Last Updated:
Mali News: अफ्रीका के माली में पांच भारतीय कामगारों का अपहरण हो गया है. यह घटना तब हुई है जब सूडान में भी एक भारतीय का अपहरण किया गया था. सूडान में ओडिशा के आदर्श बेहेरा को RSF मिलिशिया ने बंधक बना रखा है. दोनों घटनाओं ने अफ्रीकी देशों में भारतीयों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
सूडान के बाद अब माली में 5 भारतीयों का अपहरण. (सांकेतिक फोटो)अफ्रीका में भारतीयों की सुरक्षा को लेकर एक और चिंताजनक खबर सामने आई है. पश्चिमी अफ्रीकी देश माली में अज्ञात बंदूकधारियों ने पांच भारतीय नागरिकों का अपहरण कर लिया है. ये सभी एक बिजलीकरण परियोजना (Electrification Project) पर काम कर रहे थे. कंपनी और सुरक्षा सूत्रों ने इस घटना की पुष्टि की है. न्यूज एजेंसी AFP को दिए बयान में एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि गुरुवार को कोबरी (Kobri) इलाके के पास इन भारतीयों को अगवा किया गया. उन्होंने बताया कि ये सभी उस कंपनी के कर्मचारी थे जो माली में ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति परियोजना चला रही है.
कंपनी के एक प्रतिनिधि ने कहा, ‘हम पुष्टि करते हैं कि हमारे पांच भारतीय नागरिकों का अपहरण किया गया है. बाकी भारतीय कर्मचारियों को राजधानी बमाको (Bamako) सुरक्षित पहुंचा दिया गया है.’ फिलहाल किसी भी समूह ने इस अपहरण की जिम्मेदारी नहीं ली है. इस्लामिक स्टेट और अल कायदा जैसे समूह भी यहां सिर उठा रहे हैं. माली इन दिनों अशांति और आतंकी हिंसा से जूझ रहा है. यहां की सत्ता एक सैन्य जुंटा (Military Junta) के हाथों में है, जबकि देश के कई हिस्सों पर अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट से जुड़े जिहादी समूहों का प्रभाव है. ग्रुप फॉर द सपोर्ट ऑफ इस्लाम एंड मुस्लिम्स (JNIM) नाम का संगठन पूरे देश में ईंधन नाकेबंदी (Fuel Blockade) जैसी गतिविधियों से आम जनता को परेशान कर रहा है.
माली की घटना ने अफ्रीका में भारतीय कामगारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. क्योंकि कुछ ही दिन पहले सूडान से भी भारतीय नागरिक के अपहरण की खबर आई थी. सूडान में रैपिड सपोर्ट फोर्स (RSF) मिलिशिया ने ओडिशा के आदर्श बेहेरा को बंधक बना लिया. एक वीडियो में आदर्श दो हथियारबंद सैनिकों के बीच बैठे दिखते हैं. उनमें से एक उनसे पूछता है, ‘क्या तुम शाहरुख खान को जानते हो?’ जबकि दूसरा उन्हें कैमरे की ओर देखकर ‘डगालो गुड’ कहने के लिए कहता है. डगालो, यानी RSF प्रमुख मोहम्मद हामदान डगालो (हेमेती) का नाम.
36 वर्षीय आदर्श को अल-फशीर शहर से अगवा किया गया था. माना जा रहा है कि उन्हें RSF के गढ़ न्याला ले जाया गया है. परिवार ने बताया कि वे 2022 से सूडान की सुकराती प्लास्टिक फैक्ट्री में काम कर रहे थे और उनकी पत्नी व दो छोटे बेटे ओडिशा में हैं.

योगेंद्र मिश्र ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म में ग्रेजुएशन किया है. 2017 से वह मीडिया में जुड़े हुए हैं. न्यूज नेशन, टीवी 9 भारतवर्ष और नवभारत टाइम्स में अपनी सेवाएं देने के बाद अब News18 हिंदी के इंटरने…और पढ़ें
योगेंद्र मिश्र ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म में ग्रेजुएशन किया है. 2017 से वह मीडिया में जुड़े हुए हैं. न्यूज नेशन, टीवी 9 भारतवर्ष और नवभारत टाइम्स में अपनी सेवाएं देने के बाद अब News18 हिंदी के इंटरने… और पढ़ें
November 08, 2025, 07:48 IST





