 वर्षीय शख्स को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस डकैती में कोई अंतरराष्ट्रीय गिरोह भी शामिल था या चोर ने अकेले ही इस दुस्साहिक वारदात को अंजाम दिया.
About the Author

दीपक वर्मा (Deepak Verma) एक पत्रकार हैं जो मुख्य रूप से विज्ञान, राजनीति, भारत के आंतरिक घटनाक्रमों और समसामयिक विषयों से जुडी विस्तृत रिपोर्ट्स लिखते हैं. वह News18 हिंदी के डिजिटल न्यूजरूम में डिप्टी न्यूज़…और पढ़ें
February 15, 2026, 19:55 IST





