Last Updated:
Typhoon Halong Warning: मौसम जितना कहर साल 2025 में ढा रहा है, उतना शायद ही पहले कभी देखा गया हो. एक तूफान का कहर खत्म होता है कि दूसरा आ जाता है. जापान के मुहाने पर एक और शक्तिशाली तूफान दस्तक दे रहा है, जिसे टाइफून नंबर 22 की कैटेगरी में रखा गया है.
तूफान के साथ बारिश की तबाही. Heavy Storm Alert: जापान की बाबा वेंगा कही जाने वाली मंगा आर्टिस्ट ने जुलाई में पूरे जापान में कयामत आने की बात कही थी. ऐसा तो नहीं हुआ लेकिन तब से वहां पर लगातार कुछ न कुछ आपदा आ ही रही है. फिलहाल जापान के मौसम विभाग (Japan Meteorological Agency) के मुताबिक यहां तूफान हैलोंग (Typhoon Halong) की आफत दस्तक दे चुकी है. बुधवार को सुबह 9 बजे तक ये कीई पेनेंसुला के पास प्रशांत महासागर में सक्रिय था और यह उत्तर दिशा में 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है.
हैलोंग है -टाइफून नंबर 22
8 अक्टूबर सुबह 9 बजे तक टाइफून नंबर 22, हैलोंग को जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने बेहद शक्तिशाली तूफान की श्रेणी में रखा है. यह तूफान जापान के दक्षिण में समुद्र के ऊपर उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है और इसका आई यानी केंद्र बहुत स्पष्ट दिखाई दे रहा है. एजेंसी के मुताबिक यह तूफान आज रात ईज़ू आईलैंड्स के करीब पहुंचेगा और 9 अक्टूबर को हाचीजोजिमा और आओगाशिमा जैसे दक्षिणी द्वीपों से टकरा सकता है. इससे भयंकर हवाएं और मूसलाधार बारिश होने की संभावना है, जो इमारतों को नुकसान पहुंचा सकती है.
भयानक हवाएं और तेज बारिश
हवा की गति 50 मीटर प्रति सेकंड यानि लगभग 180 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि झोंके 70 मीटर प्रति सेकंड यानि 250 किमी/घंटा तक जा सकते हैं. तूफान के दौरान लहरों की ऊंचाई 9 मीटर से अधिक होने की संभावना है. तटीय इलाकों जैसे कांतो क्षेत्र और कीई प्रायद्वीप में भी 4 से 6 मीटर ऊंची लहरें और उच्च ज्वार की चेतावनी दी गई है. भारी बारिश को लेकर भी प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है. ईज़ू द्वीपों में प्रति घंटे 80 मिलीमीटर से अधिक बारिश और कुल वर्षा 200 मिलीमीटर तक पहुंच सकती है. इससे बाढ़, भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव का खतरा है.
मौसम विभाग का कहना है कि तूफान 10 अक्टूबर तक जापान के पूर्वी तट से होकर गुजरेगा और 11 अक्टूबर तक यह एक सामान्य चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घरों में सुरक्षित रहें, मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखें और आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करें.
News18 में Offbeat डेस्क पर कार्यरत हैं. इससे पहले Zee Media Ltd. में डिजिटल के साथ टीवी पत्रकारिता भी अनुभव रहा है. डिजिटल वीडियो के लेखन और प्रोडक्शन की भी जानकारी . टीवी पत्रकारिता के दौरान कला-साहित्य के सा…और पढ़ें
News18 में Offbeat डेस्क पर कार्यरत हैं. इससे पहले Zee Media Ltd. में डिजिटल के साथ टीवी पत्रकारिता भी अनुभव रहा है. डिजिटल वीडियो के लेखन और प्रोडक्शन की भी जानकारी . टीवी पत्रकारिता के दौरान कला-साहित्य के सा… और पढ़ें
October 08, 2025, 12:17 IST





