Last Updated:
Russia Stabbing Case: रूस के बश्कोर्तोस्तान रिपब्लिक में एक यूनिवर्सिटी के विदेशी छात्रों के हॉस्टल के स्पोर्ट्स हॉल में शनिवार को चाकू से हमला हुआ, जिसमें कम से कम छह लोग, जिनमें एक भारतीय भी शामिल है, और दो पुलिस अफसर घायल हो गए. एक लड़का चाकू लेकर स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के डॉर्मिटरी में घुसा और वहां रह रहे छात्रों पर हमला कर दिया. उसने कई लोगों को चाकू मार दिया.

चाकूबाजी की घटना में एक भारतीय सहित 6 लोग जख्मी हुए हैं.
मॉस्को. रूस के बश्कोर्तोस्तान रिपब्लिक से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. वहां उफा स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में एक टीनएजर ने चाकू से हमला कर दिया. इस खौफनाक घटना में एक भारतीय छात्र समेत कम से कम 6 लोग घायल हो गए हैं. हमलावर ने बीच-बचाव करने आई पुलिस टीम को भी नहीं बख्शा. रिपोर्ट के मुताबिक, दो पुलिस अधिकारी भी चाकू लगने से जख्मी हुए हैं. यह घटना विदेशी छात्रों के हॉस्टल में बने स्पोर्ट्स हॉल में हुई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन वहां डर का माहौल है. भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.
हॉस्टल के स्पोर्ट्स हॉल में खूनी तांडव
प्रारंभिक रिपोर्टों के मुताबिक, हमलावर एक टीनएजर था जो हाथ में चाकू लेकर हॉस्टल में घुसा. उसने उफा की स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी की डॉर्मिटरी में रह रहे छात्रों को निशाना बनाया. यह हमला हॉस्टल के अंदर बने ‘Sports Hall’ में हुआ. हमलावर ने वहां मौजूद छात्रों पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया, जिससे अफरातफरी मच गई.
पुलिस पर भी वार, खुद को भी काटा
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हमलावर ने सरेंडर करने से मना कर दिया. उसने पुलिस टीम का विरोध किया और उन पर भी चाकू चला दिया. गृह मंत्रालय की प्रवक्ता मेजर जनरल इरिना वोल्क ने बताया कि इस दौरान दो पुलिसकर्मी घायल हो गए. पागलपन की हद पार करते हुए संदिग्ध ने खुद को भी चाकू मारकर घायल कर लिया.
भारतीय छात्र की हालत पर नजर
इस हमले ने वहां रह रहे विदेशी छात्रों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. घायलों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल है. कुल मिलाकर 8 लोग इस हमले में जख्मी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए ले जाया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आखिर इस हमले के पीछे का मकसद क्या था.
बच्चों के अस्पताल में भर्ती हुआ हमलावर
टेलीग्राम चैनल ‘112’ ने चश्मदीदों के हवाले से कहा कि पीड़ितों में कम से कम एक भारतीय था और दो हमलावर थे. जांच समिति ने मामले की जांच शुरू कर दी है. बाजा टेलीग्राम चैनल ने बताया कि हमलावर, जिसकी उम्र 15 साल है, को गंभीर हालत में बच्चों के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि चार छात्र और दो पुलिस अफसर स्थानीय क्लीनिकल अस्पताल में भर्ती हैं. चश्मदीदों ने रेन टीवी के हवाले से बताया कि ‘हर जगह खून था’. इसके अलावा एक वीडियो में घायल लोगों को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाते हुए दिखाया गया.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें
February 07, 2026, 22:30 IST





